बीते कुछ दिनों से मीडिया में तैर रही खबरों पर आखिरकार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मुहर लगाते हुए कंफर्म किया कि साई सुदर्शन 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं और सरफराज खान ने उन्हें रिप्लेस किया है. सरफराज की लंबे समय बाद भारतीय टीम में एंट्री हुई है. दाएं हाथ के बल्लेबाज, जो भारत के लिए अब तक छह टेस्ट खेल चुके हैं और 372 रन बना चुके हैं, घरेलू सर्किट में शानदार परफॉर्मेंस के बावजूद टीम से बाहर बैठे रहे. उन्हें आखिरकार इसका इनाम मिला है. अपने सिलेक्शन के ठीक बाद, सरफराज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
टीम इंडिया में एंट्री मिलने के बाद सरफराज ने टीम इंडिया की ट्रैवलिंग जर्सी पहने अपनी एक फोटो पोस्ट की है. एक अन्य तस्वीर में, उनके बगल में उनके पिता भी बैठे थे. बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन को पिछले महीने इंडिया ए टूर के दौरान पैर के अंगूठे में चोट लग गई थी और वह बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (COE) में ठीक हो रहे हैं.
BCCI ने कहा कि सुदर्शन की रिकवरी में काफी सुधार हुआ है और उसकी मेडिकल टीम उनकी प्रोग्रेस पर करीब से नज़र रख रही है. BCCI ने एक रिलीज़ में कहा,"पुरुषों की सिलेक्शन कमिटी ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ के लिए साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को चुना है." "वह 15 अगस्त, 2026 से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए टीम के गॉल जाने से पहले कोलंबो में भारतीय टीम से जुड़ेंगे."
28 साल के सरफराज ने भारत के लिए आखिरी मैच 2024 में मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ था. सरफराज ऑस्ट्रेलिया में 2024/25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज़ के लिए भारत की टीम में थे, लेकिन पांच में से किसी भी मैच में नहीं खेले. वह इंग्लैंड दौरे के दौरान इंडिया ए टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन जून-जुलाई 2025 में पांच मैचों की सीरीज़ के लिए उन्हें मुख्य टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया था.
बता दें, श्रीलंका के खिलाफ सीरीज भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से काफी अहम है. अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद भारत फाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को बढ़ाने के लिए छठे स्थान पर काबिज श्रीलंका के खिलाफ 2-0 की जीत हासिल करना चाहेगा.
अपडेटेड इंडिया स्क्वॉड: शुभमन गिल (कैप्टन), केएल राहुल (वाइस-कैप्टन), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान.
यह भी पढ़ें: IND vs SL: जडेजा, मानव, कुलदीप या सारांश... पहले मैच में किसे मिलेगा मौका? प्लेइंग XI के समीकरण पर कोच का बड़ा बयान
यह भी पढ़ें: शेर-ए-पंजाब टी20 लीग: शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप जैसे दिग्गजों पर भारी पड़ा यह ऑलराउंडर, नीलामी में बरसा पैसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं