विज्ञापन
This Article is From Jun 22, 2017

INDvsWI ODI : कोच अनिल कुंबले की विवादों के बीच हुई विदाई के बाद विराट कोहली ब्रिगेड का होगा 'टेस्‍ट'

अनिल कुंबले का मुख्य कोच के रूप में सफर कैरेबियाई जमीं पर ही शुरू हुआ था लेकिन एक साल के भीतर भारतीय टीम यहां अपने कोच के बिना लौटी है.

INDvsWI ODI : कोच अनिल कुंबले की विवादों के बीच हुई विदाई के बाद विराट कोहली ब्रिगेड का होगा 'टेस्‍ट'
विराट कोहली के नेतृत्‍व वाली टीम इंडिया बिना कोच के ही वेस्‍टइंडीज पहुंची है (फाइल फोटो)
  • पांच वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच कल होगा
  • बिना कोच के वेस्‍टइंडीज पहुंची है टीम इंडिया
  • अनुभव-खेल में इंडीज टीम पर भारी है विराट ब्रिगेड
पोर्ट ऑफ स्पेन: कप्तान विराट कोहली शुक्रवार को यहां वेस्टइंडीज की कमजोर टीम के खिलाफ पहले वनडे  मैच से पूर्व, मुख्य कोच अनिल कुंबले के विवादास्पद हालात में टीम का साथ छोड़ने से मैदान के बाहर के विवादों को पीछे छोड़ना चाहेंगे. कुंबले का मुख्य कोच के रूप में सफर कैरेबियाई सरजमीं पर ही शुरू हुआ था लेकिन एक साल के भीतर भारतीय टीम यहां अपने कोच के बिना लौटी है. चैंपियंस ट्राफी में भारत के प्रदर्शन से अधिक सुर्खियां कप्तान कोहली के कोच कुंबले के साथ मतभेदों ने बटोरी. कप्तान कोहली ऐसे मुश्किल समय में वेस्टइंडीज से कमजोर प्रतिद्वंद्वी की उम्मीद नहीं कर सकते थे जिसे अफगानिस्तान के खिलाफ भी जूझना पड़ा. वैसे विवादों के बीच कोच कुंबले की हुई विदाई के बीच इस सीरीज में विराट कोहली ब्रिगेड का कमजोर वेस्‍टइंडीज टीम के खिलाफ 'असल टेस्‍ट' होगा. टीम इंडिया का प्रदर्शन यदि अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा तो कप्‍तान और खिलाड़ि‍यों को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा सकता है.

पांच मैचों की वनडे सीरीज और एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय में कुछ बड़ी जीत इस पूरे विवाद से लोगों का ध्यान हटाने में कोहली की मदद करेगी. साथ ही यह ऐसा मौका होगा जब कोहली को टीम चयन में पूरी छूट होगी क्योंकि बल्लेबाजी कोच संजय बांगर की संभवत: इसमें कोई भूमिका नहीं होगी. जेसन होल्डर की अगुआई वाली वेस्टइंडीज की टीम ने हाल में अफगानिस्तान के खिलाफ 1-1 से सीरीज बराबर की और इसमें कोई संदेह नहीं है कि मौजूदा भारतीय टीम का स्तर मेजबान टीम से बेहतर है. कोहली भी इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं और बीसीसीआई के आला अधिकारियों से कुंबले मामले में पूरा समर्थन मिलने के बाद भारतीय कप्तान के लिए गलती की गुंजाइश काफी कम होगी.

भारत के वनडे में 5-0 से जीतने की उम्मीद की जा रही है क्योंकि वेस्टइंडीज के 13 खिलाड़ियों को कुल मिलाकर 213 मैच खेलने का अनुभव है जिसमें कप्तान होल्डर 58 मैचों के साथ सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं. इसके विपरीत युवराज सिंह (301), महेंद्र सिंह धोनी (291) और कोहली (184) ने ही मिलकर 776 मैच खेले हैं जो दोनों टीमों के अनुभव के बीच की गहरी खाई को दर्शाता है. साथ ही यह सीरीज टीम इंडिया को अपनी बैंच स्ट्रेंथ को परखने का मौका देगी. जसप्रीत बुमराह को सीरीज के लिए आराम दिया गया है जिससे कप्तान को मोहम्मद शमी को परखने का पूरा मौका मिलेगा जिन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान एक भी मैच खेलने को नहीं मिला. यह तेज गेंदबाज 2015 वर्ल्‍डकप सेमीफाइनल के बाद से किसी अधिकृत वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेला है. वर्ल्‍डकप के बाद शमी की सर्जरी हुई थी और वह तब से केवल कुछ टेस्ट ही खेले हैं.

रोहित शर्मा को इस सीरीज के लिए रेस्‍ट दिया गया है. ऐसे में कोहली एक बार फिर अजिंक्य रहाणे को शीर्ष क्रम में मौका दे सकते हैं. युवा ऋषभ पंत को सीरीज में आजमाया जा सकता है. पंत को घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से पारी का आगाज करने का अनुभव है. वे आक्रामक अंदाज में बल्‍लेबाजी करते हैं और पहले पावर प्ले का फायदा उठा सकते हैं जब सिर्फ दो क्षेत्ररक्षक 30 बज के दायरे से बाहर होते हैं. साथ ही भारतीय चयनकर्ता उन्हें धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में निखारने की योजना बना रहे हैं और ऐसे में उन्हें पर्याप्त मौके मिल सकते हैं.

वेस्टइंडीज को अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान का सामना करने में काफी परेशानी उठानी पड़ी थी और ऐसे में युवा चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को भी मौका दिया जा सकता है. कुलदीप को रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की जगह आजमाया जा सकता है जिन दोनों ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान साधारण प्रदर्शन किया था. (भाषा से  इनपुट)

दोनों टीमें इस प्रकार हैं..

भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या, केदार जाधव, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक और उमेश यादव.

वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), जोनाथन कार्टर, मिगुएल कमिंस, अल्जारी जोसेफ, जेसन मोहम्मद, कीरन पावेल, केसरिक विलियम्स, देवेंद्र बिशू, रोस्टन चेज, शाई होप, एविन लुईस, एश्ले नर्स और रोवमैन पावेल.

समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े छह बजे शुरू होगा.
लेखक के बारे में
img
ख़बर न्यूज़ डेस्क
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
INDvsWI, Team India, Virat Kohli, First ODI, Anil Kumble, West Indies Tour
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com