IND vs AFG 2nd ODI Ekana Pitch, Playing 11: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. सीरीज के पहले मैच में धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद मेजबान भारतीय टीम का लक्ष्य इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाना होगा. दूसरी तरफ, पहला मैच गंवा चुकी अफगानिस्तान की टीम के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा है. अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए मेहमान टीम को इस मैच में हर हाल में जीत की जरूरत है.
भारत ने बारिश से प्रभावित सीरीज के पहले मैच को 7 विकेट के बड़े अंतर से अपने नाम किया था. 25-25 ओवरों के इस मुकाबले में अफगानी टीम 24.5 ओवरों में महज 194 रन पर सिमट गई. इसके जवाब में भारतीय टीम ने 22.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली. डेब्यू करते हुए गुरनूर बरार (27 रन देकर 3 विकेट लिया था और हर्ष दुबे (47 रन देकर 3 विकेट ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया और भारत के युवा गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था.
एकाना स्टेडियम के पिच और मौसम का हाल
मौसम का हाल लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मैच बिना किसी रुकावट के पूरा होने की उम्मीद है, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, खिलाड़ियों और दर्शकों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मैच के दौरान दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुँच सकता है, जो खिलाड़ियों की फिटनेस की कड़ी परीक्षा लेगा.
पिच की रिपोर्ट: लखनऊ की पिच आमतौर पर धीमी और सूखी रहती है. यहाँ मैच आगे बढ़ने के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजों को पिच से काफी टर्न और मदद मिलने की उम्मीद है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है, क्योंकि दूसरी पारी में पिच और ज्यादा धीमी हो सकती है, जिससे रन बनाना मुश्किल हो जाएगा.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है. ऐसे में भारतीय टीम इस मुकाबले में अलग-अलग कॉम्बिनेशन के साथ प्रयोग करना जारी रख सकती है. कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों के पास अभी भी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने का मौका है.
भारत की संभावित 11: शुबमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा/यशस्वी जयसवाल, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर/कुलदीप, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
अफगानिस्तान की संभावित 11:: इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम सफ़ी, एएम ग़ज़नफ़र, ज़िया उर रहमान शरीफी
मैच की 5 बड़ी बातें जिस पर रहेंगी सबकी नजरें
सीरीज पर कब्जा जमाने का मौका: भारतीय टीम के पास इस मैच को जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने का शानदार मौका है.
युवा गेंदबाजों का जलवा: पहले मैच में डेब्यू करने वाले गुरनूर बरार (3 विकेट) और हर्ष दुबे (3 विकेट) ने शानदार प्रदर्शन किया था, जिनसे टीम को फिर से वैसे ही खेल की उम्मीद होगी.
2027 वर्ल्ड कप की तैयारी: साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट इस मैच में भी नए खिलाड़ियों और अलग-अलग कॉम्बिनेशन के साथ प्रयोग जारी रख सकता है.
अफगानिस्तान के लिए आखिरी मौका: सीरीज बचाने के इरादे से उतरने वाली अफगान टीम अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना चाहेगी, जो पहले मैच में पूरी तरह फ्लॉप रही थी.
लखनऊ की पिच पर स्पिनर्स की जंग: एकाना की पिच पारंपरिक रूप से धीमी मानी जाती है, जो अफगानिस्तान के मजबूत स्पिन अटैक को भारतीय बल्लेबाजों के सामने बड़ी चुनौती पेश करने का मौका दे सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं