विज्ञापन
This Article is From Nov 11, 2019

IND vs BAN T20I Series: नंबर चार बल्लेबाज के रोल पर खरे उतरे 24 साल के Shreyas Iyer

IND vs BAN T20I Series: नंबर चार बल्लेबाज के रोल पर खरे उतरे 24 साल के Shreyas Iyer
India vs Bangladesh: Shreyas Iyer ने नागपुर टी20 में 33 गेंदों पर 62 रन बनाए
  • कहा-टीम मैनेजमेंट ने बताया है, मैं ही इस रोल में रहूंगा
  • नागपुर में तीसरे टी20 मैच में खेली 62 रन की पारी
  • हाल में टीम इंडिया में नंबर चार को लेकर होते रहे हैं प्रयोग
नागपुर:

India vs Bangladesh: शॉर्टर फॉर्मेट के क्रिकेट में टीम इंडिया की नंबर 4 बल्लेबाज की तलाश पूरी होती नजर आ रही हैं. बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज (India vs Bangladesh, T20 Series) में मुंबई के युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer)इस रोल पर पर खरे उतरे और उन्होंने दिल्ली में 22, राजकोट में नाबाद 24 और नागपुर में रविवार को हुए तीसरे टी20 मैच में 62 रन की पारी खेली. श्रेयस अय्यर के अनुसार, टीम मैनेजमेंट ने उनके सामने स्पष्ट किर दिया है कि सीमित ओवरों की क्रिकेट में वही नंबर चार बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे. नागपुर में श्रेयस ने कल अपना टी20I का सर्वोच्च स्कोर और इस फॉर्मेट का पहला अर्धशतक बनाया. 24 साल के श्रेयस ने अब तक देश के लिए 9 वनडे और 11 टी20 मैच खेले हैं. वनडे में उन्होंने 49.42 के औसत और 105.81 के स्ट्राइक रेट से 346 रन बनाए हैं जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट यानी टी20 में 26.50 के औसत और 131.67 के औसत से 212 रन बनाए हैं. टी20 इंटरनेशनल के श्रेयस के मौजूदा औसत को बहुत अच्छा तो नहीं माना जा सकता लेकिन हाल में उनके बल्लेबाजी प्रदर्शन में जो स्थिरता आई है, वह तारीफ के काबिल है.

 Deepak Chahar ने जीता सबका दिल, BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने यूं की तारीफ..

गौरतलब है कि टीम प्रबंधन ने हाल के समय में नंबर चार पर कई प्रयोग किये लेकिन उसे लगातार असफलताएं मिली हैं. वर्ल्डकप-2019  (World Cup 2019) से पहले भी कई खिलाड़ियों को इस नंबर पर आजमाया गया लेकिन कोई भी जगह पक्की नहीं कर पाया. क्रिकेट महाकुंभ में विजय शंकर पर भरोसा दिखाया गया लेकिन यह प्रयोग भी नाकाम रहा. अय्यर ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में 33 गेंदों पर 62 रन की पारी खेलने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘उन्होंने (टीम प्रबंधन) मुझे साफ कर दिया है कि ‘तुम नंबर चार पर बल्लेबाजी करोगे, इसलिए खुद पर भरोसा रखो.' श्रेयस (Shreyas Iyer) ने कहा, ‘मेरे लिए नंबर चार पर मानदंड स्थापित करने के लिये पिछली कुछ सीरीज वास्तव में महत्वपूर्ण रहीं. इस नंबर के लिये हम सभी प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं. '

टीम के दो प्रमुख बल्लेबाजों कप्तान विराट कोहली और उप कप्तान रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद अय्यर ‘फिनिशर' की भूमिका निभाने वाले खिलाड़ियों में भी शामिल होंगे. वर्ल्डकप टीम में जगह नहीं बना पाने की निराशा से उबर चुके इस 24 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा, ‘अगर कोहली और रोहित आउट हो जाते हैं कि तो हमें कोई ऐसा बल्लेबाज चाहिए जो आखिर तक बल्लेबाजी कर सके. यही नंबर चार की भूमिका है. मैंने आज यही करने की कोशिश की और मेरे लिये यह अच्छा रहा. 'अय्यर से पूछा गया कि अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप से पहले टीम उन जैसे कुछ खिलाड़ियों को आजमा रही है और ऐसे में उनकी यह पारी कितना महत्व रखती है? इस पर उन्होंने कहा, ‘हां, निश्चित तौर पर टीम में काफी प्रतिस्पर्धा है. मुझे लगता है कि मेरी खुद से प्रतिस्पर्धा है. मैं नहीं चाहता कि किसी के साथ मेरा आकलन किया जाए. '

वैसे, अय्यर (Shreyas Iyer) भले ही पिछले कुछ समय से नंबर चार पर बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन वह टीम की जरूरत के हिसाब से किसी भी नंबर पर खेलने के लिये तैयार हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं वास्तव में खुले दिमाग का हूं और किसी भी नंबर पर खेल सकता हूं. इसलिए मैं कड़ी परिस्थितियों में खुद पर भरोसा रखता हूं और आज की पारी दिखाती है कि मैं दबाव में भी खेल सकता हूं.' अय्यर ने कहा, ‘सहयोगी स्टाफ ने मुझे ही नहीं, बाकी सभी बल्लेबाजों को स्वच्छंद होकर खेलने की छूट दी है. जब आप बल्लेबाजी कर रहे हों तो आपको बहुत सकारात्मक होना चाहिए. अगर गेंद मेरे लिये अनुकूल हो तो मैं खुद पर नियंत्रण नहीं रखूंगा. मैं अपनी सूझबूझ से उसे खेलूंगा.'उन्होंने कहा, ‘‘जिस ओवर में मैंने तीन छक्के लगाये, उससे पलड़ा हमारी तरफ झुक गया, अन्यथा हम 150 या 155 के स्कोर तक ही पहुंच पाते. इस स्कोर का बचाव करना वास्तव में मुश्किल होता क्योंकि ओस काफी पड़ रही थी और खेल बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिये बेहतर होती जा रही थी. 'अय्यर ने मैच में रिकॉर्ड छह विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज दीपक चाहर और तीन विकेट लेने वाले शिवम दुबे की भी तारीफ की.

वीडियो: सौरव गांगुली ने बीसीसीआई का अध्यक्ष पद संभाला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shreyas Santosh Iyer, Cricket, India Vs Bangladesh 2019/20
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com