Vaibhav Suryavanshi vs Mumbai Indians: साल 1978 में आई सुपरहिट पिक्चर त्रिशूल और 70 के दशक में ही आई शोले, दीवार, जंज़ीर और डॉन जैसी कुछ फ़िल्मों ने एक्टर अमिताभ को सुपरस्टार अमिताभ बच्चन बना दिया. सलीम-जावेद की स्क्रिप्ट ने उस दौर में एक एंग्री-यंगमैन का किरदार गढ़ा और बिग-B सितारों के आसमान पर छा गये. लेकिन रील लाइफ़ को रीयल लाइफ़ में वाकई कोई कैसे बदल सकता है, वो भी क्रिकेट के मैदान- ये अपने-आप में हैरतअंगेज़ और अविश्वसनीय कारनामा लगता है. लेकिन बिहार और राजस्थान रॉयल्स टीम के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ये कारनामा कर दिखाया है. पिछले एक साल में उन्होंने ऐसे कई कारनामे किये हैं और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर ज़बरदस्त तरीके से वायरल हैं.
Gen Z (जेन-ज़ी) को लेकर चाहे जो भी कहा जाए. ये बात तो तय है कि इस जेनरेशन में ख़ौफ़ जैसी कोई बात नहीं. बिहार के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट के मैदान पर इस बात को बार-बार साबित करते हैं कि बड़े नामों को उनपर कोई असर नहीं होता. वैभव कहते रहे हैं और कहकर दिखाते रहे हैं कि वो गेंद को खेलते हैं गेंदबाज़ को नहीं.
महीने भर पहले जो बोला डंके की चोट पर करके दिखा दिया
त्रिशूल फ़िल्म में अमिताभ बच्चन 5 लाख रुपये की एक डील करते हैं और कहते हैं कि वो ये रकम 15 दिनों में लौटा देंगे. फ़िल्म में गुंडों से ज़मीन खाली करवाकर वो 15 लाख की रकम 7 दिनों के अंदर ही संजीव कुमार को लौटा देते हैं. संजीव कुमार कहते हैं,"बड़ी बात ये नहीं है कि इसने 15 दिनों के अंदर ये रकम लौटा दी और जो बोला वो करके दिखा दिया. बड़ी बात ये है कि वो जानता था कि वो ये काम कर सकता है."
बुमराह को पहली गेंद पर छक्का लगाने का कारनामा दुनिया के किसी क्रिकेटर के लिए बड़ा तो है ही. बड़ी बात ये है कि 15 मार्च को में ‘नमन पुरस्कार समारोह' में हर्षा भोगले ने वैभव सूर्यंशी से सवाल किया, “आपके क्या गोल (लक्ष्य) हैं इस साल? ऐसी कोई चीज़ है IPL में जो आप हासिल करना चाहते हैं?” हार्दिक पांड्या के साथ कुर्सी पर बैठकर वैभवसूर्यवंशी मासूमियत और आत्मविश्वास के साथ कहते हैं,"सर, इस साल यही गोल-लक्ष्य है कि (जसप्रीत) बुमराह को पहली गेंद पर छक्का मारना है" वैभव ने जब ये कहा उस वक्त उसी हॉल में बुमराह भी मौजूद थे.
A man of his words.... Vaibhav Suryavanshi ⭐ pic.twitter.com/UrhgycTSBN
— 🚩 (@82LeatherFace) April 8, 2026
बहुत मेहनत करते हैं बेख़ौफ़ और हुनरमंद वैभव
वैभव ने जो बोला अमिताभ बच्चन की तरह महीने भर के अंदर करके दिखा दिया. और, कमाल सिर्फ़ ये नहीं है कि वैभव ने जो बोला वो कर दिखाया. बड़ी बात ये है कि वैभव अच्छी तरह जानते थे कि वो ये कर सकते हैं- बिल्कुल त्रिशूल के अमिताभ बच्चन की तरह. वैभव ने इसके लिए बहुत मेहनत भी की और अपने स्किल्स पर भरोसा भी बनाये रखा. वैभव के बारे में राजस्थान के कप्तान रियान पराग कहते हैं,"वो बहुत मेहनत करता है और उसमें बहुत कॉन्फ़िडेंस है."
Good morning ❤️🔥 pic.twitter.com/9HpVYZ3M4G
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 8, 2026
Gen Z का अलग है जलवा
STAR SPORTS पर कॉमेन्ट्री के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर रोहन गावस्कर कहते हैं,"वैभव बिल्कुल फीयरलेस हैं- एकदम बेखौफ़. वो कहते हैं ये जेनरेशन GEN Z ऐसा ही है. उनमें ना सिर्फ़ बुमराह जैसे गेंदबाज़ों को खेलने की हिम्मत है बल्कि उनमें स्किल्स भी हैं."
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'उसे बैटिंग में ऊपर भेजो...' रिंकू सिंह को लेकर सौरव गांगुली ने अजिंक्य रहाणे को दी सलाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं