Asian Games 2026: जापान में इस महीने होने वाले एशियन गेम्स से पहले क्रिकेट टीमों की रहने की व्यवस्था को लेकर उठे विवाद पर अब राहत भरी खबर सामने आई है. जिन सुविधाओं और आवास व्यवस्था को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने चिंता जताई थी, उन पर काम करते हुए आयोजकों ने खिलाड़ियों के लिए होटल में ठहरने का इंतजाम करने का फैसला किया है. इससे टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों को बड़ी राहत मिलने वाली है.
पिछले सप्ताह कई प्रमुख एशियाई टीमों ने खिलाड़ियों के कमरों के आकार और उपलब्ध सुविधाओं पर सवाल खड़े किए थे. इसके बाद रहने की व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं. हालांकि अब जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी एलेक्स मियाजी ने भरोसा दिलाया है कि क्रिकेट टीमों के लिए होटल आवास की व्यवस्था की जा रही है.
मियाजी ने बताया कि एशियन गेम्स आयोजन समिति और ACC लगातार खिलाड़ियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि क्रिकेट में हिस्सा लेने वाली टीमों को होटल में ठहराया जाएगा, जबकि कई अन्य खेलों के प्रतिभागियों के लिए क्रूज शिप और कंटेनर होटल जैसी सीमित व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई टीम चाहे तो अपनी अलग रहने की व्यवस्था कर सकती है.
एशियन गेम्स में क्रिकेट मुकाबले जापान के नए बने कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे. नागोया शहर से करीब 40 मिनट की दूरी पर स्थित इस मैदान को विशेष रूप से क्रिकेट के लिए तैयार किया गया है. पहले यह मैदान बेसबॉल के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन अब यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की टर्फ और हाइब्रिड पिचें बनाई गई हैं. खास बात यह है कि पिच तैयार करने में उन क्यूरेटर्स की मदद ली गई है, जो श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से जुड़े रहे हैं.
मियाजी का दावा है कि सीमित समय और संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों को अब तक के एशियन गेम्स में क्रिकेट के लिए उपलब्ध सबसे बेहतर प्लेइंग सरफेस और सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने कहा कि मैदान पर अस्थायी और स्थायी दोनों तरह की व्यवस्थाएं मौजूद होंगी, जिनमें खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
इस बीच जापान क्रिकेट एसोसिएशन स्थानीय समुदाय को भी इस आयोजन से जोड़ने के लिए अभियान चला रहा है. क्रिकेट को स्कूलों और शॉपिंग सेंटरों तक पहुंचाया गया है, ताकि एशियन गेम्स के जरिए देश में इस खेल को नई पहचान मिल सके. जापान क्रिकेट संघ को उम्मीद है कि एशिया की शीर्ष टीमों की मौजूदगी इस खेल के लिए नए दर्शक तैयार करेगी और टूर्नामेंट को बड़ी सफलता दिलाएगी.
(IANS इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं