विज्ञापन

'उन्हें पूजा-पाठ पसंद नहीं था और हमारा देसी अंदाज है', तलाक पर पहली बार खुलकर बोले तेज प्रताप यादव

आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव ने अपनी शादी और तलाक को लेकर पहली बार खुलकर बात की है. एक इंटरव्यू में उन्होंने ऐश्वर्या राय से रिश्ते में आई दूरियों की वजह बताई.

'उन्हें पूजा-पाठ पसंद नहीं था और हमारा देसी अंदाज है', तलाक पर पहली बार खुलकर बोले तेज प्रताप यादव
आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव तलाक को लेकर खुलकर बात की है.

राजनीतिक मंचों पर अपनी बेबाक शैली के लिए पहचान रखने वाले नेता तेज प्रताप यादव ने अब अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की है. एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने ऐश्वर्या राय के साथ अपने रिश्ते, तलाक के मामले और शादी टूटने की वजह पर विस्तार से चर्चा की. फिलहाल दोनों के बीच तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है.

2018 में हुई थी शादी

तेज प्रताप यादव की शादी साल 2018 में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय से हुई थी. यह शादी उस समय काफी चर्चा में रही थी. हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच मतभेद सामने आने लगे और रिश्ता टूटने की स्थिति तक पहुंच गया.

शादी टूटने की वजह क्या थी?

'भोजपुरी बवाल' शो में जब तेज प्रताप यादव से पूछा गया कि उनकी शादी का रिश्ता गड़बड़ा कैसे गया, तो उन्होंने कहा, "मेल नहीं खाया, तो गड़बड़ा गया. डिवोर्स का केस चल रहा है. मामला न्यायालय में है." उन्होंने आगे कहा, "हम पूजा पाठ करते थे, लेकिन उन्हें पूजा-पाठ पसंद नहीं थी. वो दिल्ली के कॉलेज से पढ़ीं और हमारा देसी अंदाज है, तो हमारी बनी नहीं."

अरेंज मैरिज थी, लव मैरिज नहीं

तेज प्रताप यादव ने इस दौरान उन चर्चाओं को भी खारिज किया जिनमें उनकी शादी को लव मैरिज बताया गया था. उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह अरेंज मैरिज थी और उन्होंने अपने माता-पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए शादी के लिए सहमति दी थी.

‘पूजा-पाठ और मंदिर जाने से रोक-टोक होती थी'

जब उनसे पूछा गया कि शादी को संभालने का मौका मिला था या नहीं, तो उन्होंने कहा, "हम लोग 3 महीने साथ रहे थे, फिर तलाक की अर्जी डाल दी थी. नहीं बन पाई थी हमारी, क्योंकि पूजा-पाठ करने से रोक-टोक करना. मंदिर जाने से रोक-टोक करना उन्हें पसंद नहीं था."

मारपीट के आरोपों पर क्या बोले?

इंटरव्यू में ऐश्वर्या राय द्वारा पहले लगाए गए मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा, "आरोप तो कोई कुछ भी लगा सकता है, लेकिन सबूत क्या है. वीडियो तो कई हमारे पास भी हैं. हमारे घर में लगे सीसीटीवी में उनकी सारी हरकतें रिकॉर्ड हुई हैं. मैंने कोर्ट में लगाई भी हैं."

दूसरी शादी पर भी दिया जवाब

जब उनसे पूछा गया कि तलाक अंतिम रूप से हो जाने के बाद क्या वह दूसरी शादी करेंगे, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में वह आगे सोचेंगे. फिलहाल उनका पूरा ध्यान जनता की सेवा पर है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी जिंदगी में किसी बात का पछतावा नहीं है और वह पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहते.

यह भी पढ़ें- पुणे में धर्मांतरण के आरोप पर ब्रिटिश नागरिक के खिलाफ FIR, नए कानून के तहत पहला मामला दर्ज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tej Pratap Yadav, Tej Pratap Yadav Girlfriend, Aishwarya Rai, Bihar Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com