अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ फैसले पर रोक लगाने के बाद आज यानी 23 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है. हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार बढ़त दर्ज की गई. बाजार को पहले जिस 'ट्रेड वॉर' का डर था, वह अब कोर्ट के फैसले के बाद काफी कम हो गया है. सुबह 9:20 बजे तक BSE सेंसेक्स 516.24 अंकों (0.62%) की तेजी के साथ 83,330.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी-50 भी 150.70 अंकों (0.59%) के उछाल के साथ 25,721.95 के पार निकल गया.
वहीं शुरुआती कारोबार में बाजार में तेजी की रफ्तार बढ़ती गई.सुबह 9:30 बजे तक BSE सेंसेक्स 671.27 अंकों (0.81%) की शानदार तेजी के साथ 83,485.98 के स्तर पर पहुंच गया है.निफ्टी-50 भी पीछे नहीं रहा और 195.85 अंकों (0.77%) के उछाल के साथ 25,767.10 के लेवल पर ट्रेड करता नजर आया.
इन सेक्टर्स में दिख रही है सबसे ज्यादा चमक
बाजार में आज लगभग सभी सेक्टर्स में खरीदारी देखी जा रही है, लेकिन सरकारी बैंक (PSU Banks) सबसे ज्यादा मुनाफे में हैं और इनमें 1.13% की बढ़त दर्ज की गई है. इसके अलावा ऑटो और मेटल सेक्टर के शेयरों में भी 0.77% से 0.83% तक की तेजी बनी हुई है. हालांकि, आईटी (IT) और केमिकल सेक्टर में हल्की गिरावट देखी जा रही है.
छोटे और मझोले शेयरों (Midcap & Smallcap) में भी निवेशकों ने अच्छी रुचि दिखाई है, जिससे बाजार का पूरा माहौल पॉजिटिव बना हुआ है.
बाजार का यह मूड बता रहा है कि निवेशकों के बीच इस समय खुशी का माहौल है.अमेरिका से आई इस खबर ने वैश्विक व्यापार युद्ध (Trade War) के डर को फिलहाल कम कर दिया है, जिससे भारतीय बाजार को नई मजबूती मिली है.
अदाणी ग्रुप के शेयरों में भारी उछाल
आज यानी 23 फरवरी को बाजार की तेजी में अदाणी ग्रुप के शेयरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है. अदाणी ग्रुप के शेयरों में चौतरफा खरीदारी देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों का उत्साह काफी बढ़ा हुआ है. ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी Adani Enterprises के शेयर सुबह 9:50 बजे तक 1.69% की तेजी के साथ ₹2,197.30 पर ट्रेड कर रहे हैं. सबसे ज्यादा चमक Adani Ports में देखी जा रही है, जो 2.94% की जोरदार बढ़त के साथ ₹1,555.90 के स्तर पर पहुंच गया है. Adani Power के शेयरों में भी आज मजबूती बनी हुई है और यह 1.30% उछलकर ₹144.55 पर कारोबार कर रहा है.
पावर और एनर्जी सेक्टर,सीमेंट सेक्टर की अन्य कंपनियों की बात करें तो Adani Green Energy के शेयर 1.74% की बढ़त के साथ ₹985.10 पर बने हुए हैं. वहीं Adani Energy Solutions में भी 0.85% की हल्की तेजी दर्ज की गई है और यह ₹1,006.55 के लेवल पर टिका है. Ambuja Cements के शेयर 0.86% चढ़कर ₹516.40 पर पहुंच गए हैं, जबकि ACC Ltd में भी 0.56% की बढ़त के साथ ₹1,621.70 पर कारोबार हो रहा है.
एक्सपर्ट्स की राय
बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी कोर्ट का फैसला निश्चित रूप से एक पॉजिटिव खबर है, लेकिन बाजार में लगातार बढ़त के लिए यह अकेला कारण काफी नहीं होगा. निफ्टी के लिए 25,370 का लेवल एक मजबूत सपोर्ट का काम करेगा, जबकि 25,700 के ऊपर टिके रहने पर यह और ऊपर जा सकता है. अच्छी बात यह है कि पिछले कुछ दिनों की उठापटक के बाद अब बाजार धीरे-धीरे संभल रहा है.
विदेशी निवेशकों (FIIs) ने शुक्रवार को ₹935 करोड़ के शेयर बेचे थे, लेकिन घरेलू निवेशकों (DIIs) ने ₹2,637 करोड़ की बड़ी खरीदारी कर बाजार को संभाल लिया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं