भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर सैयद के इरादे बुलंद नज़र आये. अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने टीम की रणनीति, ओपनर्स खिलाड़ियों की इंजरी और कोच गौतम गंभीर के रवैया को लेकर खुलकर बात की. इस दौरान उन्होंने टीम में तीन ओपनरों का होना लग्जरी बताया, लेकिन इस पर पत्ते नहीं खोले कि कल ओपनिंग कौन करेगा. साथ ही उन्होंने ईशान किशन की इंजरी पर अपडेट भी दिया है.
तीन ओपनर्स की लग्जरी
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज की शुरुआत की पूर्व संध्या पर मीडिया के सामने आए भारतीय कप्तान से ओपनिंग समीकरण को लेकर सवाल हुआ कि संजू सैससन या वैभव सूर्यवंशी किसे मौका मिलेगा? इस पर अय्यर ने कहा,"तीनों का टीम में होना एक लग्जरी है. वे अपने-अपने डिपार्टमेंट में फ्लोलैस हैं और लगातार परफॉर्म कर रहे हैं, इसलिए ये एक टाइट कॉल होने वाला है. जिसे भी मौका मिलेगा, वो टीम के फायदे के लिए होगा." उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी मिस करेगा, उससे कोच के साथ मिलकर बात करना और उसे कॉन्फिडेंस देना जरूरी है.
ईशान किशन की इंजरी!
ईशान किशन को शुक्रवार को प्रैक्टिस के दौरान चोट लगी थी. ऐसे में उनके खेलने पर सस्पेंस था. ईशान की चोट पर अपडेट देते हुए अय्यर ने बताया,"ईशान अभी कंफर्टेबल है. प्रैक्टिस के बाद मेरी उससे बात हुई. ये बस एक छोटा सा निगल था और वो लगातार क्रिकेट खेल रहा है. आज उसे रेस्ट मिला है और मुझे यकीन है कि वो कल के लिए फिट होगा." कॉम्बिनेशन पर अय्यर ने कहा कि वो एक स्पेसिफिक खिलाड़ी को सही पोजीशन पर खिलाने में भरोसा रखते हैं.
बीते कुछ समय से भारतीय टीम खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है और इसको लेकर बीसीसीआई के सीओई पर भी सवाल उठे हैं. लगातार इंजरी को लेकर पूछे जाने पर अय्यर ने कहा, "मुझे ये निराशाजनक नहीं लगता. हमें समझना होगा कि खिलाड़ी लगातार कितनी क्रिकेट खेल रहा है. कोई भी खिलाड़ी जानबूझकर इंजर्ड नहीं होता. आप सिर्फ इतना कंट्रोल कर सकते हैं कि उस दिन कौन अवेलेबल है और उसे कॉन्फिडेंस देना है."
बुमराह की वापसी
बुमराह इस सीरीज से वापसी कर रहे हैं. बुमराह को लेकर कप्तान ने कहा,"जब कोई खिलाड़ी इंजरी से आता है, तो उसे गेम टाइम मिलना जरूरी है. कल मेरी उनसे बात हुई और वो उसी mindset में है कि आकर टीम के लिए परफॉर्म करे और हमें चैंपियनशिप जिताने में मदद करे."
कोच गंभीर का रवैया असरदार
जब कप्तान से कोच के साथ उनके रिश्तो और उनके साथ काम करने को लेकर सवाल हुआ तो कप्तान ने कहा,"उनका माइंडसेट एक चैंपियन वाला है. वो टीम में बहुत ट्रस्ट और कॉन्फिडेंस बनाते हैं और उनका वन-ऑन-वन प्लेयर मैनेजमेंट जबरदस्त है."
आखिर में अय्यर ने कहा कि अफगानिस्तान एक क्वालिटी टीम है और एशियन गेम्स से पहले ये सीरीज उनके लिए एक शानदार तैयारी है. उन्होंने यह भी कहा कि वह एशियाड के दौरान दूसरे ओलिंपिक खिलाड़ियों से मिलने को लेकर उत्साहित है और वह कुछ मैचों में दूसरे टीमों की हौसला अफजाई के लिए भी जाएंगे.
यह भी पढ़ें: नंबर 1 नीरज चोपड़ा की जगह रोहित यादव से उम्मीद, एशियन गेम्स में पहली बार हिस्सा ले रहे हैं ये 5 स्टार
यह भी पढ़ें: एशियाड से चूकी खिलाड़ी ने रोते हुए कहा-ये मेरा आखिरी वीडियो, फेडरेशन ने भेदभाव के आरोप पर दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं