Ajit Agarkar's Tenure: बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार उनके कार्यकाल को बीसीसीआई बढ़ा सकती है. द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, BCCI के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट जून 2026 में खत्म होने पर उन्हें एक्सटेंशन मिलेगा. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट एक साल के लिए बढ़ाकर जून 2027 तक कर दिया जाएगा. अगरकर के कार्यकाल के दौरान, भारत ने तीन ICC ट्रॉफियां जीतीं जिसमें T20 वर्ल्ड कप 2024, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और T20 वर्ल्ड कप 2026 शामिल रहीं हैं. भारत अपने घर पर 2023 ODI वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहुंचा था, और 2027 में टूर्नामेंट का अगला संस्करण होने के कारण, बीसीसीआई कथित तौर पर उन्हें बनाए रखने का इच्छुक है.
रिपोर्ड में बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, “अगरकर के कार्यकाल में, टीम में बदलाव का दौर बहुत सहज रहा और टीम ने बड़े फैसले लेने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई. बोर्ड को लगा कि उन्हें अपना काम जारी रखना चाहिए. बीसीसीआई के पदाधिकारी आईपीएल मैचों के दौरान उनसे बात करके उन्हें इस बारे में जानकारी देंगे.”
दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव ने भले ही भारत को T20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने में सफलता दिलाई हो, लेकिन उनकी बैटिंग की खराब फॉर्म को देखते हुए, यह गंभीर सवाल बना हुआ है कि क्या 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक्स के लिए देश के अभियान में उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा. ऐसे में जून-जुलाई में इंग्लैंड और आयरलैंड का भारत दौरा कप्तान के लिए बहुत अहम होगा, क्योंकि उनकी कप्तानी से ज्यादा उनकी बैटिंग पर सबकी नज़र होगी.
ये भी पढ़ें- Abhishek Sharma: अभिषेक शर्मा का IPL में तहलका, ऐसा महारिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास, दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं