चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन मौजूदा सीजन में टीम के लिए दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. रविवार को चेपॉक पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में एक बार फिर उन्होंने कहर बरपाया. जोश इंग्लिश की तूफानी पारी से लखनऊ बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती दिख रही थी. लेकिन ओवरटन ने मिडिल ओवरों में बाजी पूरी तरह से पलट दी. उन्होंने सबसे खतरनाक दिख रहे इंग्लिश का शिकार किया. इसके बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत को बोल्ड किया और फिर अक्षत रघुवंशी को पवेलियन भेजा. ओवरटन ने 4 ओवर में 36 रन दिए और 3 विकेट निकाले. इन विकटों के दम पर जहां चेन्नई ने लखनऊ को 203 पर रोका, तो दूसरी तरफ ओवरटरन ने एक मेगा रिकॉर्ड अपने नाम किया.
ड्वेन ब्रावो और दीपक चाहर, चेन्नई सुपर किंग्स के दो सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे. दोनों दिग्गज भी कुछ ऐसा नहीं कर पाए थे, जो ओवरटन ने इस सीजन में किया है. इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ ओवरटन इस टूर्नामेंट में दो बार मिडिल ओवर्स (7–15) में तीन विकेट लेने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के पहले सीमर बन गए हैं.
ओवरटन ने इससे पहले हैदराबाद के होम ग्राउंड पर ऐसा किया था. जहां उन्होंने रन गति पर लगाम कसते हुए लगातार झटकों से विपक्ष की लय तोड़ दी. इसके बाद चेन्नई में लखनऊ के सामने एक बार फिर उन्होंने वही इतिहास दोहराया. CSK के लिए यह खास इसलिए भी रहा, क्योंकि आईपीएल के लगभग दो दशक में ऐसे मौके उंगलियों पर गिने जा सकते हैं, जब उसके तेज गेंदबाज मिडिल ओवर में तीन विकेट लेने में सफल हुए हो.
आईपीएल के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मिडिल ओवरों में तीन विकेट लेने का कारनामा सबसे पहले 2010 में जस्टिन केम्प ने किया था. उन्होंने कोलकाता के खिलाफ कहर बरपाया था. इसके बाद लंबे अंतराल के बाद 2024 में यह सिलसिला दोबारा शुरू हुआ—पहले वानखेड़े में मथीशा पथिराना ने मुंबई के खिलाफ, फिर चेन्नई में सिमरजीत सिंह ने राजस्थान के खिलाफ किया.
लेकिन 2026 में जेमी ओवरटन ने इस सूची में अलग ही मुकाम हासिल कर लिया. एक ही सीजन में दो अलग-अलग मुकाबलों में मिडिल ओवर्स में तीन-तीन विकेट लेकर उन्होंने दिखा दिया कि CSK का पेस अटैक अब सिर्फ नई गेंद तक सीमित नहीं है.
CSK के सीमर्स: ओवर 7–15 में 3 विकेट (IPL)
- जस्टिन केम्प – vs KKR, कोलकाता, 2010
- मथीशा पथिराना – vs MI, मुंबई (वानखेड़े), 2024
- सिमरजीत सिंह – vs RR, चेन्नई, 2024
- जेमी ओवरटन – vs SRH, हैदराबाद, 2026
- जेमी ओवरटन – vs LSG, चेन्नई, 2026
ओवरटन का यह प्रदर्शन CSK के बॉलिंग टेम्पलेट में बड़े बदलाव का संकेत है. जहां पहले मिडिल ओवर्स में स्पिन से कंट्रोल बनाया जाता था, वहीं अब तेज़ गेंदबाज़ भी उसी असर के साथ विकेट निकाल रहे हैं. ओवरटन इस सीजन 11 मैचों में 15 विकेट ले चुके हैं.
यह भी पढ़ें: CSK vs LSG IPL 2026: जोश इंग्लिश शतक से चूके, पर गिलक्रिस्ट के 15 साल पुराने 'पावरफुल रिकॉर्ड' पर फेरा पानी
यह भी पढ़ें: RCB vs MI IPL 2026: रोहित शर्मा के निशाने पर मेगा रिकॉर्ड, 25 रन बनाते ही बाबर आजम को छोड़ देंगे पीछे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं