विज्ञापन

IND vs AFG: 'घरेलू क्रिकेट में खासा समय गुजारने से मदद मिली', गुरनूर बरार ने किया सक्सेस मंत्र का खुलासा

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने बाकी है. अभी एक मैच खेला जाएगा, लेकिन यह कहने में कोई गुरेज नहीं कि सबसे बड़ी देन लंबू पेसर गुरनूर बरार रहे हैं

IND vs AFG:  'घरेलू क्रिकेट में खासा समय गुजारने से मदद मिली', गुरनूर बरार ने किया सक्सेस मंत्र का खुलासा
गुरनूर बरार ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है
Source: scocial media

भारत के उभरते हुए तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ का मानना ​​है कि घरेलू क्रिकेट में वर्षों तक अपने कौशल को निखारने और सबसे बड़े मंच पर कदम रखने से पहले भारत 'ए' की टीम की तरफ से खेलने के कारण वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सहजता से प्रवेश करने में सफल रहे. पंजाब के इस तेज गेंदबाज नेअफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पहली वनडे श्रृंखला में अपनी गति और नियंत्रण से सबको प्रभावित किया है.

'भारत 'A' में चयन बड़ी बात थी'

बराड़ ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत की 170 रन से जीत के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मेरे लिए भारत 'A' के टीम में जगह बनाना बड़ी बात थी. अगर हम रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो हमें भारत 'ए', दलीप ट्रॉफी या ईरानी कप के लिए चुना जाएगा. जब मुझे भारत ए टीम में शामिल किया गया तो मैं बहुत खुश था.' इस 20 वर्षीय तेज गेंदबाज ने वर्तमान श्रृंखला में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अपनी गति, उछाल और दबाव में यॉर्कर डालने की क्षमता से बल्लेबाजों को परेशान किया है. बराड़ ने दोनों वनडे मैचों में 15.5 ओवर में छह विकेट लिए हैं.

'रणजी ट्रॉफी जैसी ही एप्रोच रखी'

उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए यह बिल्कुल वैसा ही था, जैसा रणजी में गेंदबाजी करते समय होता था. तेज गेंदबाजी करना, सटीक लेंथ पर गेंद डालना और गेंद को स्विंग कराना. मैंने भारत ए की तरफ से खेलते हुए भी ठीक वैसा ही करने की कोशिश की और उसी लाइन पर गेंद डाली.' छह फीट पांच इंच लंबे बराड़ ने अपनी शॉर्ट पिच गेंदों से बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है.

'खुद पर है भरोसा'

बराड़ बोले, ‘मैं खुद पर और अपने काम पर भरोसा रखता हूं. मैं जिस तरह की गेंद भी करूं, उस पर भरोसा रखता हूं. मैं इन दोनों मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना चाहता था. मुझे पता है कि मैं इससे भी बेहतर प्रदर्शन कर सकता था. उम्मीद है कि आगामी मैचों में मैं और बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहूंगा.' बराड़ ने इसके साथ ही कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलने से उन्हें फायदा मिला.

'गुजरात टाइटंस के माहौल से मदद मिली'

उन्होंने कहा, ‘गुजरात टाइटंस में बहुत अच्छा माहौल है. वहां आशीष नेहरा सर, कैगीसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और इशांत शर्मा जैसे खिलाड़ी हैं, जिनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है. जाहिर है, हर खिलाड़ी खेलने का मौका चाहता है और मैं भी वहां अपने मौके का इंतजार कर रहा था. मुझे वहां सीखने का काफी मौका मिला. मैं भारत की तरफ से खेलने से बहुत खुश हूं.'

लेखक के बारे में
img
मनीष शर्मा
डिप्टी न्यूज एडिटर
उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज,लखनऊ... वीनू मांकड़ ट्रॉफी... और फिर कूच बिहार ट्रॉफी में प्रतिनिधित्व करने के बाद, मनीष शर्मा का साल 2002 से राष्ट्रीय म... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurnoor Singh Brar, India, Afghanistan, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com