India vs Zimbabwe 1st T20I Highlights: तेज गेंदबाजों मयंक यादव और प्रिंस यादव की धारदार गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के तूफानी अर्धशतक से भारत ने बृहस्पतिवार को पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे के सात विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. जिम्बाब्वे के 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सूर्यवंशी (50 रन, 19 गेंद, चार छक्के, चार चौके) और इशान किशन (35 रन, 24 गेंद, तीन चौके, दो छक्का) की पारियों से 13.2 ओवर में तीन विकेट पर 126 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी नाबाद 28 रन बनाए. भारत ने इससे पहले मयंक (18 रन पर दो विकेट) और प्रिंस (19 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी से जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 125 रन पर रोक दिया. रवि बिश्नोई और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट हासिल किया. जिम्बाब्वे ने 14वें ओवर में 64 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद वेस्ली माधेवेरे (39 रन, 34 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) और ताडिवनाशे मरुमानी (नाबाद 27, 20 गेंद, दो चौके, एक छक्का) ने छठे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. (स्कोरकार्ड)
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
भारत प्लेइंग इलेवन: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव
जिम्बाब्वे प्लेइंग इलेवन: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), बेन कुरेन, डायोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी
IND vs ZIM Live: भारत की पहली जीत
तिलक वर्मा के बल्ले से जीत के रन आए हैं और इसके साथ ही भारत ने जीत के साथ जिम्बाब्वे दौरे की शुरुआत की है. बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर की पहली जीत. वैभव के पहले अर्धशतक से टीम इंडिया जीती. टॉस जीतकर जिस तरह से तेज गेंदबाजों ने मेजबान टीम को 125 पर रोका, उसके बाद जीत दूर नहीं थी. वैभव ने भी तेज शुरुआत दी. और काम आसान हो गया. लगातार 6 मैच हारने के बाद टीम इंडिया को जीत मिली है.
IND vs ZIM Live Score: भारत को तीसरा झटका
भारत को तीसरा झटका लगा. ईशान किशन अपना विकेट फेंकर चले गए. डियोन मायर्स ने कैच पकड़ा. उन्होंने डिफेंस करने की कोशिश की और गेंद को कवर पर खड़े फील्डर की तरफ खेल दिया.ब्लेसिंग मुज़राबानी ने जिम्बाब्वे को सफलता दिलाई. गेंद बल्लेबाज़ के पास आते ही रुक गई और उसमें थोड़ा एक्स्ट्रा बाउंस भी था. गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से (स्प्लाइस) पर लगी और फील्डर के पास चली गई. ईशान किशन हैरान रह गए. ड्राइव खेलने के लिए तैयार थे, लेकिन पिच ने उन्हें चकमा दे दिया. ईशान किशन 35 रन बनाकर आउट हुए.
11.3 ओवर: भारत 114/3
IND vs ZIM Live Score: जीत से 14 रन दूर टीम इंडिया
टीम इंडिया अब जीत से सिर्फ 14 रन दूर है. पिछले ओवर से 16 रन आए हैं. ईशान किशन ने ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया. जबकि ओवर की दूसरी गेंद पर अय्यर ने चौका लगाया. क्या अगले ओवर में मैच खत्म होगा?
11.0 ओवर: भारत 112/2
IND vs ZIM Live Score: बड़ी जीत की ओर टीम इंडिया
भारतीय टीम बड़ी जीत की ओर है. वैभव ने जो शुरुआत दिलाई, उससे टीम इंडिया 12 ओवर के अंदर मैच जीत सकती है. अभी क्रीज पर श्रेयस अय्यर और ईशान किशन हैं. ईशान और अय्यर दोनों ही तेजी से रन बटोर रहे हैं. पिछले ओवर से 14 रन आए हैं. टीम इंडिया की कोशिश बिना कोई विकेट गंवाए, जल्द से जल्द विकेट हासिल करने की होगी.
9.0 ओवर: भारत 92/2
IND vs ZIM Live Score: वैभव का वर्ल्ड रिकॉर्ड
पहला टी20 अर्धशतक वैभव ने सिर्फ 15 साल और 118 दिन की उम्र में बनाई है और यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है.
- 15 वर्ष 118 दिन - वैभव सूर्यवंशी (IND) बनाम ZIM, हरारे, 2026
- 16 वर्ष 56 दिन - लुई ब्रूस (जिब्राल्टर) बनाम माल्टा, अल्बर्टिया, 2021
- 16 वर्ष 76 दिन - कविन चड्ढा (इंडोनेशिया) बनाम स्वीडन, बाली, 2026
- 16 वर्ष 89 दिन - अलुसीन तुरे (सिएरा लियोन) बनाम घाना, बेनोनी, 2023
- 16 वर्ष 118 दिन - तेनजिन रबगी (भूटान) बनाम चीन, कुआलालंपुर, 2023
IND vs ZIM Live Score: वैभव आउट
ओह...अर्धशतक लगाने के बाद वैभव आउट हुए. अगली ही गेंद पर. रिचर्ड न्गारावा के खाते में विकेट आया. बेन करन ने कैच पकड़ा. 50 रन बनाए और आउट हो गए. गेंद की लाइन और लेंथ ऐसी थी कि सूर्यवंशी ने उस पर शॉट खेलने की कोशिश की. वह कवर एरिया की तरफ खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर डीप थर्ड मैन की ओर चली गई. वैभव सूर्यवंशी 19 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए. पारी के दौरान 4 चौके और 4 छक्के लगाए.
6.2 ओवर: भारत 68/2
IND vs ZIM Live Score: वैभव का अर्धशतक का पहला अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में अपना अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक जड़ा है. वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फिफ्टी लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने. अभी तक चार चौके और चार छक्के लगा चुके हैं. दो रन लेकर उन्होंने अपना अर्द्धशतक पूरा किया है. पिछले ओवर से 14 रन आए हैं. दूसरे छोर पर खड़े ईशान किशन ने तीन चौके लगाए.
6.1 ओवर: भारत 68/1
IND vs ZIM Live Score: एक और छक्का
मेहमान टीम के कप्तान, गेंदबाज किसी को समझ नहीं आ रहा है कि कि आखिर क्या किया जाए. वैभव अभी तक दो बॉल खो चुके हैं. अब मुज़ारबानी को मार पड़ी है. ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा है. जबकि इससे एक गेंद पहले उन्होंने चौका जडा़ था. वैभव अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे बड़ा स्कोर कर चुके हैं? क्या आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला अर्द्धशतक होगा. वहीं ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा.
5.0 ओवर: भारत 52/1
IND vs ZIM Live Score: वैभव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी है. ब्रैड इवांस के पिछले ओवर में उन्होंने चौके से शुरुआत की और फिर अगली गेंद पर उन्होंने छक्का लगाया. पिछले ओवर से 12 रन आए हैं. वैभव 280 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं. अगर वैभव ऐसे ही खेलते रहे तो टीम इंडिया 10 ओवर के अंदर ही मैच जीत सकती है.
4.0 ओवर: भारत 35/1
IND vs ZIM Live Score: ब्लेसिंग मुजाराबानी के शिकार बने अभिषेक, भारतीय टीम को लगा पहला झटका
भारतीय टीम को पहला झटका अभिषेक शर्मा के रूप में लगा है, जो पारी का आगाज करते हुए आठ गेंद में महज एक रन बनाकर मुजराबानी का शिकार बने हैं. उनका कैच एवंस ने पकड़ा है.
IND vs ZIM Live Score: वैभव सूर्यवंशी का गदर शुरू
वैभव सूर्यवंशी ने गदर मचाना शुरू कर दिया है. दो ओवरों की समाप्ति के बाद वह नौ गेंद में दो छक्के और एक चौका की मदद से 21 रन बनाकर खेल रहे हैं. वहीं अभिषेक शर्मा छह गेंद में एक रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं. टीम का स्कोर 2.3 ओवरों की समाप्ति के बाद 23/0 रन है.
IND vs ZIM Live Score: भारत को 126 लक्ष्य
भारत को 126 का लक्ष्य मिला है. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन मधेवेरे ने पहले रयान बर्ल और फिर उसके बाद मारुमनी के साथ साझेदारी करने टीम का स्कोर 100 पार किया. टीम इंडिया के लिए यह लक्ष्य बड़ा नहीं होना चाहिए. बस अब बल्लेबाजी ना लड़खड़ाए. भारत के लिए प्रिंस यादव और मयंक यादव ने 2-2 विकेट झटके.
20.0 ओवर: जिम्बाब्वे 125/7
IND vs ZIM Live Score: भारत को सातवीं सफलता
प्रिंस यादव से ब्रैड इवांस को गोल्डन डक किया. श्रेयस अय्यर ने कैच पकड़ा. फुल लेंथ गेंद. बड़े शॉट की गुंजाइश थी, इवांस ने शॉट खेला लेकिन मिड-ऑफ पर खड़े श्रेयस के हाथों में गेंद चली गई. प्रिंस यादव ने यॉर्कर डालने की कोशिश की, भले ही वह सटीक नहीं रही, फिर भी उन्हें विकेट मिल गया. भारत को लगातार दो गेंदों पर दो विकेट मिले.
IND vs ZIM Live Score: रन आउट हुए मधेवेरे
ओह!!!! क्या जबरदस्त खेल रहे थे मधेवेरे. तदिवनाशे मारुमनी ने दूसरे रन के लिए मना किया, लेकिन मधेवेरे स्ट्राइक चाहते थे और दूसरे रन के लिए दौड़ पड़े. दुबे का थ्रो स्टंप्स के ठीक पास आया, ईशान किशन ने गेंद पकड़ी और स्टंप्स पर मार दिया. एक बार फिर स्लॉग शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही. गेंद बल्ले के किनारे से लगकर फाइन लेग की तरफ चली गई. एक बहुत अच्छी पारी का अंत. मधेवेरे 39 रन बनाकर आउट हुए.
19.0 ओवर: जिम्बाब्वे 122/6
IND vs ZIM Live Score: आखिरी ओवर
मधेवेरे और मारुमनी ने अचानक से मैच का रूख ही पटल दिया है. बीते 5 ओवर में 10 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे हैं. आखिरी ओवर फेंकने प्रिंस यादव आने वाले हैं. मयंक को उनके आखिरी ओवर में 8 रन पड़े. मयंक ने वापसी के बाद लाजवाब प्रदर्शन किया है. 4 ओवर में 18 रन देकर 1 विकेट निकाले. अब आखिरी ओवर बाकी है. देखना होगा कि क्या जिम्बाब्वे 140 के आस-पास पहुंच सकती है.
19.0 ओवर: जिम्बाब्वे 117/5
IND vs ZIM Live Score: जिम्बाब्वे 100 पार
जिम्बाब्वे का स्कोर 100 पार हुआ. मधेवेरे ने पिछले तीन ओवरों में जो गियर बदला है, उससे अचानक लग रहा है कि मेहमान टीम 140 के स्कोर तक पहुंच सकती है. दुबे के आखिरी ओवर में 11 रन आए. मधेवेरे अपे अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं. अभी एक मयंक का ओवर बचा हुआ है.
18.0 ओवर: जिम्बाब्वे 109/5
IND vs ZIM Live Score: अब तीन ओवर बाकी
जिम्बाब्वे का स्कोर 100 के करीब है और अब केवल तीन ओवर बाकी है. मधेवेरे ने पिछले कुछ ओवरों में कुछ बड़े शॉट खेले हैं. 16वां ओवर फेंकने आए अशोक के ओवर में दो चौके लगाए. जबकि अगले ओवर में रवि बिश्नोई को छक्का लगाया. जिम्बाब्वे सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच रही है.
17.0 ओवर: जिम्बाब्वे 98/5
IND vs ZIM Live Score: अब पांच ओवर बाकी
अब सिर्फ 5 ओवर बाकी है. पिछले ओवर से सिर्फ 6 रन आए हैं. प्रिंस यादव के 3 ओवर पूरे हुए और उनके खाते का एक ओवर बाकी है. जिम्बाब्वे धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है. उसकी कोशिश 130 के स्कोर कर पहुंचने की होगी. अबी क्रीज पर मधेवेरे और मारुमनी हैं. भारत की कोशिश मेजबान टीम को जल्द से जल्द सेमटने की होगी.
15.0 ओवर: जिम्बाब्वे 78/5
IND vs ZIM Live Score: भारत को पांचवीं सफलता
भारत को पांचवीं सफलता मिली. अब रवि बिश्नोई के खाते में विकेट आया. रायन बर्ल को जाना होगा. तिलक वर्मा ने कैच लपका. बिश्नोई ने बाएं हाथ के बल्लेबाज़ के लिए वाइड गेंद फेंकने की अपनी रणनीति अपनाई - बहुत ज़्यादा वाइड नहीं, और इसी वजह से बर्ल शॉट खेलने के चक्कर में फंस गए. उन्होंने बाउंड्री पार करने की कोशिश की, लेकिन तिलक ने बाउंड्री रोप के कुछ गज अंदर ही गेंद को बखूबी जज किया. रायन बर्ल की अच्छी पारी का अंत हुआ. रायन बर्ल 26 रनों का अहम पारी खेलकर आउट हुए.
13.1 ओवर: जिम्बाब्वे 64/5
IND vs ZIM Live Score: जिम्बाब्वे 50 पार
जिम्बाब्वे का स्कोर 50 पार हो चुका है. पिछले ओवर से भी सिर्फ 3 रन आए हैं. अब 48 गेंद बची हैं और देखना दिलचस्प होने वाला है कि जिम्बाब्वे कितने रन बटोर पाती हैं. जिम्बाब्वे का नेट रन रेट 4.92 का है. पिछले 5 ओवर में 28 रन आए हैं. रयान बर्ल और मधेवेरे की जोड़ी ऐसे ही खेलते रहना चाहेगी और उनका लक्ष्य जिम्बाब्वे को सम्मानजनक स्कोर तक लेकर जाने का होगा.
12.0 ओवर: जिम्बाब्वे 40/4
IND vs ZIM Live Score: अशोक का अच्छा ओवर
अशोक शर्मा का अच्छा ओवर रहा. उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए हैं. 9 ओवरों का खेल हो चुका है और जिम्बाब्वे के अभी भी 50 रन नहीं हुए हैं. क्रीज पर मधेवेरे और रयान बर्ल हैं और दोनों की कोशिश यहां पर साझेदारी कर जिम्बाब्वे को एक सम्मानजनक स्कोर तक लेकर जाने की होगी.
9.0 ओवर: जिम्बाब्वे 40/4
IND vs ZIM Live Score: भारत को चौथी सफलता
चलिए सिकंदर रजा भी गए. जिम्बाब्वे को चौथा झटका लगा है. शिवम दुबे को विकेट मिला. आज शॉट गेंद कम हो रही है और फुल लेंथ और हार्ड लेंथ गेंद पर गेंदबाजी हो रही है. बड़ा शॉट खेलने गए थे. सिकंदर रजा और लपके गए. सूर्यांश शेडगे ने कैच पकड़ा. शिवम दुबे की एक साधारण सी गेंद, लेकिन रज़ा ने इसे सीधे डीप स्क्वेयर लेग पर खड़े फील्डर के हाथों में मार दिया. ज़िम्बाब्वे के कप्तान को वापस लौटना होगा.
7.2 ओवर: जिम्बाब्वे 32/4
IND vs ZIM Live Score: पहला पावरप्ले पूरा
पहला पावरप्ले पूरा हुआ. यह पूरी तरह से भारत के नाम रहा. जिम्बाब्वे सिर्फ 26 रन बटोर पाई है और उन्होंने 3 विकेट गंवा दिए हैं. जिस रफ्तार से गेंदबाजी हो रही है और जिस लेंथ पर भारतीय गेंदबाज गेंद फेंक रहे हैं, उससे लग रहा है कि टीम इंडिया मैच को जल्दी खत्म करने के मूड में है.
6.0 ओवर: जिम्बाब्वे 26/3
IND vs ZIM Live Score: भारत को तीसरा विकेट
भारत को तीसरी सफलता मिली. एक बार फिर रफ्तार से मयंक यादव ने शिकार किया. अब डियोन मायर्स को जाना होगा. शिवम दुबे ने कैच पकड़ा. मयंक यादव की शानदार वापसी. वह जितनी तेज हो सके उनकी रफ्तार से फेंक रहे हैं. सही लेंथ पर गेंद डाल रहे हैं. ज़िम्बाब्वे के बल्लेबाज़ों को उनके सामने काफ़ी मुश्किल हो रही है. गेंद थोड़ी अंदर की ओर आती है और मायर्स बल्ले फ़्लैट-बैट शॉट खेलते हैं, जिससे गेंद सीधे मिड-ऑन पर खड़े दुबे के हाथों में चली जाती है. डियोन मायर्स 6 रन बनाकर आउट हुए.
4.2 ओवर: जिम्बाब्वे 20/3
IND vs ZIM Live Score: बेन करन भी आउट
भारतीय गेंदबाज रफ्तार से कहर बरपा रहे हैं. मयंक यादव के बाद प्रिंय यादव का कमाल. बेन करन को जाना होगा. टीम इडिंया को दूसरी सफलता. वैभव सूर्यवंशी ने कैच पकड़ा. प्रिंस की शॉर्ट-ऑफ़-लेंथ गेंद पर करन ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर मिड-विकेट की ओर गई, जहां वैभव ने अपनी बाईं ओर जाकर एक शानदार कैच लपका. बेन करन अपने डेब्यू पर 10 रन बनाकर आउट हुए. पारी के दौरान सिर्फ दो चौके लगाए.
3.2 ओवर: जिम्बाब्वे 19/2
IND vs ZIM Live Score: मयंक का एक और अच्छा ओवर
मयंक यादव का एक और अच्छा ओवर है यह. इस ओवर से उन्होंने सिर्फ 3 रन दिए हैं. अगर दोनों छोर से ऐसी ही गेंदबाजी होती रही तो जिम्बाब्वे शायद 20 ओवर भी ना खेल पाए. भारतीय गेंदबाज पिच से मिल रही मदद का फायदा उठा रहे हैं.
3.0 ओवर: जिम्बाब्वे 19/1
IND vs ZIM Live Score: अशोक शर्मा का महंगा ओवर
मयंक यादव के अच्छे शुरुआत के बाद अशोक शर्मा का महंगा ओवर रहा. उनके इस ओवर में दो चौके आए हैं. बेन करन ने लगातार गेंदों पर चौके लगाए हैं. बेन करना और डायोन मायर्स की कोशिश पावरप्ले के अंदर जिम्बाब्वे को बेहतर स्कोर कर लेकर जाने की होगी.
2.0 ओवर: जिम्बाब्वे 16/1
IND vs ZIM Live Score: भारत को पहली सफलता
मयंक यादव ने पहली ही गेंद पर विकेट निकाला. ब्रायन बेनेट आउट हुए. ईशान किशन ने कैच पकड़ा. हालांकि, अंपायर ने उंगली नहीं उठाई है, लेकिन ईशान किशन काफी आश्वस्त हैं. 149kph की रफ़्तार. बेहतरीन गेंद के साथ शुरुआत - ऑफ स्टंप के पास 'बैक ऑफ़ लेंथ' गेंद जो बाहर की ओर निकली. बेनेट क्रीज़ में ही फंस गए, उन्होंने गेंद को खेलने की कोशिश की और गेंद बल्ले के बाहरी किनारे (एज) से लग गई. अंपायर ने उंगली नहीं उठाई, लेकिन स्टंप्स के पीछे खड़े किशन को पूरा भरोसा था और उन्होंने अय्यर से रिव्यू लेने को कहा. रिव्यू लिया गया और रीप्ले में अल्ट्रा-एज पर हलचल दिखी. ब्रायन बेनेट 'गोल्डन डक' पर आउट हुए.
IND vs ZIM Live Score: शुरू हुआ एक्शन
भारतीय खिलाड़ी मैदान पर आ चुके हैं. ज़िम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बेनेट और तादिवनाशे मारुमानी क्रीज़ की ओर बढ़ रहे हैं. मयंक यादव भारत के लिए गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे, साथ ही एक स्लिप भी तैनात है. राजस्थान के तेज़ गेंदबाज़ अशोक शर्मा भारत के लिए अपना डेब्यू कर रहे हैं. मयंक यादव भी टीम में वापस आ गए हैं, जिन्होंने अपना पिछला T20I मैच अक्टूबर 2024 में खेला था.
IND vs ZIM Live Score: भारत ने जीता टॉस
भारत ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीता है और गेंदबाजी का फैसला लिया है. कप्तान अय्यर ने टॉस के दौरान बताया कि क्योंकि यह ज़िम्बाब्वे में उनका पहला दौरा है तो उन्हें नहीं पता कि पिच कैसे होगी. भारतीय टीम आज तीन तेज गेंदबाजों के साथ जा रही है.
वहीं सिकंदर रज़ा ने कहा है कि यह हरारे की आम पिच नहीं है. शुरुआत में थोड़ी मूवमेंट होगी, लेकिन ज़्यादा देर तक नहीं. हमारे पास चार सीमर और एक स्पिनर हैं. ज़िम्बाब्वे के लिए आज बेन करन और न्यूमैन न्यामहूरी अपना T20I डेब्यू कर रहे हैं.
IND vs ZIM Live Score: स्वागत है आपका
नमस्कार स्वागत है आपका एनडीटीवी स्पोर्ट्स पर. भारतीय टीम थोड़ी देर में एक्शन में होगी. वैभव सूर्यवंशी पर फैंस की नजरें होंगी, जो इंग्लैंड में लगातार तीन मैचों में फ्लॉप हुए थे. ऐसे में वो आज बड़ी पारी खेलना चाहेंगे.