विज्ञापन

एडम जंपा ने गेल, जयवर्धने और वॉटसन का रिकॉर्ड किया स्वाहा, मार्श ने रोहित, शोएब और होप के क्लब में बनाई जगह

Adam Zampa And Mitchell Marsh Created History: एडम जांपा ने टी20 वर्ल्ड कप में क्रिस गेल, जयवर्धने और शेन वॉटसन को सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार पाने के मामले में पीछे छोड़ दिया है.

एडम जंपा ने गेल, जयवर्धने और वॉटसन का रिकॉर्ड किया स्वाहा, मार्श ने रोहित, शोएब और होप के क्लब में बनाई जगह
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

Adam Zampa And Mitchell Marsh Created History: पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच खेला गया. ऑस्ट्रेलिया को ओमान ने जीत के लिए 105 रन का लक्ष्य दिया था. ऑस्ट्रेलिया ने 9.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया. यह मैच टी20 विश्व कप के कई रिकॉर्ड्स का भी गवाह बना. ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मिशेल मार्श ने 33 गेंद पर नाबाद 64 रन की पारी खेली. मार्श का विश्व कप में यह लगातार दूसरा अर्धशतक था. बतौर कप्तान टी20 विश्व कप मैचों में लगातार 2 अर्धशतक लगाने वाले मिशेल मार्श चौथे खिलाड़ी हैं. उनसे पहले पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक (2007 में), रोहित शर्मा (2026 में), और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (2026 में) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.

बतौर कप्तान टी20 विश्व कप में लगातार (सर्वाधिक) तीन अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम है. बाबर ने यह उपलब्धि 2021 टी20 विश्व कप में हासिल की थी. ओमान के खिलाफ मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जांपा एक बार फिर श्रेष्ठ गेंदबाज बनकर उभरे. दाएं हाथ के इस स्पिनर ने 3.2 ओवरों में 21 रन देकर 4 विकेट लिए. उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया. टी20 विश्व कप में जांपा का यह छठा प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार था. जांपा ने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा. गेल, जयवर्धने, और शेन वॉटसन ने टी20 विश्व कप में 5-5 बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता है. 8 प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार के साथ विराट कोहली शीर्ष पर हैं.

ऑस्ट्रेलिया ने 62 गेंद रहते यह मैच जीता. लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक बची गेंदों के आधार पर संयुक्त रूप से यह सबसे बड़ी जीत है. 2024 में इंग्लैंड ने भी अमेरिका के खिलाफ 116 का लक्ष्य 62 गेंद शेष रहते हासिल किया था. ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ 2007 में 102 का लक्ष्य 58 गेंद पहले, वेस्टइंडीज ने 2024 में यूएसए के खिलाफ 129 का लक्ष्य 55 गेंद पहले और इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2021 में 126 का लक्ष्य 50 गेंद पहले हासिल किया था.

ओमान की टी20 विश्व कप में यह लगातार 10वीं हार थी. 2021 से 2026 टी20 विश्व कप के बीच टीम ने लगातार 10 मैच गंवाए हैं. बांग्लादेश ने भी 2007 से 2012 के बीच लगातार 10 मैच गंवाए थे. नामीबिया, आयरलैंड और पापुआ न्यू गिनी लगातार 7 मैच गंवा चुकी है.

यह भी पढ़ें- PAK vs NZ: इन धुरंधरों से सजेगी दोनों टीमों की प्लेइंग XI! पिच क्या खिलाएगी गुल? मैच से पहले जानें सबकुछ


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com