भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने टी20 इंटरनेशनल सीरीज में नंबर 3 पर बल्लेबाजी कर रहे ईशान किशन के आक्रामक अंदाज का समर्थन किया है. उनका मानना है कि ईशान की बल्लेबाजी का मूल्यांकन सिर्फ उनके व्यक्तिगत स्कोर के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि यह देखा जाना चाहिए कि वह टीम को कितनी तेजी से और कितना फायदा पहुंचा रहे हैं. पुजारा ने कहा कि ईशान की तेज बल्लेबाजी टीम को अच्छी शुरुआत और रन गति बनाए रखने में मदद करती है. ऐसे में अगर वह बड़े स्कोर नहीं भी बना रहे हैं, तब भी उनकी पारी टीम के लिए अहम साबित हो सकती है. उनके अनुसार, टी20 क्रिकेट में किसी बल्लेबाज के योगदान को उसके बनाए गए रन से ज्यादा मैच पर पड़े प्रभाव के आधार पर आंकना चाहिए. चेतेश्वर पुजारा ने नमन धीर की गेंदबाजी क्षमता की भी सराहना की. पुजारा का मानना है कि नमन धीर एक उपयोगी गेंदबाजी विकल्प साबित हो सकते हैं, क्योंकि उनके पास अच्छी लाइन-लेंथ, अलग-अलग तरह की गेंदें फेंकने की क्षमता और मैच की जरूरत के हिसाब से अपनी योजना बदलने का कौशल है. ये सभी गुण उन्हें टी20 क्रिकेट में प्रभावी ऑलराउंडर बना सकते हैं.
भारत की टी20 टीम में आक्रामक बल्लेबाजों को अहम भूमिका दी गई है और इसी सोच के तहत ईशान किशन से भी तेज रन गति बनाए रखने की उम्मीद की जाती है. चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए ईशान की मुख्य जिम्मेदारी पावरप्ले में मिली तेज शुरुआत को आगे बढ़ाना है न कि हर मैच में बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाना. उन्होंने कहा, 'ईशान किशन के प्रदर्शन को टीम की जरूरतों के संदर्भ में देखना चाहिए. यदि वह आक्रामक खेल के जरिए भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाते हैं, तो उनका योगदान मूल्यवान माना जाएगा. फिर भले ही वह हर बार बड़ी पारी न खेलें. पुजारा का यह आंकलन व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की स्कोरिंग जरूरतों और मैच पर पड़ने वाले असर को महत्व देता है. पुजारा ने ईशान किशन की भूमिका का समर्थन करते हुए कहा कि नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए वह टीम की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं. उनके अनुसार, भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में सभी बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में खेलते हैं, इसलिए हर खिलाड़ी से हर मैच में बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद नहीं की जा सकती.
पुजारा ने 'जियोस्टार' कहा, 'नंबर 3 पर आकर ईशान किशन भारतीय टीम को वही दे रहे हैं जिस चीज की टीम को जरूरत है. मुझे नहीं लगता कि आप हर बार उनसे बड़ा स्कोर देखेंगे क्योंकि टॉप ऑर्डर में हर कोई आक्रामक खिलाड़ी है. उनका काम टीम को तेज शुरुआत देना और पावरप्ले का पूरा फायदा उठाना है.' उन्होंने आगे कहा कि ईशान जब भी बल्लेबाजी करने आते हैं, तो पावरप्ले के ओवरों का अच्छी तरह इस्तेमाल करते हैं और तेजी से रन बनाते हैं. पुजारा के मुताबिक, 'अगर ईशान 30-40 रन भी तेज गति से बना रहे हैं, तो वह टीम के लिए काफी अहम योगदान है. मुझे लगता है कि यह काफी है. व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिहाज से लोग चाहेंगे कि वह बड़े रन बनाएं, लेकिन इस समय वह टीम के लिए अपना रोल अच्छी तरह निभा रहे हैं.'
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने नमन धीर की गेंदबाजी समझ और दबाव में भी अपनी योजना पर टिके रहने की क्षमता की तारीफ की. उनका मानना है कि नमन सिर्फ विकेट लेने पर ध्यान नहीं देते, बल्कि बल्लेबाज को अपनी लाइन, लेंथ और गति में बदलाव से फंसाने की कोशिश करते हैं. पुजारा ने कहा, "नमन ने दिखाया है कि उनके पास शानदार नियंत्रण है और विकेट लेने की क्षमता भी है. उन्हें अच्छी तरह समझ है कि बल्लेबाज क्या करने की कोशिश कर रहा है और उसे आउट करने के लिए क्या करना चाहिए.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं