India V/S Namibia: एसोसिएट्स टीम नामीबिया वीरवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 विश्व कप (T20 World Cup 2026) के तहत भारत के खिलाफ अपना दूसरा मैच (IND vs NAM PREVIEW) खेलेगी. लेकिन मैच की पूर्व संध्या पर मेहमान कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने ऐसा सवाल खड़ा कर दिया है, जिसका जवाब आयोजकों को ढूंढना होगा. इरास्मस ने इस बात की ओर इशारा किया कि उनकी टीम को दिल्ली में भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले रात में अभ्यास का स्लॉट नहीं दिया गया है, जबकि यह मैच गुरुवार को शाम 7 बजे से शुरू होगा. नामीबिया ने 10 फरवरी को इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ सुबह 11 बजे मैच खेला था. नामीबिया ने बुधवार को अभ्यास करने का फैसला किया. वहीं भारत ने 10 और 11 फरवरी को रात 6 से 9 बजे तक अभ्यास किया. दिलचस्प बात यह है कि बुधवार को उन्हीं समयों में कनाडा ने भी अभ्यास किया. कनाडा अपना अगला मैच 13 फरवरी को यूएई के खिलाफ दिल्ली में खेलेगा, लेकिन वह मुकाबला दोपहर 3 बजे से शुरू होगा.
इरास्मस ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हां हमें इस मैच से पहले रात में अभ्यास सत्र नहीं दिया गया. मुझे नहीं पता क्यों. मुझे लगता है कि भारत ने दो रात के अभ्यास सत्र लिए हैं हमे बाहर देखा कि कनाडा भी अब रात में अभ्यास करेगा. आप चाहें तो इस पर अपनी राय बना सकते हैं, लेकिन हम अपने नामीबियाई तरीके से ही मैदान पर उतरेंगे. हम मैदान पर लड़ाई लड़ने के लिए उतरेंगे.'वैसे यह मुद्दा शायद इतना बड़ा नहीं होता अगर नामीबिया के पास घरेलू स्तर पर अच्छी इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाएं होतीं. उन्हें ऐसे मैचों का अनुभव ही नहीं है, क्योंकि उनके देश में इन सुविधाओं की कमी है.
इरास्मस ने कहा, 'नामीबिया में हमारे पास फ्लडलाइट्स नहीं है. इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से यह हमारे लिए चुनौती है. इसलिए जिन खिलाड़ियों ने नेपाल प्रीमियर लीग, ILT20 या वर्ल्ड कप्स में खेला है, उन्हें छोड़कर बाकी खिलाड़ियों को रोशनी में खेलने या अभ्यास करने का बहुत अनुभव नहीं है.'
यह भी पढ़ें: दूसरे सुपर ओवर में इन 2 सुपर गलतियों की अफगानिस्तान ने चुकाई भारी कीमत, नहीं करते, तो हाथ में होती जीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं