Mumbai Indian Captain Jasprit Bumrah Statement After Win: आईपीएल 2026 (IPL 2026) का एक बेहद ही रोमांचक मुकाबला बीते गुरुवार (14 मई) को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस (PBKS vs MI) के बीच धर्मशाला में खेला गया. जहां मुंबई की टीम बुमराह की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गेंद शेष रहते छह विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. गेंदबाजी में जहां शार्दुल ठाकुर का जलवा रहा. वहीं बल्लेबाजी में तिलक वर्मा ने 75 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर ही वापिस लौटे. मैच के बाद कैप्टन बुमराह ने इन दोनों खिलाड़ियों की जमकर सराहना भी की. उनसे जब मैच की टर्निंग पॉइंट के बारे में बात किया गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि तिलक की पारी और शार्दुल की गेंदबाजी, दोनों श्रेय के बराबर हकदार हैं. मैच के दौरान तिलक ने अपनी भावनाओं को काबू में रखा और शेप बनाए रखा. उन्हें खुद पर काफी विश्वास था.'
छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए विल जैक्स ने भी महज 10 गेंदों में नाबाद 25 रनों की बेशकीमती पारी खेली. बुमराह ने उनकी सराहना करते हुए कहा, 'विल जैक्स ने भी अच्छा योगदान दिया. अच्छा लग रहा है कि हर किसी ने जीत में योगदान दिया है. कप्तानी के अनुभव का जहां तक सवाल है तो मैंने टेस्ट मैच में टीम की अगुवाई की है. T20 में भी कप्तानी की है. हंसते हुए अब केवल वनडे में कप्तानी करनी बाकी रह गई है. मजाक को छोड़ कर कहें तो कप्तानी करते हुए मैंने खूब इंज्वॉय किया.'
मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो धर्मशाला में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए प्रभसिमरन सिंह ने 32 गेंदों में 57 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए अजमतउल्लाह ओमरजई ने 38 रनों का योगदान दिया.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 201 रनों के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस की टीम ने 19.5 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर आसानी से प्राप्त कर लिया. टीम के लिए तिलक वर्मा ने 75 रनों की सर्वाधिक नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा रिकल्टन ने 23 गेंदों में 48, जबकि विल जैक्स ने 10 गेंदों में नाबाद 25 रनों का योगदान दिया.
यह भी पढ़ें- PBKS vs MI: हार से अलग पंजाब के माथे पर लगा और बड़ा धब्बा, वेस्टइंडीज भी छूट गया पीछे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं