Chennai Super Kings vs Rajasthan Royals, 17th Match: जारी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 203) में बुधवार को चेन्नई के एम. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 3 रन से हरा दिया. आखिरी ओवर में सुपर किंग्स को जीत के लिए 21 रन बनाने थे. राजस्थान ने इस ओवर में अनुभवी पेसर संदीप शर्मा पर दांव लगाया. पहली गेंद संदीप ने वाइड फेंकी. और जब जीत के लिए लक्ष्य 5 गेंदों पर 19 रन का बचा था, तो धोनी ने लगातार दो छक्के जड़कर मैच और दर्शकों के बीच गजब का रोमांच भर दिया. लेकिन आखिरी तीन गेंदों पर संदीप का अनुभव एमएस और जडेजा के अनुभव पर भारी पड़ा. आखिरी तीन गोंदों पर धोनी और जडेजा दोनों ही मिलकर संदीप के सामने तीन गेंदों पर तीन ही रन बटोर सके. आखिरी गेंद पर एमएस धोनी को पांच रन बनाने थे, लेकिन संदीप शर्मा की यॉर्कर को माही छक्के में तब्दील नहीं कर सके. इस गेंद पर 1 ही रन आया और राजस्थान रॉयल्स ने मैच तीन रन से अपने नाम कर लिया. आर. अश्विन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
इससे पहले शुरुआती पाली में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को जीतने के लिए 176 रनों का लक्ष्य दिया. चेन्नई से न्यौता पाने के बाद राजस्थान की शुरुआत खराब रही और पिछले मैच के हीरो यशस्वी जयसवाल (10) जल्द ही आउट हो गए. यहां से जोस बटलर (52) और देवदत्त पडिक्कल (38) ने दूसरे विकेट के लिए 77 रन की भागीदारी करके राजस्थान को शुरुआती झटके से उबारा, लेकिन संजू सैमसन (0) और पडिक्कल के एक ही ओवर में आउट होने से राजस्थान बैकफुट पर आ गया. यहां से रविचंद्रन अश्विन (30) और हेटमायर ( 30) राजस्थान को फिर से पटरी पर लेकर आए. और इस कोशिश से रॉयल्स कोटे के 20 ओवरों में 8 विकेट पर 175 के लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में सफल रहे. आकाश सिंह, तुषार देशपांडे और जडेजा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मोईन अली को 1 विकेट मिला.
चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. चेन्नई ने इलेवन में सैंटनर और प्रेटोरियस की जगह मोईन अली और ठीक्ष्णा को शामिल किया है. दोनों टीमों की फाइनल XI इस प्रकार है:
सीएसके: 1. एमएस धोनी (कप्तान) 2. डेवोन कॉनवे 3. ऋतुराज गायकवाड़ 4. अजिंक्य रहाणे 5. अंबाती रायुडु 6. शिवम दुबे 7. रवींद्र जडेजा 8.सिसांडा मगाला 9. आकाश सिंह 11, तुशार देशपांडे
आरआर: 1. संजू सैमसन (कप्तान) 2. जोस बटलर 3. यशस्वी जयसवाल 4. देवदत्त पडिक्कल 5. सिमरन हेटमायर 6. ध्रुव जुरेल 7. जेसन होल्डर 8. आर. अश्विन 9. कुलदीप सेन 10. संदीप शर्मा 11. युजवेंद्र चहल
Chennai Super Kings vs Rajasthan Royals, 17th Match Live Cricket Score
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं