मशहूर बॉलीवुड और टीवी एक्टर राकेश बेदी इन दिनों धुरंधर को लेकर काफी चर्चा में हैं. फिल्म में उनकी काफी तारीफ हो रही है. अब तारीफ हो रही है तो फिर लोग उनके बारे में जानने में दिलचस्पी ले रहे हैं. ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं उनकी लव स्टोरी. ये लव स्टोरी काफी हटके है क्योंकि इसे असल में उनके रिश्तेदारों ने अरेंज करवाया था. राकेश बेदी की शादी अरेंज्ड थी, लेकिन पहली मुलाकात में ही आराधना को देख दिल हाल बैठे थे. इसे वह खुद भी पहली नजर का प्यार ही बताते हैं. दोनों की कहानी आज भी कई जोड़ों के लिए मिसाल है.
मामी-मौसी ने कराई पहली मुलाकात
राकेश बेदी और आराधना बेदी के रिश्ते की शुरुआत उनके रिश्तेदारों ने की थी. राकेश की मामी और आराधना की मौसी आपस में अच्छी दोस्त थीं. इन्हीं दोनों ने दोनों परिवारों में रिश्ते की बात चलाई और दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक-दूसरे के लिए परफेक्ट जोड़ी साबित होंगे. जब राकेश आराधना से मिलने गए तो उनकी सुंदरता देखते ही वे पहली नजर में ही उनके प्यार में पड़ गए. राकेश खुद बताते हैं कि अरेंज्ड मीटिंग में जाते ही उन्हें आराधना से प्यार हो गया. धीरे-धीरे यह अरेंज्ड रिश्ता सच्चे प्यार में बदल गया.

राकेश बेदी के ससुर को नहीं चाहिए था एक्टर दामाद
आराधना के माता-पिता को शुरू में राकेश के एक्टर होने पर आपत्ति थी, क्योंकि उस समय फिल्मी करियर को एक स्टेबल करियर नहीं माना जाता था. लेकिन बाद में वे भी मान गए और दोनों की शादी हो गई. आज उनकी शादी को 35 साल हो चुके हैं. राकेश और आराधना एक-दूसरे के सबसे बड़े सपोर्टर हैं. दोनों का साधारण परिवार और सरल स्वभाव ही उनके रिश्ते को मजबूत बनाए रखने का राज है. झगड़े तो हर किसी के बीच होते हैं लेकिन उन्होंने एक वादा किया है कि चाहे कुछ भी हो जाए, वे हमेशा एक-दूसरे के साथ रहेंगे और हर मुश्किल को साथ मिलकर पार करेंगे.
दो बेटियों के पिता हैं राकेश
राकेश और अराधना की दो बेटियां हैं – बड़ी रिधिमा और छोटी रितिका. राकेश अपनी दोनों बेटियों से बेहद प्यार करते हैं. साल 2022 में जब उनकी बड़ी बेटी रिधिमा की शादी हुई, तो एक दिलचस्प घटना घटी. शादी के बाद रिधिमा ने फोन करके बताया कि उनका टेडी बियर घर पर रह गया है. राकेश उसे दिल्ली ले जाने के लिए फ्लाइट में बैठे, तो पुरानी यादें ताजा हो गईं. वे बताते हैं, “फ्लाइट में बैठकर मैं अपनी बेटी के साथ बिताए सभी खूबसूरत पलों को याद करने लगा. आंखों में आंसू आ गए. आज भी इस बात को याद करके मेरी आंखें नम हो जाती हैं.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं