CSK vs GT, IPL 2023 Final: आईपीएल (IPL 2023) में रविवार को नियमित अंतराल पर हुई बारिश के कारण गुजरात टाइटंस और चेन्नई किंग्स के बीच खेले जाने वाला मुकाबला स्थगित हो गया. और अब यह फाइनल मुकाबला नियमों के तहत सोमवार को रिजर्व-डे वाले दिन खेला जाएगा. रविवार को बारिश दिन भर नियमित अंतराल पर बरसती रही. और एक-दो बार जब बीच में कुछ उम्मीद जगी, तो तभी इसने और रौद्र रूप धारण कर लिया. पहली बार तब उम्मीद जगीं, जब करीब 9:05 मिनट के आस-पास मैदान और पिच से कवर हटाने का निर्णय लिया गया, लेकिन इसके करीब 15 मिनट बाद और तेज बारिश शुरू हो गयी और फिर से पिच और उसके आस-पास के इलाके को कवर से ढक दिया गया.
अब जबकि नियमों के हिसाब से मैच शुरू होने का आखिरी समय 12;06 था, तो इसके लिए बारिश का करीब ग्यारह बजे के आस-पास रुकना अनिवार्य था. वजह यह थी कि करीब एक घंटा मैदान को सुखाने में लगता, तो टॉस होने और फिर मैच शुरू होने में भी करीब बीस मिनट का समय लगता. ऐसे में जब बारिश ग्यारह बजकर पचास मिनट तक भी नहीं रुकी, तो फिर दोनों मैदानी अंपायरों ने मैच रैफरी जवागल श्रीनाथ के साथ विचार-विमर्श करने के बाद मैच को स्थगित करने का ऐलान कर दिया. बहरहाल, अगर कल सोमवार को भी अगर हालात कुछ ऐसे ही रहते हैं, तो हालात कुछ इस तरह होंगे.
* अगर बारिश से फाइनल धुल जाता है, तो कौन जीतेगा: इसके तहत कई विकल्प हैं और आप इन विकल्पों को बारी-बारी से पढ़ सकते हैं.
अगर फाइनल मुकाबला बारिश से धुल जाता है, तो 120 मिनट का अतिरिक्त समय का विकल्प है. बारिश आने पर फाइनल मुकाबला ठीक इसी दिन बिना ओवरों में कटौती किए अधिकतम 9:35 बजे शुरू हो सकता है. इसके अलावा फाइनल के लिए रिजर्व-डे की भी व्यवस्था की गयी है. रिजर्व-डे के दिन भी अलग से 120 मिनट का प्रावधान रखा गया है. फिर भी अगर बारिश के कारण हालात ऐसे होते हैं कि कम से कम पांच ओवरों का मैच आयोजित किया जा सकता है, तो इस सूरत में मैच 11:56 मिनट से शुरू होगा. और अंपायरों को मैच को 12:50 मिनट तक खत्म करना होगा. पांच ओवरों के मैच शुरू करने की आखिरी समय सीमा 12:26 मिनट है.