विज्ञापन

'खिलाड़ी चुनना या बाहर करना मेरे हाथ में नहीं', बाबर आजम ने पाकिस्तान टीम के चयन प्रक्रिया पर दिया बड़ा बयान

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में सबसे नीचे चल रही पाकिस्तान की टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी की उम्मीद के साथ उतरेगी.

'खिलाड़ी चुनना या बाहर करना मेरे हाथ में नहीं', बाबर आजम ने पाकिस्तान टीम के चयन प्रक्रिया पर दिया बड़ा बयान
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर बाबर आजम

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम ने साफ कहा है कि टीम में खिलाड़ियों का चयन या उन्हें बाहर करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले बाबर ने कहा कि चयनकर्ता और कोच अंतिम फैसला लेते हैं, जबकि उनकी जिम्मेदारी चुने गए खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना है. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में फिलहाल सबसे नीचे चल रही पाकिस्तान की टीम श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने जा रही है. पहला टेस्ट 9 नवंबर से रावलपिंडी में शुरू होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 नवंबर से लाहौर में खेला जाएगा.

सीरीज के पहले टेस्ट से पहले बाबर आजम ने कहा, "मुझे जो 15 खिलाड़ी दिए जाते हैं, उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना मेरा काम है. खिलाड़ियों का चयन या उन्हें बाहर करना मेरे हाथ में नहीं है. चयनकर्ता और कोच हमें टीम देते हैं और मेरी जिम्मेदारी है कि मैं उन खिलाड़ियों को मैच जिताने वाला प्रदर्शन करने में मदद करूं." उन्होंने आगे कहा, "मैं सार्वजनिक रूप से यह नहीं बता सकता कि मेरी भूमिका क्या है और उसकी सीमाएं क्या हैं. मैं टीम के भीतर अपनी राय जरूर देता हूं, लेकिन उसके बाद चयनकर्ता और कोच अपना काम करते हैं."

बाबर का यह बयान ऐसे समय आया है जब श्रीलंका सीरीज से ठीक पहले पाकिस्तान ने अपनी टीम में बदलाव किए हैं. पहले टेस्ट से 48 घंटे से भी कम समय पहले अब्दुल्ला फजल और अली उस्मान को टीम से बाहर किया गया, जबकि चार खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया. इनमें से तीन खिलाड़ी अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण नहीं कर पाए हैं.

यह लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज है जब पाकिस्तान ने टीम घोषित करने के बाद उसमें बड़े बदलाव किए हैं. इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले टीम में सात बदलाव किए गए थे. साथ ही मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच को भी हटा दिया गया था.

बाबर आजम ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा

बाबर आजम ने कहा कि पाकिस्तान फिलहाल युवा खिलाड़ियों को मौका देने की दिशा में काम कर रहा है, लेकिन टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है. उन्होंने कहा, "हमारी टीम काफी युवा है. हमने वरिष्ठ और युवा खिलाड़ियों का बेहतर संयोजन बनाने की कोशिश की है. हम युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने और अच्छा प्रदर्शन करने का मौका देना चाहते हैं ताकि वे टीम को अगले स्तर तक ले जा सकें."

अपने फॉर्म पर भी बोले बाबर आजम

हाल के समय में बाबर आजम की बल्लेबाजी को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं. हालांकि पाकिस्तान के कप्तान का मानना है कि क्रिकेट से ब्रेक लेना उनकी समस्याओं का समाधान नहीं है. उन्होंने कहा, "मैं कोचों के साथ लगातार बात कर रहा हूं कि किन क्षेत्रों में सुधार किया जा सकता है. हम उस पर काम कर रहे हैं. मैं हमेशा सकारात्मक सोच रखता हूं. एक वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर आप अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं."

बाबर ने आगे कहा, "लोगों की अपनी राय हो सकती है, लेकिन अगर मैं ब्रेक ले लूं तो सुधार कैसे करूंगा? मैं लगातार बेहतर बनने की कोशिश कर रहा हूं. अगर आप प्रदर्शन नहीं करते तो आपको अपनी गलतियां समझने का मौका मिलता है. कोई भी खिलाड़ी परफेक्ट नहीं होता, लेकिन बेहतर बनने की कोशिश जरूर कर सकता है."

उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि जितना ज्यादा मैं खेलूंगा, उतना बेहतर बनूंगा. मैं अभ्यास और मैदान दोनों जगह खुद पर मेहनत करता हूं और भरोसा रखता हूं कि उसका परिणाम जरूर मिलेगा." श्रीलंका के खिलाफ सीरीज पाकिस्तान के लिए काफी अहम मानी जा रही है. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में खराब स्थिति के बीच बाबर आजम की टीम की कोशिश जीत के साथ अभियान को पटरी पर लाने की होगी.

यह भी पढ़ें | कौन हैं हमजा जहूर? जिन्होंने भारत के खिलाफ हारी हुई बाजी पाकिस्तान को जिता दी

यह भी पढ़ें | Diwali 2026: धोनी से अभिषेक शर्मा तक, क्रिकेटरों ने कुछ ऐसे किया दिवाली सेलिब्रेट, देखें तस्वीरें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Mohammad Babar Azam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com