प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक आज कई कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए नजर आएंगे. वहीं, अजमेर दरगाह से जुड़े मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई है. राहुल गांधी कल यूपी की सुल्तानपुर अदालत में पेश हुए थे, आज वह आरएसएस से जुड़े मानहानि मामले में महाराष्ट्र की भिवंडी कोर्ट में पेश होंगे. प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूपी के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में HCL-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर प्लांट की नींव रखेंगे. वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और सभाओं को भी संबोधित करेंगे. नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आज आखिरी दिन है. उधर, टी20 वर्ल्डकप में आज से सुपर-8 के मुकाबले शुरू हो रहे हैं. सुपर-8 के पहले मुकाबले में आज पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा.
Breaking News LIVE Updates...
Dacoity in Barpeta: असम के बारपेटा रोड कस्बे में दिनदहाड़े डकैती
असम में दिनदहाड़े डकैती का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पांच हथियारबंद डकैतों के एक गिरोह ने बारपेटा रोड कस्बे के एक फेमस ज्वेलरी शोरूम, सेन्को अलंकार से करोड़ों रुपये का सोना, चांदी और हीरे का आभूषण लूट लिये. यह घटना व्यस्त कस्बे के मध्य में स्थित दुर्गाबारी रोड पर सेंको अलंकार ज्वैलर्स पर हुई. खबरों के अनुसार, पिस्तौल से लैस पांच सदस्यीय गिरोह ने दिनदहाड़े शोरूम में धावा बोला और कर्मचारियों व वहां मौजूद सभी ग्राहकों को डराकर काबू में कर लिया. इसके बाद चोरों ने करोड़ों की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया.
Delhi Narela Murder: दिल्ली के नरेला में फैक्ट्री मालिक की सरेआम हत्या
दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री मालिक की सरेआम हत्या कर दी गई. जे-ब्लॉक स्थित जूता-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री के पास अज्ञात हमलावरों ने हमले को अंजाम दिया. मृतक की पहचान रवि चौधरी के रूप में हुई है. सरेआम हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. हमले में गंभीर रूप से घायल रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रवि चौधरी के परिजनों का आरोप हाल ही में फैक्ट्री के एक कर्मचारी के साथ मृतक का विवाद हुआ था. पुलिस को अंदेशा है कि पुरानी रंजिश या आपसी कहासुनी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया.