विज्ञापन

अभिषेक शर्मा पहले मैच में ही हुए फ्लॉप, वर्ल्ड कप में निकल गया था तोड़, जानें कौन हैं उनके शिकारी डफी?

आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने क्रिकेट प्रेमियों को निराश किया है. पारी का आगाज करते हुए उन्होंने कुल आठ गेंदों का सामना किया. इस बीच वह सात रन ही बना पाए.

अभिषेक शर्मा पहले मैच में ही हुए फ्लॉप, वर्ल्ड कप में निकल गया था तोड़, जानें कौन हैं उनके शिकारी डफी?
Abhishek Sharma

किसी एक गेंद, एक पारी से बैटर या ब़ॉलर का फॉर्म बताना सही नहीं है. लेकिन IPL 2026 के पहले ही मैच में अभिषेक शर्मा तीसरे ही ओवर में सिर्फ़ 8 गेंद पर 7 रन बनाकर जिस तरीके से आउट हुए उसने क्रिकेट जानकारों की भौंहें तान दी हैं. IPL 2026 के पहले मैच में हैदराबाद के खिलाफ पारी में अभिषेक शर्मा ने 87.5 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए एक छक्का भी लगाया. बगैर जॉश हेजलवुड के मैदान पर उतरी बैंगलोर की टीम अच्छा होमवर्क करके मैदान पर उतरी और पावरप्ले में दोनों सलामी बल्लेबाज़ों को वापस भेजकर बता दिया कि अच्छी तैयारी का बड़ा फ़ायदा कैसे मिल सकता है. लेकिन क्या न्यूज़ीलैंड के 31 साल के मध्यम तेज़ गेंदबाज़ जैकब डफी ने बाक़ी टीमों के लिए एक ख़ासकर अभिषेक के लिए एक टेम्पलेट भी तैयार कर दिया है? 

पिछली 10 पारियों में 5 बार 10 या कम स्कोर

अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप में भी अपने फ़ुल फ़ॉर्म में नहीं नजर आये थे. वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में अभिषेक ने जरूर 21 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली थी और उनकी पारी के सहारे टीम इंडिया ने तीसरी बार वर्ल्ड कप का ख़िताब भी जीता. लेकिन पूरे वर्ल्ड कप में अभिषेक ने दो अर्द्धशतकीय पारियां खेलीं जबकि लगातार तीन बार 0 पर भी आउट हुए. 

पिछली 10 पारियों में अभिषेक ने 7, 52, 9, 10, 55, 15, 0,0,0, 24* रनों की पारियां खेलीं. वर्ल्ड कप के दौरान तो अभिषेक गेंदबाज़ों द्वारा टारगेट किए गए. फ़ाइनल में अभिषेक ने अपने स्टाइल में थोड़ा बदलाव किया और संजू सैमसन ने उनका पूरा साथ निभाया. दुनिया भर के एक्सपर्ट्स कहते रहे कि अभिषेक को थोड़ा संभलकर शुरुआत करने की ज़रूरत है. 

बैंगलोर में हैदराबाद के ख़िलाफ जैकब डफ़ी ने 133 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से आउटसाइड ऑफ़स्टंप की और अभिषेक ने इसे पुल शॉट लगाकर बाउंड्री से बाहर निकालने की कोशिश में पकड़े गए. फिल साल्ट ने ऊंचे कैच को आसानी से लपक लिया और अभिषेक को लेकर क्रिकेट सर्किट में चर्चा शुरू हो गई. 

कौन हैं जैकब डफ़ी? 

कमाल की बात है कि किवी मध्यम तेज़ गेंदबाज़ इस बार अपना पहला IPL खेल रहे हैं. जैकब डफ़ी को बैंगलोर टीम ने मिनी ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये में खरीदा. वो अपनी स्पीड पर कंट्रोल के अलावा पावर प्ले और डेथ ओवर में वैरिएशनंस के लिए भी जाने जाते हैं. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 122 विकेट ( 4 टेस्ट में 25, 19 वनडे में 35 और 48 टी-20 में 62 विकेट) लेनेवाले जैकब डफ़ी ने IPL 2026 धमाकेदार शुरुआत की है. अपने पहले ही आईपीएल मैच में डफ़ी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट झटके हैं.

यह भी पढ़ें- IPL 2026: किशन और क्लासेन का विस्फोट, SRH ने RCB के सामने जीत के लिए रखा 202 रनों का लक्ष्य

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com