विज्ञापन

IND vs ENG: खराब गेंदबाजी में भी टूटा रिकॉर्ड, गुरनूर बराड़ बने भारत के तीसरे सबसे महंगे बॉलर

रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में गुरनूर बराड़ ने 10 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 97 रन लुटा दिए. इसके साथ ही बराड़ एक वनडे मैच में सर्वाधिक रन लुटाने के मामले में तीसरे भारतीय बन गए.

IND vs ENG: खराब गेंदबाजी में भी टूटा रिकॉर्ड, गुरनूर बराड़ बने भारत के तीसरे सबसे महंगे बॉलर
भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार
IANS

भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के नाम 'अनचाहा रिकॉर्ड' दर्ज हो गया है. बरार ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में 10 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 97 रन लुटा दिए. उन्हें कोई भी विकेट हाथ नहीं लगा. इसी के साथ बरार एक वनडे मैच में सर्वाधिक रन लुटाने के मामले में तीसरे भारतीय बन गए हैं. 

इस अनचाही फेहरिस्त में भुवनेश्वर कुमार टॉप पर हैं, जिन्होंने साल 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 ओवरों में 106 रन देकर सिर्फ 1 विकेट हासिल किया था. वहीं, दूसरे पायदान पर मौजूद विनय कुमार ने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 ओवरों में 102 रन देकर सिर्फ 1 विकेट निकाला था. इस लिस्ट में भुवी चौथे स्थान पर भी हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2017 में खेले गए वनडे मैच में 92 रन देकर 1 विकेट चटकाया था.

लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे फॉर्मेट का सबसे बड़ा स्कोर

रविवार को खेले जा रहे इस निर्णायक मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर निर्धारित ओवरों में 3 विकेट खोकर 387 रन बनाए. यह लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे फॉर्मेट का सबसे बड़ा स्कोर भी है. मेजबान टीम को बेन डकेट और जैकब बेथेल की सलामी जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 181 गेंदों में 192 रन की साझेदारी की. बेथेल 93 गेंदों में 13 बाउंड्री के साथ 91 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद डकेट ने जो रूट के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 101 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 293 के स्कोर तक पहुंचाया. डकेट ने 135 गेंदों में 1 छक्के और 18 चौकों के साथ 141 रन की पारी खेली.

कप्तान हैरी ब्रूक चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन जो रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 31 रन जुटा सके. ब्रूक सिर्फ 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद जोस बटलर ने रूट के साथ 19 गेंदों में 63 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. रूट 48 गेंदों में 9 चौकों के साथ 74 रन बनाकर नाबाद रहे.

वहीं, बटलर 13 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 41 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने 69 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि प्रिंस यादव ने 79 रन लुटाकर 1 विकेट निकाला. वनडे सीरीज का पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम करने के बाद टीम इंडिया ने दूसरा मुकाबला 4 विकेट से गंवा दिया था. ऐसे में तीसरा मैच सीरीज के लिहाज से निर्णायक बन गया है.

ये भी पढ़ें-  IND vs ENG, 3rd ODI: 47 साल बाद टूटा विवियन रिचर्ड्स का रिकॉर्ड, लॉर्ड्स में बेन डकेट ने रचा इतिहास
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, England, Cricket, Gurnoor Singh Brar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com