Who Will Replace Rinku Singh, IND vs ZIM, T20 World Cup: NDTV से रिंकू सिंह के बेहद करीबी दोस्त ने बताया कि रिंकू सिंह के पिता कैंसर की वजह से अस्पताल में भर्ती कराये गये हैं और इसलिए उन्हें टीम इंडिया से वापस अपने घर लौटना पड़ा है. रिंकू अपने पिता से बेहद करीब हैं और इसलिए टीम में रहकर प्रैक्टिस करना उनके लिए मुमकिन नहीं था. रिंकू सिंह की वापसी टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है. मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में रिंकू की अहमियत टीम के लिए ना सिर्फ़ एक फ़िनिशर के तौर पर बनी हुई है, बल्कि वो एक पार्ट टाइम बॉलर के रोल के लिए भी तैयार दिखे हैं. उनकी फ़ील्डिंग टीम के लिए हमेशा एक बोनस साबित हुई है. यह कह पाना मुश्किल है कि वो चेन्नई का मैच खेल पाएंगे या नहीं. रिंकू सिंह अगर गुरुवार के मैच में टीम का हिस्सा नहीं होते हैं तो उनकी जगह कौन लेगा इसको लेकर सवाल है?
पिछली पांच पारियों में रिंकू का प्रदर्शन
पिछले पांच मैचों में रिंकू को अपना जौहर दिखाने का ज़्यादा मौका नहीं मिल पाया लेकिन पिछले पांच मैचों में उन्होंने 6, 1, 11*, 6* और 0 रनों की पारियां खेलीं और एक मैच में गेंदबाज़ी भी की. उन्होंने कुछ शानदार कैच भी लपके. रिंकू अबतक खिलकर अपनी ताक़त दिखाने के सही मौक़े की तलाश में हैं.
पिता के कैंसर की वजह से लौटे
रिंकू सिंह घर लौट आए हैं क्योंकि उनके पिता स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे हैं. भारत के टी20 वर्ल्ड कप टीम के सदस्य रिंकू सिंह के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद वे तुरंत घर लौट आए हैं. रिपोर्ट और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रिंकू के पिता स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित हैं और फिलहाल वेंटिलेटर पर बताये जा रहे हैं. रिंकू सिंह ने टीम के साथ अपने संबंध छोड़कर परिवार के साथ रहने का फैसला किया है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वे टीम में कब वापस आएंगे? टीम प्रबंधन स्थिति पर नजर रखे हुए है.
शानदार फ़िनिशर की खल सकती है कमी
बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह हाल के सालों में भारत की वाइट बॉल टीम का अहम सदस्य साबित हुए हैं. उन्हें जितना भी थोड़ा मौक़ा मिला है उसमें सभी टूर्नामेंट में वो अपना 100% और उससे कहीं ज़्यादा देते नज़र आए हैं. खासकर दबाव की परिस्थितियों में उनकी फिनिशिंग क्षमता की वजह से उनकी अहमियत टीम में बेहद ज़्यादा है. बैटिंग ज़रूरत पड़ने पर बॉलिंग के अलावा अपनी शानदार फ़ील्डिंग के लिए भी उनकी अहमियत टीम में हमेशा बनी रहती है. फ़ैन्स उम्मीद और दुआएं करने लगे हैं कि रिंकू इस मुश्किल घड़ी से निकलकर टीम में अपना योगदान दे सकेंगे. टीम मैनेजमेंट से से आधिकारिक अपडेट का इंतज़ार जारी है.
कौन लेगा रिंकू सिंह की जगह?
रिंकू सिंह अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में किसे शामिल किया जाएगा? यह सबसे बड़ा सवाल है. रिंकू के नाम रहने पर क्या संजू को मौका मिलेगा? भारत के दाएं हाथ के बल्लेबाज संजू सैमसन ने मंगलवार को प्रैक्टिस में जमकर पसीना बहाया है. कोच गौतम गंभीर के साथ उनकी काफी बातचीत हुई है.
संजू सैमसन अगर प्लेइंग इलेवन में आते हैं तो किस पोजिशन पर खेलेंगे, इसको लेकर भी सवाल होगा? क्या वो ओपनिंग करेंगे या फिर नंबर-5 पर आएंगे. और अगर संजू आते हैं तो क्या मैनेजमेंट शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान को नंबर-5 पर भेजता है. संजू को अगर मिडिल ऑर्डर में भेजा जाता है तो भारत मिडिल ऑर्डर में लगातार लेफ्ट हैंडर की समस्या से निपट सकता है. हालांकि, सूर्यकुमार यादव भी तीसरे नंबर पर एक विकल्प के रूप में मौजूद हैं. सैमसन ने भारत के मध्य विकेट अभ्यास सत्र के दौरान काफी समय बिताया. बाद में उन्होंने मुख्य मैदान के पास स्थित एमए चिदंबरम बी नेट पर भी बल्लेबाजी का अभ्यास किया.
काली मिट्टी की पिच पर होगा मुकाबला!
गुरुवार को जिस काली मिट्टी की पिच का दोबारा इस्तेमाल किया जाएगा, वह मिडिल पिच है, जिसका मतलब है कि स्पिनरों को असमान बाउंड्री आयामों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी. जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के बाद, भारत का सुपर आठ का आखिरी मैच 1 मार्च को कोलकाता में वेस्ट इंडीज के खिलाफ है. अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो वह मैच 5 मार्च को मुंबई में खेला जाएगा, सिवाय इसके कि अगर मैच पाकिस्तान के खिलाफ होता है, तो वह 4 मार्च को कोलंबो में होगा.
यह भी पढ़ें: IND vs ZIM, T20 World Cup: चेन्नई की पिच का कैसा है मिज़ाज, टीम इंडिया के सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की ज़मीन कितनी तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं