Ashwin on Vaibhav Sooryavanshi into Test Cricket: वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी बातें हो रही है. कई पूर्व क्रिकेटर अब वैभव को बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलते हुए देखना चाहते हैं. वहीं, जिस अंदाज में वैभव बल्लेबाजी करते हैं उसे देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि 15 साल के इस बल्लेबाज का टेस्ट में सफल होना मुश्किल है. हालांकि वैभव ने माना है कि वह रेड बॉल क्रिकेट खेलना चाहते हैं. आईपीएल 2026 के फाइनल के बाद हॉटस्टार पर बात करते हुए वैभव ने कहा था कि "वह रेड बॉल क्रिकेट खेलना चाहते हैं. लोगों ने मुझे रेड बॉल में खेलते हुए ज्यादा नहीं देखा है लेकिन मैं इस फॉर्मेट में खेलना चाहता हूं, वैभव ने अपनी बातचीत में ये भी बताया था कि कैसे उनके पिता जी ने सुनील गावस्कर का उदाहरण देकर उन्हें बाउंसरों के खिलाफ लड़ना सिखाया था. वैभव की ये बातें इस बात का इशरा कर रही है कि वह रेड बॉल क्रिकेट को भी उतना ही पसंद करते हैं जितना छोटे फॉर्मेट को, यही कारण है कि 15 साल के इस बल्लेबाज को लेकर कई दिग्गज अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. वहीं, वैभव के करिश्मे को लेकर अश्विन का एक बयान वायरल हो रहा है जिसमें अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी के टेस्ट क्रिकेट खेलने या न खेलने पर अपनी राय दी है.
क्या वैभव को टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए !
क्रिकइन्फो ऑनर्स अवार्ड्स 2026 में बात करते हुए अश्विन ने कहा कहा, "व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि वैभव को टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए. अगर आप खेल के बड़े हित के बारे में सोच रहे हैं,तो मेरा मानना है कि उसे खेलना चाहिए. लेकिन साथ ही,क्या आप अपने बच्चों को वह सिखा सकते हैं जो वे सीखना नहीं चाहते? आप ऐसा बिल्कुल नहीं कर सकते. मुझे लगता है कि माहौल इन चीजों को तय कर रहा है और कभी-कभी, जब खेल आपको बताता है कि क्या करने की जरूरत है, तो बेहतर होता है कि आप उसी का पालन करें जो वह कह रहा है."
इसके अलावा अश्विन ने उभरते हुए क्रिकेटरों के बीच बदलते रुझानों की ओर भी इशारा किया और कहा कि अब कम युवा ही रेड-बॉल क्रिकेट को अपना मुख्य लक्ष्य मानते हैं. अश्विन ने कहा, "आप खेल के किसी खास पहलू पर ज़ोर नहीं डाल सकते.. हां, टेस्ट क्रिकेट सबसे बड़ा फॉर्मेट है, लेकिन मैं लंबे समय से ग्रासरूट लेवल पर कोचिंग से जुड़ा रहा हूं और मैंने देखा है कि युवा क्रिकेटर रेड-बॉल क्रिकेट खेलने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाते. वे बस कुछ गेंदें डिफेंस करते हैं और तुरंत ऐसे शॉट्स खेलना चाहते हैं जिनसे वे मुश्किल हालात से निकल सकें".
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का तूफान
अश्विन की ये बातें ऐसे समय में आई हैं जब 15 साल के वैभव सूर्यवंशी तेजी से वर्ल्ड क्रिकेट में उभर रहे हैं. इस साल की शुरुआत में, जब भारत ने 2026 अंडर-19 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता, तो वैभल को 'प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट' का खिताब दिया गया था. इसके बाद उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल का एक ऐतिहासिक सीज़न खेला. 15 साल के इस खिलाड़ी ने टूर्नामेंट में 237.30 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और आईपीएलइतिहास में एक ही सीजन में 72 छक्के लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बने. ऐसा करके उन्होंने साल 2012 में क्रिस गेल के बनाए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था. वैभव को आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप के खिताब से नवाजा गया था.
ये भी पढ़ें- Video: ट्राई सीरीज खेलने श्रीलंका पहुंचे वैभव सूर्यवंशी, नए हेयरस्टाइल में आए नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं