अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई तेजी के साथ-साथ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ बम का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है. हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान के साथ हुई. बाजार खुलते ही बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सूचकांक सेंसेक्स करीब 210 अंक टूट गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 75 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जेनेरिक दवाओं के आयात पर भारी-भरकम टैरिफ (शुल्क) लगाने के ऐलान से वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारतीय शेयर बाजार में भी बड़ा भूचाल आ गया है. इस टैरिफ बम के कारण फार्मा कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है, जिससे हफ्ते के तीसरे दिन घरेलू बाजार में लगातार तीसरे सत्र में जोरदार गिरावट दर्ज की गई. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 400 अंकों से ज्यादा टूट गया, वहीं निफ्टी50 में भी 100 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई.
बाजार का शुरुआती हाल
सुबह 9:23 बजे बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 387 अंक (0.50%) की गिरावट के साथ 77,083.11 पर कारोबार कर रहा था. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 92.25 अंक (0.38%) फिसलकर 24,095.45 के स्तर पर आ गया. शेयर बाजार के साथ-साथ मुद्रा बाजार पर भी इसका असर दिखा और रुपया डॉलर के मुकाबले 0.1% गिरकर 96.3425 के स्तर पर खुला, जो पिछले सत्र में 96.2350 पर बंद हुआ था.
लाल निशान में ज्यादातर दिग्गज शेयर
सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर भारी गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे. प्रमुख गिरावट वाले शेयरों में इंटरग्लोबल एविएशन (इंडिगो), सन फार्मा, सिप्ला, एक्सिस बैंक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फिनसर्व और बीईएल शामिल रहे.
दूसरी तरफ, बिकवाली के इस माहौल में मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इटरनल जैसे शेयरों में मजबूती देखने को मिली.
क्यों गिरा बाजार और क्यों धड़ाम हुए फार्मा स्टॉक्स?
बाजार में इस बड़ी गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का फैसला है. डोनाल्ड ट्रंप ने वर्ष 2028 से जेनेरिक दवाओं के आयात पर 100% टैरिफ लगाने की घोषणा की है, जिसे आगे बढ़ाकर 200% तक किया जाएगा. इस फैसले से अमेरिका को निर्यात करने वाली भारतीय फार्मा कंपनियों की ग्रोथ और मुनाफे पर गहरा संकट मंडराने लगा है, जिसके चलते निफ्टी फार्मा इंडेक्स में 1% से ज्यादा की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.फार्मा के साथ-साथ ब्रॉडर मार्केट में भी कमजोरी रही, जहाँ निफ्टी मिडकैप में 0.34% और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.6% की गिरावट देखी गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं