श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के अधिकांश खिलाड़ी पहली बार वहां टेस्ट क्रिकेट खेलते नजर आएंगे. कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल समेत कई बल्लेबाज स्पिन के खिलाफ जमकर अभ्यास कर चुके हैं, लेकिन श्रीलंका की धीमी और टर्न लेने वाली पिचों पर असली परीक्षा मैच के दौरान ही होगी. मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम में केवल केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें श्रीलंका में टेस्ट खेलने का अनुभव है. ऐसे में यह दौरा युवा भारतीय टीम के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है.
हाल के समय में घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय बल्लेबाजों की सबसे बड़ी कमजोरी स्पिन गेंदबाजी के सामने उजागर हुई थी. श्रीलंका में भी परिस्थितियां स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल रहने की उम्मीद है और मेजबान टीम के पास घरेलू हालात का फायदा उठाने वाले अनुभवी स्पिनर मौजूद हैं. ऐसे में गॉल में होने वाले पहले टेस्ट से पहले यह अभ्यास मैच भारतीय टीम के लिए बेहद अहम साबित होगा.
सिराज संभालेंगे तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाजी अटैक की कमान मोहम्मद सिराज के हाथों में होगी. उनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मानव सुथार और सारांश जैन देंगे. सिराज को छोड़ दें तो बाकी गेंदबाजी अटैक अपेक्षाकृत युवा और अनुभवहीन है. ऐसे में यह अभ्यास मैच इन खिलाड़ियों के लिए श्रीलंकाई परिस्थितियों में खुद को साबित करने का बेहतरीन मौका होगा.
गुरनूर बराड़ ने हाल ही में भारत-ए की ओर से श्रीलंका दौरे पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया था. वहीं युवा गेंदबाज मानव सुथार और सारांश जैन भी अपनी छाप छोड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे. टीम मैनेजमेंट चाहेगा कि अभ्यास मैच के जरिए गेंदबाज सही लय हासिल करें, ताकि टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम मजबूत शुरुआत कर सके.
पहले सेशन में भारतीय गेंदबाजों की वापसी
भारत के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन श्रीलंका ने पहली पारी में आठ विकेट पर 363 रन बनाये. श्रीलंका के युवा बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को दबाव में ला दिया लेकिन कुलदीप यादव की अगुवाई में स्पिनरों ने आखिरी सत्र में वापसी की. पहले दिन आफ स्पिनर सारांश जैन ने 11 ओवर में 54 रन दिये लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिले. कुलदीप ने 18 ओवर में 76 रन देकर दो विकेट लिये जबकि मानव सुथार ने 11 ओवर में 30 रन देकर एक विकेट चटकाया. रविंद्र जडेजा ने 15 ओवर में 64 रन देकर दो विकेट लिये.
पांच सप्ताह बाद लाल गेंद से तेज रहे तेज गेंदबाजों को लय में आने में समय लगा जबकि स्पिनर भी खतरनाक नहीं दिख रहे थे. लय में दिख रहे कुलदीप के आने के बाद तस्वीर बदली. पहले दिन का खेल श्रीलंका के युवा बल्लेबाजों के नाम रहा. सलामी बल्लेबाज निशान फर्नांडो (65 गेंद में 66 रन) ने भारत के सीनियर तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज (13 ओवर में 44 रन) और प्रसिद्ध कृष्णा (आठ ओवर में 32 रन) को बखूबी खेला.
फर्नांडो ने रविंदु रसांथा (143 गेंद में 71 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 110 रन की साझेदारी की. फर्नांडो एक गलतफहमी के कारण रनआउट हो गए. सोनल दिनुशा (72 गेंद में 52 रन ) ने उम्दा तकनीक का प्रदर्शन करते हुए अच्छे रन बनाये । उन्होंने कुलदीप को एक छक्का भी जड़ा । रमेश मेंडिस ने 49 गेंद में 32 रन जोडे.
ये भी पढ़ें- IND vs SL: सहवाग-धोनी भी नहीं कर पाए थे ये कमाल, ऋषभ पंत इतिहास रचने से सिर्फ 3 छक्के दूर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं