विज्ञापन

IPL 2026 के बुलेट ट्रेन: 150 किमी/घंटा+ रफ़्तार से गेंद डालकर ख़ौफ़ पैदा करनेवाले वाले गेंदबाज़, कौन तोड़ सकता है शॉन टेट का रिकॉर्ड?

IPL 2026's Bullet Train, who can break Shaun Tait's record: आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज़ रफ़्तार से गेंद डालने का रिकॉर्ड ‘द वाइल्ड थिंग’ के नाम से मशहूर एडिलेड एक्सप्रेस ऑस्ट्रेलियाई पेसर शॉन टेट के नाम है.

IPL 2026 के बुलेट ट्रेन: 150 किमी/घंटा+ रफ़्तार से गेंद डालकर ख़ौफ़ पैदा करनेवाले वाले गेंदबाज़, कौन तोड़ सकता है शॉन टेट का रिकॉर्ड?
IPL 2026's Bullet Train - bowler who creates fear by bowling at 150 km/h+

IPL 2026 के 74 में से 32 मैचों में अबतक बल्लेबाज़ों ने धूम मचा रखी है. इन मैचों में बल्लेबाज़ों ने 4 सेंचुरी और 30 हाफ़ सेंचुरी लगा दी है. कई बैटर्स 250 के स्ट्राइक रेट से भी बैटिंग करते नज़र आते हैं. लेकिन इन सबसे बीच कई गेंदबाज़ों ने भी अपनी स्पीड, इकॉनमी और स्ट्राइक रेट से अपना सिक्का जमा दिया है. इनमें कई गेंदबाज़ों की रफ़्तार का अलग ही जलवा दिखा है.    

वैसे तो आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज़ रफ़्तार से गेंद डालने का रिकॉर्ड  ‘द वाइल्ड थिंग' के नाम से मशहूर एडिलेड एक्सप्रेस ऑस्ट्रेलियाई पेसर शॉन टेट के नाम है. शॉन टेट ने 2011 में राजस्थान रॉयल्स के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स के ख़िलाफ़ जयपुर में 157.7 किमी/ घंटा की रफ़्तार से गेंद डालकर सबको चौंका दिया था. तब से लेकर 15 साल बीत गये मगर कोई टेट की रफ़्तार को छू भी नहीं पाया है. 

मौजूदा सीज़न में राजस्थान के ‘अरावली क्रिकेट अकादमी' के सिर्फ़ 23 साल के अशोक शर्मा ने गुजरात के लिए खेलते हुए 154.2 किमी/ घंटा से गेंद फेंककर सबको चौंका दिया. बड़ी बात ये है कि अशोक शर्मा ने एक ही ओवर में 150 किमी/ घंटा से ज़्यादा की रफ़्तार से दो गेंदें फेंक दीं. एक नज़र मौजूदा सीज़न के 5 ऐसे गेंदबाज़ों पर जिनकी गेंदें 150+ किमी/ घंटा की रफ़्तार से स्पीडगन का मीटर पीछे छोड़ चुकी हैं.  

1.  दांये हाथ के राजस्थान के पेसर अशोक शर्मा:  

3 साल के राजस्थान को कोलकाता ने 2022 में ही 55 लाख रुपये में खरीदा था. लेकिन इस बार गुजरात ने दांये हाथ के इस पेसर को ना सिर्फ़ 90 लाख रुपये में खरीदा मगर कोच आशीष नेहरा की अगुआई में कई मौक़े भी दिये. अबतक 6 मैचों में 10.9 की इकॉनमी से उन्होंने 6 विकेट भी झटके हैं. मगर उन्हें बड़ी शोहरत तब मिली जब उन्होंने गुजरात के लिए खेलते हुए ध्रुव जुरेल को एक ऐसी यॉर्कर डाली जिसकी रफ़्तार स्पीडगन पर 154.2 किमी/ घंटा दर्ज की गई. बड़ी बात ये है कि अशोक शर्मा के एक ही ओवर में उनकी दो गेंदें 150 किमी/ घंटा से ज़्यादा स्पीड से दर्ज की गईं. 

Latest and Breaking News on NDTV

वैसे गुजरात के कोच आशीष नेहरा की अगुआई में अशोक शर्मा अपनी लाइन-लेंथ और वैरिएशन पर ज़्यादा फ़ोसक कर रहे हैं. अशोक को लेकर नेहरा ने कहा,“अशोक के पास कुदरती रफ्तार है. हम उसे सिर्फ 155 kmph फेंकने वाली मशीन नहीं बनाना चाहते. सही लेंथ, सही टाइम पर यॉर्कर, और प्रेशर में दिमाग शांत रखना सिखा रहे हैं.”     

जयपुर में अशोक के अरावली क्रिकेट अकादमी के कोच जगसिमरन सिंह कहते हैं, “अशोक एक मामूली घर से आता है. उसके लिए इस अकादमी तक आ पाना ही बड़ा संघर्ष रहा है. उसके करियर के लिए उसके भाई को क्रिकेट खेलना छोड़ा ताकि घर में तंगी ना रहे. अशोक बहुत मेहनती है. वो यहां भी इस स्पीड से गेंद डालता रहा है. उसमें अपनी रफ़्तार बढ़ाने की क्षमता है. लेकिन जैसा कि नेहरा सर ने कहा है कि उन्हें अपने लाइन, लेंथ और वैरिएशन पर ज़्यादा फ़ोकस करनी चाहिए. फ़िटनेस रहेगी तो रफ़्तार मिल जाएगी.”

NDTV संवाददाता ने जगसिमरन से अरावली क्रिकेट अकादमी में पूछा कि क्या अशोक कभी 160 किमी/ घंटा की रफ़्तार को छू सकते हैं? जगमसिमरन दो शब्दों में आत्मविश्वास से जवाब देते हैं, “क्यों नहीं!”

2.    दक्षिण अफ़्रीकी स्पीडगन एनरिक नोकिया –

आईपीएल के 49 मैचों में अबतक 61 विकेट लेनेवाले दक्षिण अफ़्रीकी दांये हाथ के पेसर बार-बार 150 किमी/ घंटा की रफ़्तार से गेंद डालने की क्षमता रखते हैं. अपनी लेट स्विंग और बाउंसर्स के ज़रिये टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों ही फॉर्मैट में एनरिक नोकिया घातक गेंदबाज़ माने जाते हैं. लखनऊ ने उन्हें 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया है. लेकिन इस सीज़न वो अबतक सिर्फ़ 1 मैच में लखनऊ की नुमाइंदगी कर पाये हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

नोकिया ने इस सीज़न 151.6 किमी/ घंटा की रफ़्तार से गेंद डाली है. लेकिन 2020 में नोकिया ने 156.22 किमी/ घंटा की रफ़्तार से भी गेंद डाली है जो IPL के इतिहास की दूसरी सबसे तेज़ गेंद साबित हुई.

3.    साउथ अफ़्रीका एक्सप्रेस कगिसो रबाडा –

दक्षिण अफ़्रीका के ही धाकड़ पेसर कागिसो राबाडा 2017 से आईपीएल खेल रहे हैं और तकरीबन हर सीज़न 150 किमी/ घंटा की रफ़्तार से गेंद ज़रूर डालते हैं. मौजूदा सीज़न में उन्होंने 152.1 किमी/ घंटा की रफ़्तार से सूर्यकुमार यादव के बैट और पैड के बीच से गेंद निकालकर उनका मिडिल स्टंप उखाड़ दिया. 30 साल के राबाडा ने 6 साल पहले 2020 में दिल्ली के हैदराबाद के ख़िलाफ़ दुबई में 153.9 किमी/ घंटा की रफ़्तार से आईपीएल में अपनी सबसे तेज़ गेंद डाली थी.

4.    उत्तर प्रदेश की रफ़्तार कार्तिक त्यागी -  

उत्तर प्रदेश के हापुड़ के दांये हाथ के 25 साल के पेसर कार्तिक त्यागी इस सीज़न कोलकाता के लिए मुख्य गेंदबाज़ों में से एक की भूमिका निभा रहे हैं. 6 फ़ीट 3 इंच के कार्तिक 2020 से ही लगातार 140 किमी/घंटा प्लस की स्पीड से गेंद डालकर सबको प्रभावित करते रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

लेकिन इस सीज़न उन्होंने चेन्नई के ख़िलाफ़ 150.4 किमी/ घंटा की स्पीड से गेंद तो डाली ही 148 किमी/ घंटा की स्पीड से गेंद डालकर टी-20 वर्ल्ड कप के हीरो संजू सैमसन को बोल्ड कर दिया. अबतक खेले गए 27 आईपीएल के मैचों में उनके नाम 9.99 की इकॉनमी से 23 विकेट हैं.  

5.    बारबेडियन एक्सप्रेस जोफ़्रा आर्चर –

साल 2018 से राजस्थान और मुंबई की रफ़्तार संभालते रहे बार्बेडियन एक्सप्रेस जोफ़्रा आर्चर राजस्थान के बेशकीमती गेंदबाज़ हैं जिन्होंने अबतक 59 मैचों में 70 विकेट झटके हैं, वो भी सिर्फ़ 7.90 की इकॉनमी से. ‘जोफ़' ने इस सीज़न हैदराबाद के ख़िलाफ़ 151.3 किमी/ घंटा की स्पीड से अपनी सबसे तेज़ गेंद डाली है. वैसे आईपीएल में उन्होंने अपनी सबसे फ़ास्ट गेंद मुंबई टीम के लिए 2020 में 152.3 किमी/ घंटा की रफ़्तार से डाली थी.

IPL 2026 की टॉप 6 सबसे तेज़ गेंदें  

रैंक- गेंदबाज़         टीम         स्पीड (किमी/घंटा)

1. अशोक शर्मा        गुजरात         154.2

2. जोफ़्रा आर्चर         राजस्थान     151.3 

3. एनरिक़ नोकिया     लखनऊ     150.9 

4. कार्तिक त्यागी    कोलकाता     150.4 

5. कार्तिक त्यागी    कोलकाता     149.7 

6. कगिसो रबाडा        गुजरात         149.1

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com