Harbhajan Singh Net Worth: आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ऐलान किया वह और उनके साथ और सात सांसदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. इस सूची में पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह का भी नाम है. हरभजन इन दिनों आईपीएल में कमेंट्री कर रहे हैं और उनकी तरफ से कोई कमेंट नहीं आया है.
राघव चड्ढा ने बताया कि राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद उनके साथ है. इन सभी सांसदों ने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं और सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागज़ात शामिल हैं, राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए गए हैं. हरभजन सिंह ने 21 मार्च 2022 को आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी और उसी दिन पार्टी ने उन्हें पंजाब से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया था. उन्होंने 10 अप्रैल 2022 को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली थी.
राज्यसभा पहुंचने के बाद इस क्रिकेटर ने संसद में खेल और खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दे उठाए. उन्होंने पंजाब में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने, खिलाड़ियों को अवसर देने और युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने की बात कही. एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, राज्यसभा में दिए अपने हलफनामे में हरभजन सिंह ने बताया कि उनके पास कुल 81,80,10,986 की एसेट्स है.
हरभजन अभी क्रिकेट कमेंट्री, ब्रांड एंडोर्समेंट से पैसे कमाते है. इसके अलावा उन्हें बीसीसीआई की तरफ से पेंशन भी मिलती है. ब्रांड एंडोर्समेंट हरभजन की कमाई का एक और बड़ा जरिया है. अपने आक्रामक अंदाज़ और लोकप्रिय छवि के चलते वह कई नामी ब्रांड्स का चेहरा रह चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने स्पोर्ट्स से जुड़े कारोबार और अन्य निवेशों में भी हाथ आजमाया है. राजनीति में कदम रखने के बाद हरभजन सिंह 2022 में आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद बने. उन्हें सांसद के तौर पर वेतन और भत्ते भी मिलते हैं.
राज्यसभा के लिए नामांकन देते वक्त हरभजन ने जो हलफनामे दिया, उसके अनुसार, इस क्रिकेटर के बाद देश के अलग-अलह शहरों में संपत्ती है. उनके पास मुंबई के सांता क्रूज, चंडीगढ़, मोहाली, जालंधर, अहमदाबाद और आंध्रप्रदेश के नालगंडा जिले में अचल संपत्तियां हैं. इनकी कुल कीमत 59 करोड़ रुपये है. चंडीगढ़ में मौजूद हरभजन सिंह के घर की कीमत 28 करोड़ रुपये है.
इसके अलावा उनके पास मंहगी घड़ी, सोना, हीरा, और एलआईसी पॉलिसि भी है. जिनकी कीमत भी लाखों में हैं. साथ ही उनके नाम चार गाड़ियां हैं. बॉन्ड, डिबेंचर और शेयरों में हरभजन सिंह ने 1 करोड़ से अधिक का निवेश किया है. जबकि उनके खातों में 14 करोड़ से अधिक रकम है.
यह भी पढ़ें: Muhammad Nawaz: मुश्किल में मोहम्मद नवाज, क्रिकेट से बैन कर सकती है ICC, डोप टेस्ट पर PCB ने ICC को सौंपी रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं