विज्ञापन

T20 World Cup 2026: पावर प्ले में पावर दिखाओ, टॉप-3 में से एक लंबा खेले...ईशान किशन ने बताया क्या है पाक की कुटाई का 'गंभीर' प्लान

Ishan Kishan on Powerplay Plan; IND vs PAK T20 World Cup 2026: ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले टीम कोच गौतम गंभीर के उस रणनीति का खुलासा किया है जो पाक के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार साबित होगा.

T20 World Cup 2026: पावर प्ले में पावर दिखाओ, टॉप-3 में से एक लंबा खेले...ईशान किशन ने बताया क्या है पाक की कुटाई का 'गंभीर' प्लान
Ishan Kishan on Powerplay Plan; IND vs PAK T20 World Cup 2026: ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कोच गौतम गंभीर के रणनीति का खुलासा किया है

Ishan Kishan on Powerplay Plan vs Pakistan; T20 World Cup 2026: ICC टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत की शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि टीम की रणनीति पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत करने और बड़े स्कोर की नींव रखने पर आधारित है. गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईशान किशन ने इसी सोच को शानदार तरीके से फिर से दोहराया. उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए नामीबिया के खिलाफ भारत की 93 रन की रिकॉर्ड जीत की बुनियाद रखी. अपनी पारी में ईशान ने छह चौके और पांच छक्के जड़े. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने पहले छह ओवर में 86 रन बना डाले, जो इस टूर्नामेंट में पावरप्ले के दौरान टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा.

हालांकि मध्य ओवरों में टीम को थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा और 209 रन तक पहुंचने के दौरान दो झटके भी लगे, लेकिन शुरुआती बढ़त इतनी मजबूत थी कि मुकाबला पूरी तरह भारत के पक्ष में रहा. पावरप्ले के आखिरी ओवर में ईशान ने लगातार चार छक्के और एक चौका लगाकर 28 रन बटोरे. भारत ने केवल 6.5 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए, जो इस प्रतियोगिता में सबसे तेज टीम शतक का नया रिकॉर्ड है.

ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कहा

मैच के बाद ईशान ने कहा कि टीम की कोशिश रहती है कि पावरप्ले का अधिकतम फायदा उठाया जाए. उनका मानना है कि हालात हर मैच में अलग होते हैं, इसलिए विकेट, गेंदबाज और परिस्थितियों को जल्द समझना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह सिंगल लेकर दूसरे बल्लेबाज को स्ट्राइक देने में भी संकोच नहीं करेंगे, क्योंकि टीम की जरूरत सबसे ऊपर है.

ईशान के अनुसार शीर्ष तीन बल्लेबाजों में से किसी एक को लंबी पारी खेलनी चाहिए, ताकि बड़े स्कोर की नींव मजबूत रहे. उन्होंने माना कि अब वह पहले से अधिक परिपक्व हो चुके हैं. पहले जहां वह ज्यादा मजाक-मस्ती करते थे, अब उनका पूरा ध्यान बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर है. मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल में निरंतर सुधार किया है.

साल 2026 ईशान किशन के लिए खास साबित हो रहा है. टीम में वापसी के बाद छह पारियों में उन्होंने 296 रन बनाए हैं. उनका औसत 49.33 और स्ट्राइक रेट 222.55 रहा है, जिससे वह इस समय भारत के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में गिने जा रहे हैं.

गौरतलब है कि वर्ष 2023 के एकदिवसीय विश्व कप में दो मैच खेलने के बाद वह टीम से बाहर हो गए थे और उनका केंद्रीय अनुबंध भी समाप्त हो गया था. लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने दोबारा राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com