टिम सीफर्ट की 93 और ग्लेन फिलिप्स की नाबाद 65 रनों की पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन में भारतीय टीम को 7 विकेट से हरा दिया. जीत के लिए मिले 192 के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम किया. वहीं इस हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि अगर गेंदबाजी और फील्डिंग थोड़ी बेहतर होती तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था. बता दें, भले ही न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला अपने नाम किया हो, लेकिन टीम इंडिया ने 3-2 से सीरीज अपने नाम की.
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए श्रेयस अय्यर ने कहा कि भले ही वह बेहतर फिनिश नहीं कर पाए, लेकिन इस पिच पर बैटिंग आसान नहीं थी और 194 रन ठीक थे. कप्तान ने कहा,"मुकाबला काफी करीबी था. मिडिल ओवरों में हमें जैसी शुरुआत मिली थी, उसे देखते हुए हम और बेहतर कर सकते थे. वहां से हमने लगातार विकेट गंवा दिए. बल्लेबाजी के लिए यह विकेट आसान नहीं था. 'हार्ड लेंथ' पर खेलना चुनौतीपूर्ण था. मुझे लगता है कि 194 का स्कोर ठीक-ठाक था."
श्रेयस अय्यर ने माना कि इस मैच में भारत की फील्डिंग और बॉलिंग खराब थी. उन्होंने कहा,"हमारी गेंदबाजी और फील्डिंग और बेहतर हो सकती थी, जो कि काफी खराब रही. यह सीखने का एक शानदार अनुभव रहा. शुरुआती तीन मैचों ने हमारी लय को स्थिर कर दिया था. मुझे लगता है कि आखिरी दो मैचों में हम ऐसी स्थिति में थे जहां हम प्रयोग करना चाहते थे और खुद को चुनौती देना चाहते थे. सभी खिलाड़ी पूरे जोश में हैं."
भारतीय टीम की फील्डिंग हाल के समय में काफी खराब हुई है. टीम ने कई कैच टकपाए है और कप्तान ने माना है कि टीम को अपनी फील्डिंग पर काम करने की जरूरत है. कप्तान ने कहा,"जाहिर है, जब आप विदेश में खेलते हैं, तो आपको कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. हमें कुछ चीजों पर काम करने की जरूरत है, खासकर फील्डिंग पर. लेकिन सच कहूं तो, यहां की परिस्थितियों में खेलना आसान नहीं है - तेज रोशनी और साफ आसमान, ऐसी स्थितियां हमें भारत में देखने को नहीं मिलतीं."
बात अगर मैच की करें तो ईशान किशन (32 गेंदों में 61 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (23 गेंदों में 50 रन) ने तूफानी अर्धशतक लगाए, लेकिन एडम मिल्ने (4/19) की अगुवाई में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने शानदार वापसी की. मिशेल सेंटनर के गेंदबाजी चुनने के बाद, न्यूजीलैंड ने भारत को 191/8 के स्कोर पर रोक दिया.
इसके जवाब में ओपनर टिम सीफर्ट ने शानदार 93 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की और मेजबान टीम ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. अच्छी फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स (65 रन, नाबाद; 38 गेंद) ने जीत पक्की की। इसके साथ ही, इस सीरीज में उनके नाम चार बार 50 से ज्यादा रनों की पारी हो गई, जिसमें एक शतक भी शामिल है.
यह भी पढ़ें: 400 छक्के, नंबर-1 भारत, पाकिस्तान 7वें स्थान पर, T20I इतिहास में ऐसा करने वाली पहली टीम बनी टीम इंडिया
यह भी पढ़ें: फिलिप्स बने रन मशीन, अभिषेक नंबर-2, एलन से आगे निकले नमन धीर, T-20 सीरीज के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं