Gautam Gambhir on Team India Dressing Room Environment After T20 WC 2026 Win: गौतम गंभीर अब भारतीय क्रिकेट में कोच के रूप में एक खास मुकाम पर पहुंच चुके हैं. उनके पास करीबी कोच दो ICC खिताब हैं ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और ICC पुरुष T20 विश्व कप 2026. हालांकि यह सफर पूरी तरह आसान नहीं रहा. 2024 के T20 विश्व कप के बाद शुरू हुए उनके कोचिंग कार्यकाल के दौरान भारत को टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. इसके अलावा वनडे में भी टीम को श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज गंवानी पड़ी. इस दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं होती रहीं और कुछ बड़े खिलाड़ियों के संन्यास ने भी सुर्खियां बटोरीं, लेकिन T20 विश्व कप जीतने के एक दिन बाद दिए गए इंटरव्यू में गंभीर ने इन सभी सवालों का खुलकर जवाब दिया.
भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल पर गंभीर ने कहा
आजतक को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उनकी सोच बिल्कुल साफ है. उनके अनुसार, अगर टीम के ज्यादातर खिलाड़ी उनसे खुश नहीं हैं, तो ड्रेसिंग रूम में उनके बने रहने का कोई मतलब नहीं है. वहीं अगर अधिकतर खिलाड़ी खुश हैं, तो इसका मतलब है कि वो अपना काम सही तरीके से कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय टीम का माहौल किसी से छिपा नहीं रह सकता, क्योंकि टीम हमेशा मीडिया और लोगों की कड़ी नजर में रहती है.
टीम के माहौल पर उठ रहे सवाल बेबुनियाद
गंभीर ने टीम के माहौल पर उठ रहे सवालों को बेबुनियाद बताया. उनका कहना था कि अगर कोई टीम को करीब से देखे चाहे वह टूर के दौरान हो, अभ्यास सत्र में या खिलाड़ियों के इंटरव्यू में तो उसे खुद समझ आ जाएगा कि टीम के भीतर माहौल कैसा है.
तो आप वह उम्मीद बहुत जल्दी खो सकते हैं
उन्होंने खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी अपनी सोच स्पष्ट की. गंभीर ने कहा, "देखिए, आप खिलाड़ियों को भरोसे और विश्वास के आधार पर चुनते हैं, उम्मीद के आधार पर नहीं. अगर आप किसी को भरोसे और विश्वास के आधार पर चुनते हैं, तो आप चार या पांच मैचों के बाद उसे नहीं हटा सकते, लेकिन अगर आप किसी को सिर्फ उम्मीद के आधार पर चुनते हैं, तो आप वह उम्मीद बहुत जल्दी खो सकते हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि टीम में मौजूद हर खिलाड़ी पर पूरा भरोसा है. चाहे वह अभिषेक हो या ड्रेसिंग रूम के अन्य खिलाड़ी, सभी को मौका मिलने पर टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है. गंभीर के अनुसार इस टीम की सबसे बड़ी ताकत यह है कि खिलाड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों से पहले टीम को प्राथमिकता देते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं