भारत-अफगानिस्तान के बीच दिल्ली में कल से शुरू होने वाले तीन टी-20 की सीरीज से पहले वैभव सूर्यवंशी बेहद ख़तरनाक नज़र आ रहे हैं. क़रीब घंटे भर चली टीम इंडिया की प्रैक्टिस के बाद बूंदा-बांदी शुरू हुई और मैदान पर कवर्स डाल दिये गये. लेकिन इसके पहले थोड़ी देर तक वैभव सूर्यवंशी अपने जाने-माने कारनामों से दर्शकों और मीडिया की आह! वाह! लूटते रहे.
वैभव के पिता और भाई आशीर्वाद ने उठाया छक्कों का लुत्फ
वैभव बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे तो ड्रेसिंग रूम से वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी और छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी इसका लुत्फ़ उठाते रहे. वैभव ने नेट बॉलर्स और थ्रो बॉलर्स के साथ रेंज हिटिंग कर लंबे-लंबे छक्के लगाये. कुछ छक्के तो लॉन्ग ऑन और लॉन्ग ऑन को पारकर दर्शकों के स्टैंड तक पहुंचे.

वैभव सूर्यवंशी के पिता और भाई, Photo Credit: NDTV
टी-20 में वैभव के नाम 16 चौके और 14 छक्के
वैभव सूर्यवंशी ने अब तक खेले गए 6 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में 189 के स्ट्राइक रेट से 2 हाफ सेंचुरी के सहारे 193 रन बनाये हैं. इन 6 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में उनके नाम 16 चौके और 14 छक्के लगाये हैं. वैभव जिस इरादे के साथ नेट्स पर अभ्यास करते दिखे, लगता है अफगानिस्तान के गेंदबाजों की ख़ैर नहीं.
वैभव ने कोच गंभीर से लिए टिप्स
बारिश से पहले नेट्स पर हाथ आज़माने के बाद वैभव गौतम गंभीर से भी टिप्स लेते दिखे. गंभीर इशारों से तो एलिवेशन और डायरेक्शन के सहारे वैभव को बाउंड्री के पार का रास्ता बताते ही दिखे.
टीम इंडिया के दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा ने कुछ देर गेंदबाजी का भी अभ्यास किया. वहीं तिलक वर्मा ने भी बैटिंग प्रैक्टिस की. बैटिंग के बाद तिलक वर्मा बैटिंग कोच सितांशु कोटक से सलाह- मशविरा करते दिखे.
मैदान से बाहर मिले ओपनर्स के पिता
वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी अपने बेटे आशीर्वाद के साथ मैदान से बाहर जाते दिखे फ़ैन्स उनके साथ भी तस्वीर खिंचवाने की होड़ में दिखे. उनके जाने के दौरान अभिषेक शर्मा के पिता की एंट्री हो रही थी और दोनों ने एक- दूसरे को शुभकामनाएं दीं.
श्रेयस अय्यर का घर में इम्तिहान
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम पहली बार अपने घर पर टी20 सीरीज खेलने जा रही है. हालांकि, तकनीकी तौर पर इस सीरीज का मेजबान अफ़ग़ानिस्तान है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी गई.
अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया को आयरलैंड और इंग्लैंड में हार का सामना करना पड़ा. लेकिन इसके बाद इसके बाद भारतीय टी20 टीम ने जिम्बाब्वे को शिकस्त दी. इसलिए एशियाड से पहले श्रेयस अय्यर के लिए ये एक अहम चुनौती साबित हो सकती है.
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर
अफगानिस्तान टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेयालिया खारोटे, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक.
ये भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह के आगे बेबस दिखे वैभव सूर्यवंशी, नेट्स में तेज गेंदबाज ने जमकर बहाया पसीना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं