भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की शुरुआत बुधवार को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड से होनी है. टीम इंडिया आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में 0-2 से हारकर आई है. ऐसे में उसकी कोशिश पिछली हार को भुलाकर आगे बढ़ने और जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करने की होगी. वहीं इस मुकाबले में बाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर भी फैंस की नजरें होंगी, जिनके निशाने पर इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव का वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा.
अभिषेक के निशाने पर सूर्या का वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा अगर सीरीज के पहले मुकाबले में 13 रन बनाने में सफल होते हैं तो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1500 रन पूरे हो जाएंगे. वह इस मुकाम तक सबसे कम गेंदों में पहुंचने वाले खिलाड़ी होंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड वर्ल्ड चैंपियन कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम है, जिन्होंने 843 गेंदों में यह कारनामा किया था.
अभिषेक ने अभी तक 48 मैचों की 47 पारियों में 191.62 की स्ट्राइक रेट से 776 गेंदों में 1487 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और 10 अर्द्धशतक भी आए हैं. सूर्या एकमात्र खिलाड़ी थे, जिन्होंने जब 1500 रन पूरे किए थे, तब उनका स्ट्राइक रेट 180.34 था. अभिषेक इस मामले में भी सूर्या को पीछे छोड़ देंगे. हालांकि, पारी के हिसाब से यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से चार बल्लेबाजों- विराट कोहली, बाबर आजम, एरोन फिंच और केएल राहुल के नाम है, जिन्होंने 39 पारियों में यह कारनामा किया था.
कप्तान अय्यर की नजर पहली जीत पर
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाने के बाद अब भारतीय टीम बुधवार से एक नया अध्याय शुरू करेगी. रिवरसाइड ग्राउंड पर भारतीय समय के अनुसार रात 10 बजे से खेला जाएगा. 'अय्यर एंड कंपनी' के सामने कई सवाल हैं. यह दुनिया की सबसे मजबूत टी20 टीमों में से एक के खिलाफ खुद को फिर से साबित करने का मौका भी है.
आयरलैंड में मिली हार ने भारत की बैटिंग यूनिट को लेकर चिंता खड़ा कर दी है. विस्फोटक स्ट्रोक-मेकर्स से भरी लाइन-अप होने के बावजूद, मेहमान टीम दोनों मैचों में बड़ी साझेदारी बनाने या अहम मौकों पर फायदा उठाने में नाकाम रही. अब जब उनके सामने 5 मुकाबलों की लंबी सीरीज है, तो भारत उम्मीद करेगा कि पिछले झटके सबक के तौर पर काम आएं.
एक बार फिर सभी की निगाहें नए कप्तान श्रेयस अय्यर पर होंगी. भले ही अय्यर ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में शानदार कप्तान के तौर पर पहचान बनाई है, लेकिन विदेशी हालात में भारत की कप्तानी करना बिल्कुल अलग चुनौती है. मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की वापसी से भारत को सही समय पर मजबूती मिली है.
ऐसी है दोनों टीमें
भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई.
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट (विकेटकीपर), जोश टोंग, ल्यूक वुड.
यह भी पढ़ें: महिला T20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड की पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय टीम के शेड्यूल पर उठाए सवाल, मिली जान से मारने की धमकी
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: फ्रांस ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, स्वीडन को 3-0 रौंदा, ऐसा करने वाली पहली टीम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं