विज्ञापन
This Article is From Feb 14, 2026

राहुल गांधी कब तक झूठ बोलोगे, किसानों पर झूठ फैला रहे... पीयूष गोयल की खरी-खरी

पीयूष गोयल ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है कि राहुल गांधी झूठा दावा करते हैं कि कांग्रेस शासन के दौरान उन्होंने आयात पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी. जबकि सच्चाई तो  यह है कि कांग्रेस सरकार में भारत ने लगभग 20 अरब डॉलर के कृषि उत्पाद आयात किए.

राहुल गांधी कब तक झूठ बोलोगे, किसानों पर झूठ फैला रहे... पीयूष गोयल की खरी-खरी
राहुल गांधी पर पीयूष गोयल का आरोप.
  • केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर किसानों को लेकर नकली और बनावटी कहानी पेश करने का आरोप लगाया है
  • उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील में किसानों के हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा है
  • पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के दावों को झूठा बताया और कहा कि सरकार ने सभी किसानों के हितों की रक्षा की है
नई दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर किसानों को लेकर बहुत बनावटी और नकली कहानी पेश करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि इस बार वह कुछ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के कंधों पर ऐसा कर रहे हैं, जो किसान नेता होने का नाटक कर रहे हैं. वह राहुल गांधी के झूठ का रियलिटी चेक करते हुए उन्हें और उनके दोस्तों को हमारे मासूम, मेहनती अन्नदाताओं को गुमराह करने के लिए बेनकाब करना चाहते हैं, जिनके हितों को मोदी सरकार ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील में पूरी तरह से सुरक्षित रखा है.

येे भी पढ़ें- नरवणे से ट्रेड डील पर कैसे शिफ्ट हुआ राहुल गांधी का फोकस, किसान पॉलिटिक्स को लेकर क्या रणनीति बना रही है कांग्रेस

राहुल गांधी कब तक झूठ बोलेंगे?

पीयूष गोयल ने कहा कि वह किसानों को पूरी तरह से सुरक्षित ऐसे ही नहीं कह रहे, बल्कि इसे रिकॉर्ड पर और पूरी ज़िम्मेदारी के साथ कह रहे हैं. सरकार ने सभी किसानों के हितों की रक्षा की है. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा समझौता है जो हमारे किसानों, मछुआरों, मेहनती युवाओं, MSMEs, स्टार्टअप्स की मदद करेगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जवाब दीजिए, कब तक झूठ बोलते रहोगे? किसको गुमराह कर रहे हो? क्यों देश के किसानों के साथ बेवफाई कर रहे हो?

राहुल स्क्रिप्ट के तहत कर रहे झूठे दावे

पीयूष गोयल ने कहा यह देखा जा सकता है कि किस तरह से राहुल गांधी माइक लेकर बातचीत रिकॉर्ड कर रहे हैं, ऐसा लगता है कि स्क्रिप्ट पहले से तय थी, क्योंकि उनके सभी दावे झूठे हैं. भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह पहले भी कई बार कह चुके हैं कि सोयामील और मक्का (यानी कॉर्न) पर किसी भी तरह की कोई छूट नहीं दी गई है, इसलिए इससे किसी भी किसान के हितों को कोई नुकसान नहीं पहुंच रहा है. राहुल बार-बार ये बात दोहराकर अपने झूठ से किसानों को डराने की कोशिश कर रहे हैं.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को विपक्ष किसान विरोधी करार दे रहा है. उसका आरोप है कि संयुक्त बयान में डील अमेरिका की तरफ झुकी नज़र आ रही थी और कृषि क्षेत्र से जुड़े आयात खुलने का जिक्र था. उसका आरोप है कि ट्रम्प के दबाव में पीएम मोदी ने सरेंडर कर देश के हितों से समझौता कर लिया.

राहुल गांधी पर किसानों को लेकर झूठ फैलाने का आरोप

पीयूष गोयल ने सेब को लेकर अपने 7 फरवरी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे सेब किसान भी पूरी तरह से सुरक्षित हैं. भारत पहले से ही हर साल करीब 5,50,000 टन सेब आयात कर रहा है, इसकी वजह मांग का हमारे उत्पादन से बहुत ज्यादा होना है. पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल के वीडियो में भी वही व्यक्ति ये कहता दिखाई दे रहा है कि भारत अपनी जरूरत का सिर्फ 80% ही उत्पादन करता है, हमने सेब के असीमित आयात की परमिशन नहीं दी है. हमने सिर्फ एक कोटा दिया है, जो हमारे वर्तमान आयात से काफी कम है, जिसकी परमिशन सिर्फ 80 रुपये प्रति किलो के न्यूनतम आयात मूल्य पर दी जाएगी.  इस पर 25 रुपये का टैक्स लगेगा, जिससे सेब की वर्तमान आयात लागत 75 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 105 रुपये हो जाएगी.

उन्होंने अखरोट के बारे में की गई टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि हम पहले से ही हर साल लगभग 60,000 मीट्रिक टन अखरोट आयात कर रहे हैं, जिसके बदले में हमने अमेरिका को सिर्फ 13,000 मीट्रिक टन का कोटा थोड़ी कम आयात शुल्क पर दिया है. केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि राहुल गांधी ये साफ करें कि इससे हमारे किसानों को किस तरह से नुकसान होगा.

पीयूष गोयल ने राहुल गांधी से मांगा जवाब

पीयूष गोयल ने इसे बहुत ही शर्मनाक बताते हुए कहा कि राहुल गांधी झूठा दावा करते हैं कि कांग्रेस शासन के दौरान उन्होंने आयात पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी. जबकि सच्चाई तो  यह है कि कांग्रेस सरकार में भारत ने लगभग 20 अरब डॉलर के कृषि उत्पाद आयात किए. कांग्रेस डेयरी उत्पादों के आयात की भी परमिशन दे रही थी. उन्होंने राहुल गांधी से जावाब मांगते हुए पूछा कि वह कब तक झूठ बोलते रहेंगे और वह किसको गुमराह कर रहे हैं. 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुके हैं. वह झूठी, निराधार और मनगढ़ंत कहानियां बनाकर झूठ फैला रहे हैं. जबकि पीएम मोदी हमेशा किसानों के हितैषी रहे हैं और उन्होंने किसानों की मदद के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं. वे हमेशाकिसानों के हितों और राष्ट्र की तरक्की की रक्षा करेंगे.किसान सुरक्षित है तो देश विकसित होगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Piyush Goyal, Rahul Gandhi, India US Trade Deal, Indian Farmers, Rahul Gandhi On Farmers
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com