Ishan Kishan Grand Salute to Jasprit Bumrah; IND vs ENG T20 WC 2026 Semi-Final: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार की शाम जब टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पटखनी देकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में कदम रखा, तो पूरा देश जश्न में डूब गया. लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया. यह तस्वीर थी टीम इंडिया के विकेटकीपर ईशान किशन द्वारा दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को दिया गया वो जादुई 'सैल्यूट' जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वानखेड़े की पिच पर जब इंग्लैंड के बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब गेंद जसप्रीत बुमराह के हाथों में थी. बुमराह ने न केवल मैच जिताया, बल्कि अपने करियर का वो मील का पत्थर भी छू लिया जिसे दुनिया के महानतम गेंदबाज ही छू पाते हैं.
मैच खत्म होते ही ईशान किशन ने जिस अंदाज में बुमराह को 'ग्रैंड सैल्यूट' किया, उसने यह बता दिया कि इस खास जीत में बुमराह का किरदार कितना बड़ा रहा.

Photo Credit: @mufaddal_vohra
Ishan Kishan with Jasprit Bumrah 💙pic.twitter.com/9sl1uIaR8R
— Ishan's (@Ishanworld32) March 5, 2026
500 इंटरनेशनल विकेट, दिग्गजों के क्लब में 'जस्सी' की एंट्री
इंग्लैंड की पारी के पांचवें ओवर की पहली ही गेंद पर विकेट चटकाते ही बुमराह ने इतिहास रच दिया. 23 जनवरी 2016 को सिडनी में डेब्यू करने वाले बुमराह अब 500 अंतर्राष्ट्रीय विकेट लेने वाले 8वें भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. अब बुमराह का नाम अनिल कुंबले, अश्विन, हरभजन, कपिल देव, जडेजा, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ जैसे महान खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शुमार हो गया है.
वो 18वां ओवर... जिसने इंग्लैंड की 'कमर' तोड़ दी
मैच एक समय फंसा हुआ था, लेकिन बुमराह ने अपने स्पेल के 18वें ओवर में जो जादू दिखाया, उसने मैच का पासा ही पलट दिया. उस निर्णायक ओवर में बुमराह ने सिर्फ 6 रन दिए, जिसने इंग्लैंड को पूरी तरह मैच से बाहर धकेल दिया. इस वर्ल्ड कप में बुमराह का प्रदर्शन किसी चमत्कार से कम नहीं रहा है 6 मैचों में अब उनके नाम 10 विकेट हो चुके हैं, जिसमें सेमीफाइनल में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का बेशकीमती विकेट भी शामिल है.
ईशान का सैल्यूट और फैंस का प्यार
जैसे ही मैच भारत की मुट्ठी में आया, ईशान किशन दौड़कर बुमराह के पास पहुंचे और उन्हें सम्मान में 'सैल्यूट' किया. यह वीडियो और फोटो अब इंटरनेट पर वायरल हो रही है. कप्तान सूर्यकुमार यादव भी बुमराह की इस जादुई गेंदबाजी के मुरीद दिखे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं