एशियाई खेल 2026 जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे. भारत कई खेलों में भाग लेकर आ रहा है और पिछले संस्करणों में अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की कोशिश करेगा. महाद्वीपीय बहु-खेल आयोजन में खेल गतिविधियां 10 सितंबर से शुरू होंगी, जो उद्घाटन समारोह से नौ दिन पहले है. भारत का अभियान 17 सितंबर को टेकबॉल से शुरू होगा, जबकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम 18 सितंबर को क्वार्टर फाइनल में जापान का सामना करेगी.
भारत क्रिकेट और कबड्डी में अपने पुरुष और महिला खिताबों का बचाव करेगा, जबकि भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी मौजूदा चैंपियन के रूप में खेलों में प्रवेश करेगी.
रोहित यादव (जैवलिन)
भारतीय भाला फेंक स्टार रोहित यादव एशियन गेम्स 2026 में भारत की बड़ी उम्मीदों में शामिल हैं. नीरज चोपड़ा के चोटिल होकर बाहर होने के बाद रोहित पर जिम्मेदारी और बढ़ गई है. हाल के महीनों में उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 87.68 मीटर है. नई दिल्ली में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में उन्होंने 81.10 मीटर थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया था. दमदार फॉर्म में चल रहे रोहित से एशियाड में पदक की मजबूत उम्मीद है.
सुरुचि फोगाट (निशानेबाजी)
भारतीय शूटिंग की नई सनसनी सुरुचि फोगाट पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा लेने जा रही हैं. 19 वर्षीय शूटर ने इस साल कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को पदक दिलाए हैं. 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उनकी निरंतरता ने उन्हें देश की सबसे भरोसेमंद युवा निशानेबाजों में शामिल कर दिया है. विश्व स्तर पर खुद को साबित कर चुकी सुरुचि अब एशियाड में गोल्ड जीतकर बड़ा बयान देना चाहेंगी.
आयुष शेट्टी (बैडमिंटन)
भारतीय बैडमिंटन के उभरते सितारे आयुष शेट्टी ने 2026 में शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है. लंबे कद और आक्रामक खेल के लिए पहचाने जाने वाले आयुष ने इस सीजन में कई बड़े खिलाड़ियों को हराकर अपनी क्षमता दिखाई है. हाल ही में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में उनके लगातार अच्छे नतीजों ने उन्हें एशियन गेम्स टीम में जगह दिलाई. पहली बार एशियाड खेलने जा रहे आयुष से भारत को पदक की उम्मीद है.
सुजीत कलकल (कुश्ती)
भारतीय पहलवान सुजीत कलकल भी एशियन गेम्स 2026 में पहली बार हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार दमदार प्रदर्शन करने वाले सुजीत ने चयन ट्रायल में शानदार खेल दिखाकर टीम में जगह बनाई. अपनी आक्रामक कुश्ती शैली और फिटनेस के दम पर उन्होंने मजबूत पहचान बनाई है. एशियाई खेलों में वह भारत के लिए पदक की चुनौती पेश कर सकते हैं.
साक्षी चौधरी (बॉक्सिंग)
भारतीय मुक्केबाजी की युवा स्टार साक्षी चौधरी पिछले एक साल से बेहतरीन फॉर्म में हैं. जूनियर स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने के बाद उन्होंने सीनियर सर्किट में भी शानदार प्रदर्शन किया है. हालिया राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मिले अच्छे नतीजों ने उन्हें एशियन गेम्स के लिए भारत की मजबूत दावेदार बनाया है. पहली बार एशियाड में उतर रहीं साक्षी से भारत को बॉक्सिंग में पदक की उम्मीद रहेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं