पहले वनडे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया. भारत जीत में विराट कोहली ने अर्धशतकीय पारी खेली और 74 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि रोहित शर्मा आजके मैच में बिना रन बनाए आउट हुए लेकिन शुभमन गिल और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी कर भारत को जीत दिला दी. बता दें कि भारतीय पारी में बारिश के कारण दो बार मैच को रोकना पड़ा जिसके कारण भारतीय टीम को 32 ओवर में 143 रन का संशोधित टारगेट मिला था. जिसे आखिर में भारत ने 22.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया. भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 35 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया था. कोहली का वनडे में यह 80वां अर्धशतक है. विराट ने अपनी पारी में 51 गेंद पर 74 रन की पारी खेली जिसमें 13 चौके और 1 छक्के शामिल रहे. न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी को 2 विकेट, काइल जैमीसन और नाथन स्मिथ 1-1 विकेट लेने में सफल रहे. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम वनडे सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है.
अर्शदीप और कोहली रहे मैच के हीरो
इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने अनुकूल परिस्थितियों में मिलकर 9 विकेट लिए जिससे न्यूजीलैंड की टीम अपने पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 40.2 ओवर में 185 पर आउट हो गई. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कार्यभार प्रबंधन और चोट के कारण नहीं खेलने के बावजूद भारत के कम अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण ने बेहतरीन प्रदर्शन किया,
भारतीय तेज गेंदबाजों ने बादल छाए रहने और पिच से मिल रहे मूवमेंट का पूरा फायदा उठाया. अर्शदीप महंगे साबित हुए लेकिन वह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 70 रन देकर चार विकेट लिए। गुरनूर (44 रन देकर तीन) और कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने उनका अच्छा साथ दिया.
न्यूजीलैंड की तरफ से टिम सीफर्ट ने सर्वाधिक 38 रन बनाए जबकि 11वें नंबर के बल्लेबाज ब्लेयर टिकनर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए चार छक्कों की मदद से 34 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन का योगदान दिया. मैदान के छोटे होने के कारण बल्लेबाज फायदे में नजर आ रहे थे लेकिन अर्शदीप ने एकदम सही लेंथ पर गेंदबाजी की जबकि गुरनूर और कंबोज में बीच के ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया. अंशुल ने बेहद किफायती गेंदबाजी की। उनकी 48 गेंद पर कोई रन नहीं बना.
अर्शदीप ने पावरप्ले के अंदर दो विकेट लिए। न्यूजीलैंड पहले 10 ओवरों में दो विकेट खोकर 45 रन ही बना पाया. गुरनूर के दो विकेट में टॉम लैथम का विकेट भी शामिल था जिनका उन्होंने अपनी ही गेंद पर एक हाथ से रिटर्न कैच लिया. औकिब नबी का भाग्य ने साथ नहीं दिया क्योंकि उनकी गेंद पर नमन धीर ने मिड विकेट पर सीफर्ट का आसान कैच टपका दिया.
अर्शदीप ने विल यंग (09) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। यंग ने पुल शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में उछाल दिया जिसे श्रेयस अय्यर कैच किया. हेनरी निकोल्स (09) ज्यादा सहज नहीं दिखे और वह पुल शॉट लगाने की कोशिश में धीर को कैच दे बैठे, जिन्होंने इस बार कोई गलती नहीं की.
सीफर्ट ने नबी की गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन गुरनूर की शॉर्ट पिच गेंद को उन्होंने हवा में लहरा दिया जिसे सब्सीट्यूट रुतुराज गायकवाड़ ने मिड-ऑन पर आसानी से लपक लिया. गुरनूर ने लैथम को ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया.
चार विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड बैकफुट पर चला गया.शानदार फॉर्म में चल रहे डैरिल मिचेल (28) और फिलिप्स की जोड़ी से लड़खड़ाती पारी को संभालने की उम्मीद थी. लेकिन रोहित शर्मा की सतर्कता और केएल राहुल के प्रयास से मिचेल रन आउट हो गए.न्यूजीलैंड की आधी टीम 100 से कम के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी, ऐसे में कंबोज ने डॉट गेंदों की संख्या बढ़ाकर और दो विकेट लेकर दबाव और बढ़ा दिया. कंबोज ने कप्तान मिचेल सैंटनर और नाथन स्मिथ को पवेलियन भेजा। इसके बाद टिकनर ने अर्शदीप के आखिरी ओवर में तीन छक्के जड़े.
यह भी पढ़ें | शुभमन गिल और पीवी सिंधु के माथे पर एक जैसा 'टेम्पल'! क्रिकेट और बैडमिंटन खिलाड़ियों को क्या होंगे फायदे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं