देश में थोक महंगाई एक बार फिर बढ़ती दिख रही है. वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से आज मंगलवार, 14 जुलाई को जारी प्रोविजनल आंकड़ों (Provisional Estimates) के मुताबिक, जून 2026 में वार्षिक आधार पर देश की WPI आधारित महंगाई दर बढ़कर 9.87% पर पहुंच गई है. इससे पिछले महीने, यानी मई 2026 में यह 9.68% दर्ज की गई थी. आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में सभी वस्तुओं (All Commodities) का इंडेक्स बढ़कर 110.2 हो गया, जो कि मई 2026 में 109.9 के स्तर पर था.
कैसे आइटम्स कितने महंगे हुए?
- प्राइमरी आर्टिकल्स (प्राथमिक वस्तुएं): इसमें फूड और नॉन-फूड दोनों शामिल होते हैं, वो सालाना महंगाई दर जून 2026 में तेजी से बढ़कर 7.0% हो गई, जो मई 2026 में 4.99% थी. जून में इसका इंडेक्स 116.1 दर्ज किया गया.
- ईंधन और बिजली (फ्यूल एंड पावर ): ईंधन और बिजली सेक्शन में महंगाई की दर सबसे ऊंची 27.41% रही, हालांकि ये मई (30.33%) के मुकाबले थोड़ी कम है. जून में इसका इंडेक्स 111.1 रहा.
- मैन्युफैक्चरर्ड प्रोडक्ट्स (निर्मित उत्पाद): इस क्षेत्र में कोई बदलाव नहीं देखा गया. मई की तरह जून 2026 में भी यह महंगाई दर 7.48% पर स्थिर रही. इसका सूचकांक 107.8 रहा.
खाने-पीने की चीजें कितनी महंगी हुईं?
आम जनता की जेब पर असर डालने वाले खाद्य उत्पादों (WPI Food Index) की महंगाई दर में भारी उछाल आया है. जून 2026 में खाद्य सूचकांक की महंगाई दर बढ़कर 6.14% हो गई, जो मई 2026 में 4.49% थी.
मंत्रालय के मुताबिक, इस महीने मुख्य रूप से 'मिनरल ऑयल्स' (पैट्रोलियम उत्पाद), 'खाद्य उत्पाद' (Food Articles), 'बेसिक मेटल्स' और 'केमिकल्स व केमिकल प्रोडक्ट्स' थोक महंगाई को बढ़ाने वाले प्रमुख फैक्टर रहे हैं.
मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार अप्रैल 2026 के अंतिम आंकड़ों (Final Estimates) में भी संशोधन किया गया है. अप्रैल महीने की थोक महंगाई दर, जो पहले अनंतिम अनुमानों में 8.26% बताई गई थी, उसे अंतिम रूप से संशोधित कर अब 8.36% कर दिया गया है. वहीं इंडेक्स भी 108.8 से बदलकर 108.9 हो गया है.
ये आंकड़े जून के हैं, जबकि जुलाई 2026 के आंकड़े 14 अगस्त 2026 को जारी किए जाएंगे. इनमें थोक मूल्य सूचकांक (WPI), आउटपुट प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (OPPI), और ट्रायल इनपुट प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (IPPI) के आंकड़े शामिल होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं