CSK vs SRH Match, IPL 2020: तीन बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2020 में अब तक अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन कर पाने में नाकाम रही है. टूर्नामेंट के पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद उसे लगातार अपने तीन मैचों में हार मिली है. टूर्नामेंट के अंतर्गत आज खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (CSK vs SRH) ने उसे सात रन से पराजित किया. मैच में चेन्नई के सामने जीत के लिए 165 रन का टारगेट था लेकिन टीम शुरुआत से ही लगातार विकेट गंवाती रही. एक समय तो 42 तक पहुंचते-पहुंचते टीम के चार विकेट गिर चुके थे. निर्णायक क्षणों में रवींद जडेजा (50 रन, 35 गेंदें, पांच चौके और दो छक्के) तथा कप्तान एमएस धोनी ने नाबाद 47 (36 गेंद, चार चौके, एक छक्का) बनाकर संघर्ष करने की भरपूर कोशिश की लेकिन टीम के कदम 20 ओवर में 5 विकेट पर 157 रन तक पहुंचकर रुक गए और मैच में उसे सात रन से हार का सामना करना पड़ा. सनराइजर्स की टीम के लिए टी नटराजन ने दो विकेट लिए जबकि भुवनेश्वर कुमार और अब्दुल समद के खाते में एक-एक विकेट आया. सनराइजर्स की टूर्नामेंट के चार मैचों में यह दूसरी जीत है जबकि चेन्नई को अब तक चार मैचों में केवल एक जीत ही नसीब हुई है. मैच में सनराइजर्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था.
युवा बल्लेबाज प्रियम गर्ग के अर्धशतक (नाबाद 51 रन, 26 गेंद, छह चौके और एक छक्का) की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 164 रन बनाए थे. सनराइजर्स टीम की शुरुआत खराब हुई और पहले ही ओवर में जॉनी बेयरस्टॉ (0) आउट हो गए. इसके बाद भी टीम के विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा. मनीष पांडे 29, कप्तान डेविड वॉर्नर 28 और केन विलियमसन 9 रन बनाकर आउट हो गए. इस समय ऐसा लग रहा था कि सनराइजर्स टीम बमुश्किल 140 के स्कोर तक ही पहुंच पाएगी लेकिन इस मौके पर दो युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और प्रियम गर्ग ने चेन्नई के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. इन दोनों ने खुलकर स्ट्रोक खेले. अभिषेक 24 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए. प्रियम ने नाबाद रहते हुए समद (नाबाद 8) के साथ मिलकर टीम को 164 रन तक पहुंचा दिया. चेन्नई के दीपक चाहर ने दो विकेट लिए जबकि शारदुल ठाकुर और पीयूष चावला ने एक-एक विकेट लिया.सनराइजर्स के लिए अर्धशतक जमाने वाले प्रियम गर्ग को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया...(Scorecard)