इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार को शुरू हुई पांच टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में बारिश से मैच रद्द हो गया. लेकिन इस बारिश से भी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के डिबेट की चर्चा और ज्यादा बढ़ गई. वास्तव में इस बहस का स्तर हर गुजरते मैच के साथ ऊंचा होता जा रहा है. पूर्व दिग्गजों के बयान और सोशल मीडिया पर बढ़ते कमेंट इसका अपने आप में बड़ा प्रमाण है. और अब जब शनिवार को भारतीय टीम दूसरा मैच नॉटिंघम में खेलने की तैयारी कर रही है, तो अब इस बहस और उत्सुकता के फिर से नया स्तर छूने की तैयारी है कि सूर्यवंशी दूसरे मुकाबले में खेलेंगे या नहीं. पूर्व स्टार चेतेश्वर पुजारा का कहना है कि हालांकि सूर्यवंशी को मौका मिलना चाहिए, लेकिन यह साबित हो चुके खिलाड़ियों को अचानक बाहर करने की कीमत पर नहीं होना चाहिए.
पुजारा ने जियोस्टार पर कहा, 'मुझे लगता है कि भारत को संजू सैमसन पर भरोसा कायम रखना चाहिए. मुझे नहीं लगता कि उन पर कोई दबाव होना चाहिए. उन्होंने टी20 विश्व कप में खुद को साबित किया है और उनके पास जिस तरह की प्रतिभा है, उसे देखते हुए उन्हें प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए. संजू सैमसन को ड्रॉप करने को लेकर ज्यादा शोर-शराबा नहीं होना चाहिए. वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्हें और मौके मिलने चाहिए. संजू को बस स्वाभाविक रूप से बल्लेबाजी करने की जरूरत है और ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है.'
उन्होंने कहा, 'अगर वैभव को खेलना है, तो उसे खेलना चाहिए, लेकिन किसी को टीम से बाहर निकालकर नहीं, बल्कि किसी को आराम देकर. अगर आप उसे मौका देना चाहते हैं, तो यह ठीक है. लेकिन आपको भारत के शीर्ष तीन खिलाड़ियों में से किसी को भी बाहर नहीं करना चाहिए, चाहे वह संजू हों, अभिषेक हों या ईशान किशन, लेकिन इसके बावजूद, वैभव एक अवसर के हकदार हैं, और उनका अवसर आएगा.' वहीं, पुजारा ने डरहम में इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित पहले टी20 मैच में शुरुआती झटके से उबरकर भारत को एक प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर की सधी हुई पारी की भी तारीफ की.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के जल्दी विकेट गंवाने पर, पुजारा ने कहा कि रन गति बढ़ाने से पहले पारी को संभालने की अय्यर की क्षमता ने मेहमान टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई. पुजारा को लगा कि पावरप्ले में भारत के दबाव में आने के बाद अय्यर ने एक कप्तान से जो उम्मीद थी, ठीक वैसा ही प्रदर्शन किया और पारी आगे बढ़ने के साथ-साथ सावधानी और आक्रामकता के बीच बेहतरीन संतुलन बनाए रखा.
पुजारा ने कहा, 'यह श्रेयस अय्यर की एक महत्वपूर्ण पारी थी और जब आप टीम का नेतृत्व कर रहे होते हैं, तो आप हमेशा आगे से नेतृत्व करना (लीड फ्रॉम द फ्रंट) चाहते हैं. उन्होंने काफी परिपक्वता दिखाई क्योंकि शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद भारत मुश्किल में था.' उन्होंने क्रीज पर अच्छी तरह से सेट होने के बाद गियर बदलने से पहले मैच की स्थिति के अनुसार अपनी पारी को आगे बढ़ाने के लिए भी अय्यर को श्रेय दिया. उन्होंने आगे कहा, 'अभिषेक ने एक अच्छी पारी खेली, लेकिन श्रेयस के लिए एक छोर संभाले रखना और अपना समय लेना महत्वपूर्ण था. एक बार सेट होने के बाद, उन्होंने कुछ शानदार शॉट खेले.'
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी नहीं, अजय जडेजा ने इस खिलाड़ी को बताया विश्व क्रिकेट का ओरिजिनल 'बेबी बॉस'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं