विज्ञापन

पहली नजर में जडेजा से बेहतर दिखते हैं मानव सुथार, डेब्यू से पहले कोच का अहम मैसेज

एक बड़ा वर्ग मानव सुथार को राजस्थान का रवींद्र जडेजा कह रहा है, लेकिन यह बात न तो बॉलिंग से उन पर लागू होती है और न ही बल्लेबाज के पहलू से

पहली नजर में जडेजा से बेहतर दिखते हैं मानव सुथार, डेब्यू से पहले कोच का अहम मैसेज
मानव सुथार लंबे समय से भारतीय टेस्ट क्रिकेट में छाए लेफ्ट-आर्म स्पिनर के शून्य को भरते दिखते हैं
source: social media

पिछले तीन दशक में भारत के लिए कई लेफ्ट-आर्म स्पिनर हुए हैं. साल 1999 में मुरली कार्तिक से लेकर प्रज्ञान ओझा, रवींद्र जडेजा, शाहबाज नदीम, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और अब मानव सुथार. पहले ही टेस्ट में भारत के लिए 94 साल के इतिहास में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्पिन प्रदर्शन करने वाले मानव सुथार (Manav Suthar). पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट. बात सिर्फ दोनों के शुरुआती टेस्ट में प्रदर्शन की ही नहीं है, इसका कारण एकदम अलग है. बात यह है कि अगर प्रतिभा को लेकर कुछ बोला जाए, तो राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मानव सुथार पिछले तीन दशक के सर्वश्रेष्ठ लेफ्ट-आर्म स्पिनर हैं. उन्हें राजस्थान का रवींद्र जडेजा कहा जा रहा है, लेकिन ऐसा कहना सही नहीं होगा क्योंकि पहली ही नजर में उनका स्पिन कौशल जडेजा से बेहतर नजर आता है. 

जडेजा से बेहतर गेंदबाज !

बहरहाल, राजस्थान के श्रीगंगागनर जिले से टीम इंडिया की टेस्ट कैप हासिल करने का सफर बहुत ही संघर्ष वाला और परिवार के लिए त्याग वाला रहा है. एक बड़ा वर्ग मानव को राजस्थान का रवींद्र जडेजा कहता है, लेकिन पहली नजर में ऐसा नहीं ही है. और न ही तब, जब आप आंकड़ों का अध्ययन करते हैं. वजह यह है कि नैसर्गिक स्पिन करने की क्षमता या कहें नेचुरल बॉलर के रूप में मानव टीम इंडिया के ऑलराउंडर जडेजा से कहीं बेहतर दिखते हैं, तो वहीं बल्लेबाज जडेजा  इस राजस्थानी स्पिनर के मुकाबले में कहीं और कहीं बेहतर है. दोनों के बीच तुलना ही नहीं हो सकती. लेकिन हां, वह बेहतर स्पिनर जरूर हैं और इसका सबूत मानव सुथार ने पहले ही टेस्ट में दे दिया. 

कोच का मैच से पहले बहुत ही अहम संदेश

अपने टेस्ट डेब्यू से ठीक एक घंटे पहले, उन्होंने फोन उठाया और अपने कोच धीरज शर्मा को कॉल किया, जो काफी समय से अपने शिष्य के फोन का इंतजार कर रहे थे.  जब मानव ने फोन किया, तो उनके कोच ने उनसे सिर्फ एक बात कही, 'यह मत सोचना कि तुम भारत के लिए खेलने जा रहे हो. बस यह सोचना कि तुम राजस्थान के लिए एक और मैच खेलने मैदान पर उतर रहे हो. अपनी जर्सी का नंबर भूल जाओ और बस खेल का आनंद लो.' मानव सुथार भारत के लिए टेस्ट कैप नंबर 319 पहनने वाले खिलाड़ी बने. 

शुरुआती सफर और संघर्ष

श्रीगंगानगर, राजस्थान के रहने वाले मानव के लिए भारतीय टीम तक का सफर आसान नहीं था. उनके पिता एक साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन उन्होंने मानव के क्रिकेट के सपने को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. कोच धीरज शर्मा बताते हैं कि मानव में बचपन से ही सीखने की अद्भुत भूख थी. वह घंटों तक नेट पर अकेले गेंदबाजी का अभ्यास किया करते थे.

Latest and Breaking News on NDTV

कैप्शन: मानव सुथार ने अपने तेज घुमाव से सभी का अध्यान खींचा है (स्रोत: सोशल मीडिया)

शानदार प्रभावी फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड

राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले मानव सुथार ने रणजी ट्रॉफी करियर का आगाज साल 2022 में आंध्र प्रदेश के लिए किया था. और तब से लेकर खासा प्रभावित किया है. चार सालों में मानव के हिस्से में आए तो सिर्फ 29 ही फर्स्ट क्लास मैच. इनमें भी कुछ मुकाबले दलीप ट्रॉफी और भारत ए के लिए हे, लेकिन  129 विकेट चटकाकर अगरकर एंड कंपनी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इकॉनमी देखिए आप कि 2.94 की ही है. और पारी में 4 विकेट आठ बार, तो 5 विकेट छह बार चटकाए हैं. 

निचले क्रम में उपयोगी से बेहतर बल्लेबाज

जिन फैंस ने अफगानिस्तान के खिलाफ मानव के 41 गेंदों पर 28 रन देखे होंगे, तो 2 चौकों से तो नहीं, लेकिन 2 छक्कों से यह जरूर पता चल गया होगा कि वह निचले क्रम में उपयोगी से बेहतर बल्लेबाज हैं. हालांकि, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में औसत  25.54 का ही है, लेकिन एक शतक और एक अर्द्धशतक बनाना  बताने को काफी है कि यह बल्लेबाज मौका पड़ने पर शतक भी बना सकता है. 

मानव सुथार की खासियत

भले ही कुलदीप यादव के पास चाइनमैन बॉलिंग है, लेकिन मानव सुथार में भविष्य दिखता है. बहुत ही अच्छा एक्शन है, हाथ एकदम कान के पास से आता है, हिप पूरा रोटेट होता है, तो गेंदों की खासियत यह है कि यह आती तो सीम के साथ दिखाई पड़ती है, लेकिन टप्पा पड़ने के बाद उम्मीद से कहीं ज्यादा टर्न होती है. हवा में घूमती भी ज्यादा है. और ऊपर से सटीक टप्पा सोने पर सुहागे का काम करता है. भाई साहब बात इतनी सी है कि भविष्य बहुत ही उज्जवल है! टेस्ट क्रिकेट में खासे दूर तक जाएंगे मानव! पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला ने कहा, 'मानव सुथार का एक्शन बहुत ही शानदार है. और जब किसी भी बॉलर का एक्शन बढ़िया होता है, तो गेंद पर बॉलर का नियंत्रण होता है.' और पीयूष चावला की बात में दम दिखाई पड़ा.  जो कंट्रोल मानव ने शुरुआती ओवरों में दिखाया, वह उच्च स्तरीय दिखाई पड़ा. 

Latest and Breaking News on NDTV

कैप्शन: यह अभी शुरुआत भर है. आने वाले समय में मानव के बारे में बहुत कुछ सुनने को मिलेगा (स्रोत: सोशल मीडिया)

महान अश्विन ने बता दी यूएसपी

महान अश्विन ने बहुत दिन पहले मानव सुथार की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए उनकी यूएसपी (खास बात) के बारे में भी बताया था. उन्होंने लिखा, 'इस तस्वीर में यह बिल्कुल साफ (शीशे की तरह साफ) है कि मानव सुथार को इतना ऊंचा दर्जा क्यों दिया जाता है (या उनकी इतनी तारीफ क्यों की जाती है),  बात सिर्फ रोटेशन (गेंद के घूमने) के एंगल या ओवर-स्पिन की नहीं है, बल्कि उस गति (स्पीड) की भी है जिससे गेंद घूम रही है. इस मामले में उन्हें हर्ष दुबे के साथ एक अलग ही (स्पष्ट) फायदा मिलता है.' अश्विन ने मानव सुथार की खासियत के बारे में बताया कि कैसे उंगलियों से छूटने के बाद उनकी गेंद ज्यादा ही गति से घूमती है. मुरली कार्तिक, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव सहित तमाम लेफ्ट-आर्म स्पिनरों की तुलना में कहीं तेज. और यही वह बात है, जो मानव सुथार को आगे लेकर जाएगी. जितनी तेजी से गेंद चकरी की तरफ घूमती रहेगी, उनकी बात उतनी ही ज्यादा बनेगी.

राजस्थान के कोच ने भी बताई मानव सुथार की ताकत

बहुत पहले राजस्थान के गेंदबाजी कोच और खुद एक पूर्व लेफ्ट-आर्म स्पिनर और जूनियर विश्व कप खेल चुके लेफ्ट-आर्म स्पिनर अनूप देव ने क्रिकिन्फो से बातचीत में कहा था, 'नेट सत्र के दौरान वह घंटों तक एक ही जगह पर गेंदबाजी (स्पॉट बॉलिंग) करता है, जिससे उसे अपनी सटीकता और स्टैमिना (दमखम) बढ़ाने में मदद मिली है. जब उसका दिन हो, तो वह पूरी टीम को तहस-नहस कर सकता है. और भले ही वह एक लेफ्ट-आर्म स्पिनर है, लेकिन वह बाएं हाथ के बल्लेबाजों (लेफ्ट-हैंड बैटर्स) के खिलाफ बहुत असरदार है. वह उनके खिलाफ राउंड द विकेट (अंपायर के पीछे से) गेंदबाजी करता है, और अपनी आर्म बॉल को बाहर की तरफ एंगल कराता है जिससे फर्स्ट स्लिप में कैच के मौके बनते हैं.' 

यह भी पढ़ें:  डेब्यू टेस्ट में तहलका, 2 छक्के फिर पहले ओवर में विकेट, मानव सुथार ने रचा इतिहास

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com