Abhishek Sharma Statement on his Century vs DC IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ न केवल रनों का पहाड़ खड़ा किया, बल्कि अपनी भावनाओं से करोड़ों फैंस का दिल भी जीत लिया. 68 गेंदों में नाबाद 135 रनों की तूफानी पारी खेलकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने अभिषेक ने अपनी यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपनी बहन को समर्पित की है. मैच के बाद भावुक होते हुए अभिषेक ने बताया कि उनकी बहन इन्फेक्शन की वजह से स्टेडियम नहीं आ सकीं, इसलिए यह पारी और यह अवॉर्ड उनके लिए एक खास तोहफा है. अभिषेक ने कहा, "मेरी बहन आज यहां नहीं आ पाई क्योंकि उसे इन्फेक्शन हो गया था, तो यह शतक और जीत उसके लिए भी है."
Love performing for the Orange Army🧡💯
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 21, 2026
Abhishek Sharma delivers a stunning century and grabs the Orange Cap! 👑🔥#TATAIPL 2026 | #SRHvDC | LIVE NOW 👉 https://t.co/4WK6gbR70n pic.twitter.com/f9iWtaPoHs
अभिषेक ने अपनी इस कामयाबी के पीछे अपने पिता के कड़े अनुशासन और साथ का भी जिक्र किया. उन्होंने एक मजेदार खुलासा करते हुए बताया कि उनके पिता अंडर-12 के दिनों से ही हर मैच में उनके सामने बैठे रहते हैं और आज भी यह सिलसिला जारी है. अभिषेक ने कहा, "सच कहूं तो, मेरे पिताजी हमेशा स्क्रीन या स्टैंड्स में सामने बैठे रहते हैं. जब मैं नॉन-स्ट्राइकर छोर पर होता हूं, तो वे वहां से भी मुझे निर्देश देते हैं कि कैसे खेलना है. मैं चाहता हूं कि अगली बार कैमरा उनकी तरफ जाए, क्योंकि उनके हाव-भाव देखना वाकई मजेदार होगा."
इसी के साथ अभिषेक ने इस मैच में 10 चौके और 10 छक्के जड़कर टी20 क्रिकेट में अपना 9वां शतक पूरा किया और महान विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.
अभिषेक ने अपनी इस सफलता का श्रेय हैदराबाद के फैंस को भी दिया, जो होटल से लेकर मैदान तक टीम का उत्साह बढ़ाते हैं. अपनी शानदार बल्लेबाजी से क्रिस गेल और आरोन फिंच जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ने वाले अभिषेक ने साबित कर दिया कि वह जितने आक्रामक बल्लेबाज हैं, उतने ही जमीन से जुड़े इंसान भी हैं.
अभिषेक के 198 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी ने न केवल हैदराबाद को 47 रनों से जीत दिलाई, बल्कि टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा बार 130+ स्कोर बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अभिषेक के नाम कर दिया. अपने माता-पिता और दोस्तों के सामने इस तरह का प्रदर्शन करना अभिषेक के लिए इस आईपीएल सीजन का सबसे यादगार पल बन गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं