टीम इंडिया के सुपर किड वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का जादू अब दुनिया पर चढ़ना शुरू हो गया है. आयरलैंड में शुक्रवार से शुरू हो रही दो टी20 मैचों की सीरीज में सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर जबर्दस्त उत्साह है. हाल ही में आईपीएल (IPL) में अपने शानदार प्रदर्शन से फैंस का दिल जीतने वाले सूर्यवंशी, 26 जून से बेलफास्ट में शुरू हो रही दो मैचों की सीरीज के दौरान सीनियर भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने की कतार में हैं. भारत और आयरलैंड के पूर्व क्रिकेटर एमवी नरसिम्हा राव के अनुसार, 'इस किशोर खिलाड़ी को लेकर बने माहौल के कारण टिकटों के लिए भारी होड़ मची है पूरे यूरोप से प्रशंसक इस ऐतिहासिक पल को व्यक्तिगत रूप से देखने के लिए उत्सुक हैं.
Look at Vaibhav Suryavanshi, Sanju Samson, Axar Patel and Abhishek Sharma's reaction to the fans and the media as Team India arrived at their team hotel in Belfast. ❤️
— Sonu (@Cricket_live247) June 24, 2026
Team India arrived at the hotel late at night at 12:30 a.m. pic.twitter.com/PUhYk1jv7g
'स्टेडियम छोटा पड़ सकता है'
नरसिम्हा राव ने आयरलैंड से कहा, 'मुझे लगता है कि स्थानीय आयोजकों को स्टेडियम (स्टॉर्मोंट ग्राउंड) में और अधिक सीटें लगानी होंगी क्योंकि इस मैदान की क्षमता केवल 7,000 सीटों के आसपास ही है. पेरिस जैसे यूरोप के अन्य हिस्सों से भी लोग यहां आना चाहते हैं और उम्मीद है कि हम उन्हें समायोजित करने का कोई रास्ता निकाल लेंगे.' पूर्व ऑलराउंडर का मानना है कि अगर सूर्यवंशी का डेब्यू होता है, तो यह आयरिश क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बन सकता है. उन्होंने कहा, 'अगर वह आयरलैंड में अपना डेब्यू करते हैं, तो यह एक ऐतिहासिक और यादगार दिन होगा. इसकी उम्मीद नहीं थी और पिछले 10 दिनों में इसे लेकर यहाँ वाकई में बहुत बड़ा उत्साह देखा जा रहा है.'
राव ने इस युवा खिलाड़ी की तुलना सोबर्स से की
साल 1980 के दशक के मध्य में भारत के लिए चार टेस्ट मैच खेलने वाले और बाद में 1990 के दशक में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करने वाले राव को लगता है कि बेलफास्ट की परिस्थितियां इस युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज के अनुकूल हो सकती हैं.
उन्होंने कहा, 'वह अद्भुत हैं और उन्हें खेलते देखना शानदार है. मैंने आईपीएल के दौरान उन्हें टेलीविजन पर देखा था. वह यहाँ बल्लेबाजी का आनंद ले सकते हैं क्योंकि यहां के विकेट आमतौर पर धीमे होते हैं और आयरलैंड के पास बहुत अधिक गति (पेस) वाले तेज गेंदबाज नहीं हैं.' हालांकि, राव ने आगाह भी किया कि जब भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी तब सूर्यवंशी की असली और कड़ी परीक्षा होगी क्योंकि वहां गेंद स्विंग होती है और टी20 के छोटे समय में भी मौसम बदल जाता है.
'गैरी सोबर्स जैसी बल्लेबाजी'
अनुभवी कोच ने सूर्यवंशी के बल्लेबाजी स्टाइल की तुलना वेस्टइंडीज के महान दिग्गज सर गैरी सोबर्स से की. उन्होंने कहा, 'मैंने गैरी सोबर्स के जो कुछ मैच देखे थे. वैभव का स्टाइल मुझे उनकी याद दिलाता है. वही हाई बैकस्विंग, सीधे आने वाला बल्ला और गेंद को बहुत जल्दी भांप लेना. वह इस छोटी सी उम्र में भी खेल के हर शॉट को खेलने में सक्षम हैं.'
तेंदुलकर की तरह जमीन से जुड़े रहने की सलाह
इस बढ़ते हाइप के बावजूद राव ने इस युवा खिलाड़ी को जमीन पर बने रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा, 'भगवान ने उन्हें असाधारण प्रतिभा दी है. लेकिन मेरी सलाह यही होगी कि तेंदुलकर की तरह उन्हें अपना सिर नीचे रखना चाहिए और पैर जमीन पर रखने चाहिए. यह उनके लिए एक बड़ी परीक्षा होगी क्योंकि वे अब एक सुपरस्टार बन चुके हैं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं