इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में इस साल अगर किसी खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं या चर्चा का विषय रहा है, निश्चित तौर पर 'सुपर किड' वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) हैं. मैच दर मैच किए गए कमाल से वैभव की 'टीआरपी' हाई होती गई. और अब जबकि अभी भी दो मैच (अगर राजस्थान आगे बढ़ता है), तो सूर्यवंशी का धमाल उनका स्तर और ऊंचा ले जा सकता है. बहरहाल, उन्हें लेकर चर्चा और सलाह-मशविरा का दौर जारी है और आगे भी लंबे समय तक रहेगा. वहीं, अब जब सीनियर भारतीय टीम के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे में उन्हें चुने जाने की चर्चा तेज हो चली है, तो इस बार सूर्यवंशी के लिए सलाह आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल की तरफ से आई है. धुमल ने बीसीसीआई और उनकी टीम राजस्थान से इस किशोर खिलाड़ी का खास ध्यान रखने की अपील की है, जिससे उनकी मनोदशा एकदम स्थिर रहे.
एक अखबार से बातचीत में धूमल ने कहा, 'मेरा मानना है कि है कि बीसीसीआई और फ्रेंचाईजी को वैभव को सही रास्ता दिखाने के संदर्भ में उनका हाथ पकड़ कर चलना होगा, जिससे सूर्यवंशी की मनोदशा स्थिर बनी रहे. वजह यह है कि खेल केवल शारीरिक कौशल ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से मजबूती के लिहाज से भी बहुत ही अहम है.' उन्होंने कहा, 'जिस तरह की क्षमता और कौशल वैभव के पास है, उसे देखते हुए निश्चित रूप से हम अपनी ओर से यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे, जिससे वह आने वाले कई सालों तक भारत के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सके.' ठीक किसी भी और खिलाड़ी की तरह धुमल को भरोसा है कि सूर्यवंशी भी अपने करियर में उतार-चढ़ाव से गुजरेंगे. ऐसे में यह टीम और बीससीसीआई की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि यह 'छोटा उस्ताद' सही ट्रैक पर रहे और उसका ध्यान भंग न हो.
धूमल ने कहा, 'किसी भी महान खिलाड़ी की तरह उनका करियर भी समय-समय पर ऊपर-नीचे जाएगा और यही क्रिकेट की एक खासियत है. वे असफल होंगे, नीचे भी जाएंगे, लेकिन खेल आपको इसी के लिए तैयार करता है. आप विफलता से खुद को ऊपर उठाते हैं और अगले मैच में बेहतर करते हैं. यह आपको जीवन के लिए तैयार करने का बहुत ही अहम हिस्सा है. जीवन कभी भी एकतरफा रास्ता नहीं होगा, जहां आप सिर्फ आगे ही बढ़ते जाएं.' आईपीएल चेयरमैन ने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि उस लड़के ने इस पूरे सीजन में और अंडर-19 टीम के हिस्से के रूप में अपने प्रदर्शन को देखते हुए कई असफलताएं देखी होंगी. लेकिन अगले मैच में उसने और भी बेहतर प्रदर्शन करने और अपनी टीम को जिताने में मदद करने की कोशिश की होगी.'
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन से घबराए यशस्वी जायसवाल! सहवाग-चोपड़ा का जिक्र कर अश्विन ने कही बड़ी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं