Virat kohli on franchise's shoot: हाल ही में पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने लंबे समय बाद आरसीबी के पोडकास्ट में मशहूर एंकर मयंती लैंगर के साथ कई मुद्दों पर अपने दिल की बात कही. बातचीत में कोहली का खुद को कसौटी पर कसे जाने की बात पसंद न आने सहित कई ऐसे विषय रहे, जो फैंस के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं. इसी पोडकास्ट में विराट ने विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइज़ियों के सोशल मीडिया टीमों द्वारा खिलाड़ियों को रिकॉर्ड किए जाने को लेकर अपनी असहजता जाहिर की है. खासकर तब जब वे दूसरे खिलाड़ियों के साथ निजी बातचीत कर रहे होते हैं या ट्रेनिंग सेशन कर रहे होते हैं. विराट ने कहा कि टीमों की सोशल मीडिया यूनिट्स द्वारा बनाए जाने वाले कंटेंट को लेकर कुछ संतुलन, नियंत्रण जरूर होना चाहिए.
कोहली ने कहा, 'आप प्रैक्टिस के लिए जाते हैं और छह कैमरे आपके पीछे चल रहे होते हैं. यह बिल्कुल भी आरामदायक महसूस नहीं होता. एक खिलाड़ी के तौर पर आपको अपने खेल पर शांति से काम करने की आजादी होनी चाहिए. अगर आप जो भी करते हैं, वह हर समय फिल्माया जा रहा है या दिखाया जा रहा है, या उसकी समीक्षा की जा रही है, तो आप स्वाभाविक नहीं रह पाते. मैं प्रैक्टिस में वो चीजें ट्राई नहीं कर पाऊंगा, जो मैं वास्तव में करना चाहता हूं, क्योंकि मुझे पता है कि अगर कोई उसे फिल्म कर ले और अगले दिन उस पर चर्चा होगी.'
इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा, 'आप मुझे सिर्फ मैच में मेरे प्रदर्शन के आधार पर जज करें, तैयारी के दौरान नहीं. किसी को यह अधिकार नहीं है कि वह मेरे प्रैक्टिस में किए जाने वाले प्रयोगों पर मुझे जज करे.' कोहली ने टीमों की सोशल मीडिया यूनिट्स से अपील की कि वे यह समझें कि पर्दे के पीछे कितना और कब रिकॉर्ड करना चाहिए. कोहली ने कहा, 'मुझे लगता है कि इसमें थोड़ा और संतुलन होना चाहिए कि कितना शूट करना है, कब करना है, क्या खिलाड़ी हर समय रिकॉर्ड होने में सहज है या नहीं. इन चीजों पर ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि यह बहुत ज्यादा हो जाता है.' पूर्व कप्तान ने कहा, 'मुझे खेल का दबाव पसंद है, लेकिन मैं ईमानदारी से कहूं तो बाकी किसी चीज का दबाव पसंद नहीं. सोशल मीडिया टीमों के लिए फैन एंगेजमेंट और व्यावसायिक वजहों से जरूरी है, यह समझ में आता है, लेकिन इसमें थोड़ा संतुलन जरूरी है, क्योंकि यह सब शुरुआत से ऐसा नहीं था, बल्कि IPL के शुरू होने के काफी समय बाद यह चीज बढ़ी है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं