Arjun Tendulkar Interview: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे और युवा ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर इन दिनों आईपीएल (IPL 2026) को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में अर्जुन ने अपने करियर के कठिन फैसलों, अपनी पसंद और मुंबई इंडियंस (MI) से लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) तक के सफर पर खुलकर बात की. आज उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला दिल्ली से होगा जिसमे लखनऊ के पास अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ आगाज करने का बड़ा मौका होगा.
क्यों टूटा मुंबई इंडियंस से नाता?
अर्जुन तेंदुलकर लंबे समय तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे, लेकिन उन्हें मैदान पर उतरने के मौके बहुत कम मिले. इस पर दर्द साझा करते हुए अर्जुन ने कहा, "कोई भी खिलाड़ी केवल बेंच पर बैठना नहीं चाहता." उन्होंने साफ किया कि एक क्रिकेटर के रूप में सुधार तभी संभव है जब आप मैदान पर जाकर मैच खेलें. मुंबई इंडियंस में लगातार मौके न मिल पाना ही उनके नई टीम (LSG) की ओर रुख करने की सबसे बड़ी वजह बनी.
मुंबई छोड़ गोवा जाने का असली कारण
सिर्फ आईपीएल ही नहीं, अर्जुन ने घरेलू क्रिकेट में भी बड़ा बदलाव किया था. उन्होंने बताया कि मुंबई की रणजी टीम में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा थी, जिसके कारण उन्हें नियमित प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल रही थी. अर्जुन के अनुसार, "अधिक एक्सपोज़र और अनुभव के लिए मैंने गोवा का रुख किया." उनका यह फैसला सही भी साबित हुआ, जहाँ उन्होंने शतक और विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित की.
युवराज सिंह हैं 'आदर्श', योगराज सिंह हैं 'गुरु'
पॉडकास्ट के दौरान अर्जुन ने एक दिलचस्प खुलासा किया. उन्होंने बताया कि अपने पिता सचिन के अलावा युवराज सिंह उनके सबसे बड़े आदर्श (Idol) हैं. अर्जुन ने मजाकिया अंदाज में कहा, "भले ही युवी पाजी एक स्पिनर थे और मैं एक तेज गेंदबाज हूं, लेकिन उनकी संघर्ष करने की क्षमता मुझे सबसे ज्यादा प्रेरित करती है." इतना ही नहीं, अर्जुन अपनी गेंदबाजी की धार तेज करने के लिए युवराज के पिता योगराज सिंह से कड़ा ट्रेनिंग ले रहे हैं.
'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम पर जताई नाराजगी
अर्जुन तेंदुलकर ने आईपीएल के 'इम्पैक्ट प्लेयर' नियम का भी कड़ा विरोध किया. एक ऑलराउंडर के तौर पर उनका मानना है कि यह नियम ऑलराउंडरों के ग्रोथ में सबसे बड़ी बाधा है, क्योंकि टीमें इसकी वजह से विशेषज्ञ बल्लेबाजों या गेंदबाजों को प्राथमिकता देने लगती हैं, जिससे ऑलराउंडर की भूमिका सीमित हो जाती है. फिलहाल, अर्जुन लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में अपनी नई पारी की शुरुआत कर चुके हैं और आज पहला मुकाबला भी है. उनका पूरा ध्यान खुद को एक मैच विनर खिलाड़ी के रूप में तैयार करने पर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं