Rohit Sharma doubtful for Match vs Chennai Super Kings: मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पूरी तरह से फिट हैं या नहीं, इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है. रोहित शर्मा पिछले मैच में भी नहीं खेले थे. हालांकि, तिलक वर्मा के तूफानी नाबाद शतक के दम पर मुंबई वो मुकाबला जीतने में सफल हुई थी. लेकिन टीम की शुरुआत खराब हुई थी और उसे रोहित की कमी काफी खल रही है. मुंबई गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक्शन में होगी और उस मुकाबले में रोहित शर्मा खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर अपडेट आया है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित ने ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया था और बल्लेबाजी का अभ्यास भी किया था. लेकिन वो पूरी तरह से फिट नहीं दिख रहे थे. रोहित 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक्शन में थे, लेकिन मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते वो बल्ल्लेबाजी छोड़ वापस लौट गए थे. रोहित तब से रिकवर नहीं हुए हैं. मुंबई फ्रेंचाइजी रोहित की वापसी को लेकर किसी तरह का कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है. इस बात की संभावना काफी कम है कि रोहित गुरुवार को एक्शन में नजर आए. और अगर वो आए भी तो इम्पैक्ट के तौर पर खेलते दिखेंगे.
वानखेड़े में होगा महामुकाबला
लीग के इतिहास की दो सबसे सफल टीमों मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्सके बीच ये मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है. मुंबई और चेन्नई दोनों ही टीमों के लिए आईपीएल 2026 में अबतक का सफर बेहद कठिन रहा है. मुंबई ने सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद लगातार 4 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा. अपने पिछले मैच में गुजरात को 99 रन से हराकर हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई जीत की राह पर लौटी है. 6 मैचों में 4 अंक लेकर अंकतालिका में सातवें स्थान पर मौजूद मुंबई अपने घरेलू मैदान पर सीएसके के खिलाफ जीत की लय को बरकरार रखने उतरेगी.
चेन्नई के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी. टीम को अपने शुरुआती तीन मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद टीम जीत की राह पर लौटी और अपना चौथा और पांचवां मुकाबला जीता, लेकिन अपने पिछले मैच में चेन्नई को हैदराबाद के खिलाफ 10 रन से हार का सामना करना पड़ा था. 6 मैचों में 2 जीत के साथ सीएसके आठवें नंबर पर है.
धोनी के खेलने पर संशय
मुंबई के खिलाफ जीत दर्ज कर चेन्नई जीत की राह पर लौटने के साथ-साथ अंकतालिका में भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगी. चेन्नई की प्लेइंग इलेवन में एमएस धोनी होंगे या नहीं और इंजरी की वजह से बाहर हुए युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे की जगह कौन लेगा, यह भी चर्चा का विषय है.
वानखेड़े स्टेडियम की पिच बड़े स्कोर के लिए जानी जाती है. सीजन में हुए मैचों की हर पारी में 190 से ज्यादा रन बने हैं. पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए हल्की स्विंग होती है, जो पारी की शुरुआत में मददगार होती है. लाल मिट्टी की सतह गेंदबाजों को बाउंस भी देती है. मुंबई में बारिश की कोई संभावना नहीं है. मुंबई और चेन्नई के बीच अब तक 41 मैच हुए हैं. मुंबई ने 22 और चेन्नई ने 19 मैचों में जीत हासिल की है.
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को बताया भविष्य का सुपरस्टार, तारीफ में कही बड़ी बात
यह भी पढ़ें: GT vs MI IPL 2026 Highlights: तिलक का तूफानी नाबाद शतक, अश्विनी की घातक गेंदबाजी, मुंबई ने गुजरात को 99 रनों से रौंदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं