विज्ञापन

IPL 2026: "बहुत सारी स्लो डिलवरी..." विश्व विजेता खिलाड़ी ने बताया क्यों विकेट को तरसे जसप्रीत बुमराह

Why Jasprit Bumrah Fail in IPL 2026: आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह विकेट को तरस गए हैं और उन्होंने 8 मैचों में सिर्फ 2 विकेट लिए हैं. बुमराह के प्रदर्शन का असर उनकी टीम पर भी पड़ा है और मुंबई प्लेऑफ से बाहर होने की कगार पर है.

IPL 2026: "बहुत सारी स्लो डिलवरी..." विश्व विजेता खिलाड़ी ने बताया क्यों विकेट को तरसे जसप्रीत बुमराह
Why Jasprit Bumrah Fail in IPL 2026 Krishnamachari Srikkanth Answer

Krishnamachari Srikkanth Big Statement on Jasprit Bumrah: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के पेस लीडर जसप्रीत बुमराह अपने पुराने फॉर्म में नहीं दिख रहे हैं. अपने IPL करियर में कुल 185 विकेट लेने वाले बुमराह, मौजूदा सीजन में 8 मैचों के बाद सिर्फ 2 विकेट लेने में सफल हुए हैं. दो बार के T20 वर्ल्ड कप विनर को इस सीजन अपने विकटों का खाता खोलने के लिए 5 मैचों का इंतजार करना पड़ा था. मुंबई को अपने पिछले मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इस मैच में बुमराह ने अपने चार ओवर में 54 रन दिए थे और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था. बुमराह के प्रदर्शन पर अब पूर्व भारतीय वर्ल्ड कप विनर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि दिग्गज भारतीय को जोफ्रा आर्चर से सीख लेने की जरूरत है. श्रीकांत ने कहा कि बुमराह को धीमी गति से गेंदबाजी करने के बजाय 'फुल थ्रॉटल' से गेंदबाजी करने की सलाह दी है.

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,"यहां तक ​​कि (जसप्रीत) बुमराह ने भी बहुत ज़्यादा स्लोअर बॉलिंग की. आपके पास नई बॉल होती है और आपके सामने दो लेफ्ट-हैंडर होते हैं. उन्हें आउट करने की कोशिश करें. बुमराह का नई बॉल से इतनी ज़्यादा स्लोअर बॉलिंग करना बेकार है. देखिए आर्चर पिछले कुछ मैचों में क्या करने की कोशिश कर रहा है. वह पूरी रफ़्तार से बॉलिंग कर रहा है और बैट्समैन को स्लिप में आउट कर रहा है. बुमराह को भी यही करने की कोशिश करनी चाहिए."

पिछले आईपीएल में मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में पहुंची थी. टीम के अभियान में बुमराह का रोह अहम रहा, जिन्होंने 12 मैचों में 17.56 की औसत और 6.68 की इकॉनमी से 18 विकेट लिए थे. इस सीजन में बुमराह मुंबई इंडियंस के पहले पांच मैचों में विकेट लेने में नाकाम रहे हैं. 32 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स पर मुंबई इंडियंस की 99 रन की जीत के दौरान इस आईपीएल में अपना पहला विकेट लिया था. मुंबई इंडियंस उस मैच के बाद अपने पिछले दो मैच हार गई है. 

बुमराह के लगातार फेल होने पर श्रीकांत ने कहा,"बुमराह में वो तेज़ी नहीं आ रही है. एक भी गेंद खतरनाक नहीं लग रही थी. शायद वह थक गया है, इसलिए मैं उसे दोष नहीं दे रहा. लेकिन वह साफ़ तौर पर अपने बेस्ट फॉर्म में नहीं है. वह बहुत कोशिश कर रहा है लेकिन बहुत साधारण लग रहा है."

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस की हार के बाद मुंबई के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा था कि उन्हें लगता है कि बुमराह अपने खराब फॉर्म से उबरकर वापसी करेंगे. पोलार्ड ने कहा था,"हम बदकिस्मत हैं, आप जानते हैं, कि हम हमेशा लोगों की नज़रों में रहते हैं. इसलिए जब हम बुरा करते हैं, तो उसे हमेशा हाईलाइट किया जाता है. लेकिन जब आम लोगों के पास नौकरी होती है और वे गलत ईमेल भेजते हैं, तो उनके पास शब्दों को एडिट करने और इन सब चीजों का मौका होता है. हमारे पास यह मौका नहीं है. इसलिए जब आप अच्छा नहीं कर रहे होते हैं, तो यह सही और ठीक है, आप कुछ चीजों को मान लेते हैं. और उस इंसान को जानने के बाद, मुझे पता है कि वह और भी बेहतर तरीके से वापसी करेगा और विकेट लेगा."

यह भी पढ़ें: IPL 2026: जीत ने दिया दिल्ली को भरोसा, क्या मिल पाएगा यहां से प्ले-ऑफ का टिकट, जानें क्या है रास्ता?

यह भी पढ़ें: RR vs DC IPL 2026: राजस्थान के खिलाफ दिल्ली की 'विशेष जीत', 19 साल में पहली बार किया कारनामा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com